लॉकडाउन रेसिपी : ईद की लज्ज़त बढ़ाएगी 'किमामी सेवई'

आने वाले दिनों में ईद का त्यौंहार आने वाला हैं। हांलाकि इस बार लॉकडाउन के चलते ईद का माहौल वैसा नहीं रहने वाला जैसा हर साल रहता हैं। लेकिन सभी अपने घरों में कई तरह के व्यंजन बनाकर इसका आनंद उठा सकते हैं। इसलिए आज हम आपके लिए 'किमामी सेवई' बनाने की Recipe लेकर आए हैं। तो आइये जानते हैं इस Recipe के बारे में।

आवश्यक सामग्री

महीन सेवई - 250 ग्राम
खोया भुना हुआ - 250 ग्राम
काजू बारीक़ कटा हुआ - 4 चम्मच
बादाम बारीक़ कटा हुआ - 4 चम्मच
मखाना - 50 ग्राम
चिरौंजी - 3 चम्मच
छुहारा - 50 ग्राम
इलायची पाउडर - 1 चम्मच
ऑरेंज कलर - कुछ बून्द
घी - 25 ग्राम
चीनी - 250 ग्राम

बनाने की विधि

किमामी सेवई बनाने के लिए एक पैन में घी डालें। घी गरम होने पर धीमी आंच पर सेवई को गोल्डन फ़्राई कर लें। सेवई भुन जाएं तो प्लेट में निकाल लें। छुआरे के बीज निकाल कर इसके पतले स्लाइस कर लें। पैन में थोड़ा घी डालें और काजू, बादाम, मखाना, चिरौंजी और छुहारे को डालकर धीमी धीमी आंच पर गोल्डन फ़्राई करें।

चाशनी बनाने के लिए एक बड़े बर्तन में इलायची पाउडर, 250 ग्राम चीनी और डेढ़ कप पानी डालकर गरम करने के लिए रख दें। लगभग 10 मिनट बाद इसमें एक चुटकी फिटकरी मिला दें। चाशनी में फिटकरी मिलाने पर आपको कुछ सफ़ेद सा फैना अलग होते हुये दिखेगा उसे कलछी से निकाल दें, ऐसा करने से चाशनी एकदम साफ़ बनेगी। लगभग 10 से 15 मिनट बाद चाशनी को चेक करने के लिए चाशनी की 2 बूंद को दो उंगलियों से चिपकाकर देखें। अगर एक तार की चाशनी बनने लगे तो चाशनी तैयार है। इसमें 2 बूंद ऑरेंज कलर मिला दें।

चाशनी में भुना हुआ खोया, भुनी हुई सेवई और सभी सूखे मेवे को डालकर कलछी से लगातार चलाते रहें। जब यह मिश्रण सूखने लगे तो गैस बन्द कर दें। अब तीन कटोरी में किमामी सेवई को डालें और थोड़े कटे हुए मेवों से गार्निश कर सर्व करें।