मुरमुरा लड्डू के साथ मनाएं लोहड़ी का जश्न, बनाने में नहीं आता जोर, हो जाते हैं फटाफट तैयार #Recipe

कई लोग होते हैं जिन्हें रोजाना मीठा खाने का चस्का लगा रहता है। अगर घर में मीठे के नाम पर कोई अलग डिश नहीं हो तो वे गुड़-चीनी से भी काम चला लेते हैं। फिर भी हम सर्दियों को देखते हुए आज आपके लिए एक ऐसी स्वीट डिश लेकर आए हैं, जिसे बनाकर आप स्टोर भी कर सकते हैं। यहां हम बात कर रहे हैं मुरमुरा लड्डू की। ये खाने में जितने स्वादिष्ट हैं, बनाने में भी उतने ही आसान हैं। खाने में बहुत हल्के और लो फैट वाले होते हैं। आम तौर पर दिवाली, लोहड़ी, मकर संक्रांति जैसे त्योहार पर इनका मजा लिया जाता है। उत्तर प्रदेश में मुरमुरे को लाई कहा जाता है। इन लड्डुओं को मात्र 30 मिनट में तैयार किया जा सकता है। इसमें घी का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं किया जाता। ये बच्चों को ज्यादा ही अच्छे लगते हैं।

सामग्री (Ingredients)

250 ग्राम मुरमुरा
750 ग्राम गुड़
1/2 कप पानी

विधि (Recipe)

- सबसे पहले एक पैन में पानी और गुड़ डालकर धीमी आंच पर पिघला लें।
- जब गुड़ पूरी तरह पिघल जाए तो आंच को बढ़ा दें और उसमें उबाल आने दें।
- इसे तेज आंच पर पकाएं। इसे जल्दी से मुरमुरे में मिला दें।
- इसे आंच से हटा लें और कुछ देर ठंडा होने दें।
- अगर मिश्रण थोड़ा चिपचिपा लगे तो हाथों में थोड़ा तेल लगा लें और लड्डू बनाएं।
- इन्हें ठंडा होने दें और सर्व करें। गुड़ और मुरमुरे के मिश्रण को ज्यादा ठंडा न होने दें।
- जब यह हल्का गरम हो तभी इसके लड्डू बनाकर तैयार कर लें।