त्योहारों के मौके पर घर में बनी मिठाई की बात ही अलग होती है। अगर इस बार बेसन के लड्डू कुछ अलग अंदाज में बनाने का मन है, तो दूध और मलाई वाली रेसिपी आजमा सकते हैं। इस तरीके में मावे की जरूरत नहीं पड़ती। बेसन, देसी घी, दूध, मलाई और बूरा मिलाकर तैयार किए गए ये लड्डू स्वाद में बेहद नरम बनते हैं। ऊपर से काजू-बादाम और इलायची डालने से इनकी खुशबू और स्वाद दोनों बढ़ जाते हैं।
लड्डू के लिए जरूरी सामग्रीइस रेसिपी के लिए 2 कप मोटा या दानेदार बेसन लें। मोटा बेसन उपलब्ध न हो तो सामान्य बेसन में थोड़ी सूजी मिलाई जा सकती है। इसके अलावा आधा कप दूध, आधा कप घर की मलाई, करीब 1 कप घी, बूरा या तगार, स्वादानुसार काजू-बादाम और इलायची पाउडर की जरूरत होगी।
सबसे पहले बेसन को करें भूनकर तैयारएक कड़ाही को गर्म करें और उसमें बेसन डालकर बिना घी के धीमी आंच पर भूनें। बेसन को लगातार चलाते रहें, ताकि वह नीचे से जले नहीं। करीब 10 मिनट तक भूनने के बाद जब बेसन का रंग थोड़ा बदलने लगे और उससे अच्छी भुनी हुई खुशबू आने लगे, तब इसे कड़ाही से निकालकर अलग रख दें।
घर पर ऐसे बनाएं तगारअगर आपके पास बूरा नहीं है, तो चीनी से घर पर तगार तैयार किया जा सकता है। इसके लिए 1 कप चीनी में आधा कप पानी मिलाकर धीमी आंच पर पकाएं। मिश्रण को लगातार चलाते रहना जरूरी है। धीरे-धीरे चाशनी सूखकर सफेद और दानेदार होने लगेगी। चाहें तो इसमें 1 चम्मच घी भी डाल सकते हैं।
जब तगार तैयार हो जाए और दाने जरूरत से ज्यादा बड़े लगें, तो उसे एक बार मिक्सी में हल्का चला सकते हैं।
दूध और मलाई से तैयार करें बेसन का मिश्रणअब भुने हुए बेसन में आधा कप दूध और आधा कप मलाई डालकर अच्छी तरह मिलाएं। मिश्रण को इस तरह तैयार करें कि यह मूंगदाल के हलवे जैसा गाढ़ा पेस्ट बन जाए।
दूसरी ओर काजू और बादाम को छोटे टुकड़ों में काट लें। साथ ही लड्डुओं में खुशबू के लिए इलायची पाउडर तैयार रखें।
घी के साथ दोबारा भूनना है जरूरीअब नॉन-स्टिक कड़ाही में 2 से 3 चम्मच घी डालकर गर्म करें। घी पिघलने के बाद तैयार बेसन का मिश्रण इसमें डाल दें। बेसन को मध्यम से धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें।
पूरी भुनाई के दौरान करीब 1 कप घी इस्तेमाल करना है, लेकिन इसे एक साथ डालने के बजाय थोड़ा-थोड़ा करके मिलाएं। बेसन को अच्छी तरह पकने में लगभग 15 से 20 मिनट लग सकते हैं। इस दौरान मिश्रण को लगातार चलाते रहें और जरूरत के अनुसार घी मिलाते रहें।
आखिर में तगार मिलाकर बनाएं लड्डूजब बेसन अच्छी तरह भुन जाए तो उसे एक बर्तन में निकाल लें। इसमें कटे हुए काजू-बादाम और इलायची पाउडर डालकर मिला दें। अब मिश्रण को इतना ठंडा होने दें कि उसे हाथ से संभाला जा सके।
इसके बाद इसमें तैयार तगार डालें और सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं। तैयार मिश्रण से मनचाहे आकार के गोल लड्डू बना लें। कुछ समय रखने के बाद लड्डू अच्छी तरह सेट हो जाएंगे।
इस तरह दूध और मलाई के साथ तैयार किए गए बेसन के लड्डू सामान्य बेसन लड्डू से अलग स्वाद और नरम बनावट वाले हो सकते हैं। त्योहार पर इन्हें घर में बनाकर परिवार के साथ परोसा जा सकता है।
यह भी पढ़ें: बिना सांचे के घर पर बनाएं बाजार जैसा जालीदार घेवर, नोट कर लें आसान रेसिपी