छठ पूजा का नाम आते ही ठेकुआ की खुशबू और स्वाद याद आने लगता है। यह सिर्फ एक पकवान नहीं, बल्कि इस पर्व के प्रसाद का खास हिस्सा है। बिहार और आसपास के इलाकों में छठ के लिए घरों में अलग-अलग तरीके से ठेकुआ बनाए जाते हैं। कोई गुड़ डालकर इन्हें तैयार करता है, तो किसी को चीनी वाले ठेकुआ पसंद आते हैं। हालांकि, स्वाद अच्छा होने के बावजूद कई बार ठेकुआ जरूरत से ज्यादा सख्त बन जाते हैं। ऐसे में इन्हें चबाना मुश्किल हो जाता है और इनका मजा भी कम हो जाता है।
अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो इसकी वजह आटा गूंथने का सही तरीका न होना या मोयन की मात्रा कम होना हो सकता है। ठेकुआ का टेक्सचर काफी हद तक इस बात पर निर्भर करता है कि आपने आटे में घी किस तरह मिलाया है और आटा कितना सख्त रखा है। सही मात्रा में मोयन और सही तरीके से तैयार किया गया आटा ठेकुआ को खस्ता और मुलायम बनाने में मदद करता है। आइए जानते हैं ऐसी रेसिपी, जिससे घर पर स्वादिष्ट ठेकुआ तैयार किए जा सकते हैं।
गुड़ या चीनी – आधा कप
सूजी – आधा कप
गेहूं का आटा – 2 कप
सौंफ – 1 छोटी चम्मच
कटे हुए बादाम – 1 बड़ा चम्मच
कटी हुई किशमिश – 1 बड़ा चम्मच
कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल – 2 बड़े चम्मच
पिसी हुई हरी इलायची – 4
देसी घी – एक चौथाई कप (मोयन के लिए)
तलने के लिए घी या तेल
आटा गूंथने के लिए गुनगुना पानी
ठेकुआ सख्त न बनें, इसके लिए सबसे पहले मोयन पर ध्यान देना जरूरी है। आटे में घी कम डालने से ठेकुआ कड़े हो सकते हैं। इसलिए बताई गई मात्रा के अनुसार देसी घी का इस्तेमाल करें। घी को आटे में अच्छी तरह मिलाना भी उतना ही जरूरी है। केवल ऊपर से घी डाल देने से काम नहीं चलेगा, बल्कि उसे पूरे आटे में हाथों से रगड़कर मिलाना होगा।
दूसरी अहम बात है आटे की बनावट। ठेकुआ के लिए आटा रोटी के आटे की तरह बहुत मुलायम या चिकना नहीं गूंथना चाहिए। इसे हल्का भुरभुरा रखना बेहतर होता है। आटा बहुत ज्यादा गीला या नरम हो गया, तो ठेकुआ का मनचाहा खस्ता टेक्सचर नहीं मिलेगा।
सबसे पहले एक बड़े बर्तन या परात में गेहूं का आटा और सूजी डालें। अब इसमें सौंफ, कटे हुए बादाम, किशमिश, कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल और पिसी हुई इलायची मिला दें। सभी सूखी सामग्री को अच्छी तरह एक साथ मिला लें।
इसके बाद एक चौथाई कप देसी घी को पिघलाकर इस मिश्रण में डालें। अब हाथों से आटे को अच्छी तरह मसलते हुए घी मिलाएं, ताकि मोयन हर हिस्से में बराबर पहुंच जाए। इसे जांचने का एक आसान तरीका भी है। थोड़ा सा आटा हथेली में लेकर मुट्ठी बंद करें। अगर दबाने पर आटा आपस में बंधकर मुट्ठी का आकार लेने लगे, तो समझ लें कि घी अच्छी तरह मिल चुका है।
अब गुड़ या चीनी को गर्म पानी में घोल लें। इस मीठे पानी को धीरे-धीरे आटे में डालते हुए गूंथें। ध्यान रखें कि पूरा पानी एक साथ न डालें। आटे को इतना ही गूंथना है कि उससे ठेकुआ बनाए जा सकें। इसे रोटी के आटे की तरह बहुत मुलायम और चिकना न बनाएं। हल्की भुरभुरी बनावट बनाए रखना जरूरी है, ताकि तैयार ठेकुआ खस्ता बनें।
आटा तैयार होने के बाद उसमें से थोड़ा हिस्सा लेकर एक लोई बना लें। अब इस लोई को ठेकुआ बनाने वाले सांचे में रखें और हल्के हाथ से दबाएं। इससे ठेकुआ पर पारंपरिक डिजाइन उभर आएगा। इसी तरह पूरे आटे से एक-एक करके ठेकुआ तैयार कर लें।
अगर आपके पास ठेकुआ बनाने का सांचा नहीं है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप हाथों से भी इन्हें मनचाहा आकार दे सकते हैं। आकार देने के बाद कांटे की मदद से ठेकुआ की सतह पर डिजाइन बना दें। इससे बिना सांचे के भी ठेकुआ देखने में अच्छे लगेंगे।
ठेकुआ का स्वाद बढ़ाने के लिए इन्हें देसी घी में तलना अच्छा रहता है। अगर आप चाहें, तो आधा देसी घी और आधा रिफाइंड तेल मिलाकर भी इस्तेमाल कर सकते हैं। सबसे पहले कड़ाही में घी या तेल डालकर अच्छी तरह गर्म करें। इसके बाद इसे थोड़ा ठंडा होने दें, ताकि तलने के लिए तापमान बहुत ज्यादा न रहे।
जब घी या तेल मध्यम गर्म रह जाए, तो गैस की आंच मध्यम से धीमी कर दें। अब तैयार ठेकुआ सावधानी से कड़ाही में डालें। इन्हें धीमी आंच पर दोनों तरफ से पकने दें। बीच-बीच में पलटते रहें, ताकि ठेकुआ अंदर तक अच्छी तरह सिकें और बाहर से भी सुनहरे हो जाएं।
जब ठेकुआ दोनों तरफ से गोल्डन ब्राउन दिखाई देने लगें, तो इन्हें निकाल लें। सीधे प्लेट में रखने के बजाय कुछ देर जाली पर रखें, ताकि इनमें मौजूद अतिरिक्त घी या तेल नीचे निकल जाए। इसी तरीके से बाकी ठेकुआ भी तलकर तैयार कर लें।
सभी ठेकुआ तलने के बाद उन्हें पूरी तरह ठंडा होने दें। इसके बाद किसी साफ और एयरटाइट डिब्बे में भरकर रख दें। इस तरह रखे गए ठेकुआ करीब एक महीने तक स्टोर किए जा सकते हैं। छठ पूजा के लिए इन्हें पहले से बनाकर रखना हो, तो डिब्बे में भरने से पहले ठंडा करना न भूलें।