तेज गर्मी में गन्ने का रस या आम के पन्ने की जगह पिए ये शरबत, शरीर को तुरंत मिलेगी ठंडक #Recipe

गर्मियों के मौसम में लोग अलग-अलग तरीके से बॉडी का टेम्परेचर मेंटेन रखने की कोशिश करते हैं। लोग ठंडक पाने के लिए गन्ने का रस और आम का पन्ना पीना पसंद करते है लेकिन अगर आप कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं तो खस का शरबत आजमा सकते हैं। ये ड्रिंक आपकी बॉडी में तत्काल ठंडक घोलने में काफी कारगर साबित हो सकता है। खस का शरबत आप बड़ी आसानी से घर पर बना सकते है। इसके लिए आप हमारे द्वारा नीचे बताई गई रेसिपी की मदद ले सकते हैं...

खस का शरबत के लिए सामग्री (Khas Ka Sharbat Ingredients)

खस एसेंस - 1 टी स्पन
चीनी - 2 कप
हरा फूड कलर - 1/2 टी स्पून
पानी - 2 गिलास
आइस क्यूब्स

खस का शरबत बनाने का तरीका (Khas Ka Sharbat Method)

- खस का शरबत बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन लें और उसमें 2 गिलास पानी डाल दें।
- इसके बाद पानी में 2 कप चीनी मिला दें।
- अब एक चम्मच की मदद से पानी को तब तक घोले जब तक कि चीनी और पानी दोनों एकसार न हो जाएं।
- अब चीनी के पानी में एक चम्मच खस का एसेंस डालें और चम्मच की मदद से उसे पानी में अच्छी तरह से मिला दें।
- जब खस का एसेंस पानी में अच्छे से मिल जाए तो चीनी के पानी में 1/2 टी स्पून ग्रीन फूड कलर मिलाकर मिक्स कर दें।
- इस तरह गर्मी में राहत पहुंचाने वाला खस का शरबत बनकर तैयार हो चुका है।
- जब भी आप खस का शरबत पीना चाहते हैं या किसी को सर्व करना चाहते हैं तो एक गिलास शरबत लें और उसमें आधा गिलास पानी मिक्स कर बर्फ डालकर पिएं या सर्व करें।