अगर सुबह के नाश्ते में कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ प्रोटीन से भरपूर भी हो, तो अंडा पोहा एक अच्छा विकल्प है। सामान्य पोहे में अंडे को शामिल करके इसे अलग स्वाद और पौष्टिकता दी जा सकती है। इसे तैयार करने में ज्यादा मेहनत नहीं लगती और इसमें घर में आसानी से मिलने वाली सामग्री का इस्तेमाल किया जाता है। अंडा पोहा बनाने के लिए पोहा, अंडे, सब्जियों, मसालों और मूंगफली की जरूरत होगी। आइए जानते हैं इसकी पूरी रेसिपी।
अंडा पोहा बनाने के लिए सामग्रीडेढ़ कप पोहा
3 अंडे
1 मध्यम आकार का प्याज
1 मध्यम आकार का टमाटर
2 हरी मिर्च
8-10 करी पत्ते
1 मुट्ठी भुनी हुई मूंगफली
1 मुट्ठी हरा धनिया
1 बड़ा चम्मच घी
1/4 छोटा चम्मच राई
1/4 छोटा चम्मच जीरा
1/4 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
1/4 छोटा चम्मच गरम मसाला
आधा छोटा चम्मच चीनी
आधे नींबू का रस
स्वादानुसार नमक
एक चुटकी काली मिर्च
पहले तैयार करें पोहाअंडा पोहा बनाने की शुरुआत पोहे से करें। इसे पानी में भिगोने के बाद धीरे से धो लें। इसके बाद पोहे को हल्के हाथों से अलग-अलग कर लें, ताकि इसमें गांठें न रहें। अब इसमें थोड़ा नमक, चीनी, नींबू का रस और हल्दी पाउडर डालकर धीरे से मिलाएं।
इसके बाद प्याज और टमाटर को मोटे टुकड़ों में काट लें। इन्हें चॉपर की मदद से भी काटा जा सकता है।
अंडे का मिश्रण बनाएंएक अलग कटोरे में तीनों अंडे फोड़ें। इसमें एक चुटकी नमक और ताजी कुटी हुई काली मिर्च डालकर अच्छी तरह फेंट लें। अंडे तैयार होने के बाद इन्हें कुछ देर के लिए अलग रख दें।
अब कड़ाही में एक बड़ा चम्मच घी गर्म करें। घी गर्म होने पर इसमें राई और जीरा डालें। इनके चटकने के बाद कटा हुआ प्याज डालकर पकाएं। प्याज को तब तक चलाते हुए भूनें, जब तक इसका रंग हल्का सुनहरा भूरा न हो जाए।
मसाले और अंडे डालकर पकाएंअब कड़ाही में करी पत्ता और कटी हुई हरी मिर्च डालें। इसके बाद कटे हुए टमाटर और थोड़ा नमक डालकर करीब एक मिनट तक पकाएं। अब हल्दी पाउडर और गरम मसाला डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें।
तैयार फेंटे हुए अंडे को कड़ाही में डालें और लगातार चलाते हुए करीब 1-2 मिनट तक पकाएं। अंडा हल्का पकने के बाद इसमें पहले से तैयार किया हुआ पोहा डालें।
ऐसे रखें पोहे को नरम और फूला हुआपोहा और अंडे को हल्के हाथों से मिलाएं। इसके बाद थोड़ा पानी छिड़ककर कड़ाही को ढक दें और गैस बंद कर दें। पोहे को करीब 2-3 मिनट ढका रहने दें। इससे पोहा सूखने के बजाय नरम और फूला हुआ बना रहेगा।
आखिर में इसमें भुनी हुई मूंगफली और कटा हुआ हरा धनिया डालें। सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाने के बाद अंडा पोहा परोसने के लिए तैयार है। इस तरह कम समय में पोहा और अंडे से बना स्वादिष्ट नाश्ता तैयार किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: रोज की चिकन करी से हो गए हैं बोर? बनाएं झटपट हरियाली चिकन