मलाई टोस्ट : सुबह-सुबह रहती है हड़बड़ाहट और जल्दी तो फटाफट तैयार होने वाली इस डिश पर जताएं भरोसा #Recipe

ब्रेकफास्ट का फायदा हर कोई जानता है। नाश्ता आपको दिनभर एनर्जी से भरपूर रख सकता है। कई बार वक्त कम होने के कारण सुबह ढंग से ब्रेकफास्ट बनाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में लगता है कि कोई ऐसी चीज हो जो फटाफट तैयार हो जाए। आज हम आपको ऐसी रेसिपी मलाई टोस्ट बताने वाले हैं, जिसे आप आसानी से 5 मिनट में ही बना सकते हैं। इसे बनाने के लिए सिर्फ 3 चीजों की ही जरूरत है और ज्यादा मेहनत भी नहीं लगेगी। बड़ों के साथ बच्चे भी इसे बहुत पसंद करेंगे। वे खुद भी इसे आराम से बना सकते हैं। अगर आपने अभी तक इस डिश को ट्राई नहीं किया है तो अब और देर नहीं करे। व्यस्तता के बावजूद इसके लिए टाइम निकाला जा सकता है। यह डिश काफी टेस्टी होती है।

सामग्री (Ingredients)

4 चम्मच मलाई
1 चम्मच चीनी
4 ब्रेड स्लाइस

विधि (Recipe)

- सबसे पहले टोस्टर में या तवे पर ब्रेड स्लाइस को सुनहरा होने तक टोस्ट कर लें।
- अब ब्रेड के ऊपर मलाई डालकर अच्छे से फैला लें।
- अब इसके ऊपर चीनी डालें। मलाई टोस्ट तैयार है।
- आप ब्रेड की जगह बाजार से लाए टोस्ट या रक्स भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
- इसे आप दूध या चाय के साथ सर्व करें।
- कई लोग मलाई के ऊपर चीनी की जगह हल्का नमक छिड़ककर खाना पसंद करते हैं।
- आप इसके ऊपर ड्राई फ्रूट्स या ड्राई चेरी भी डाल सकते हैं।
- आप ब्रेड, मलाई और चीनी का इस्तेमाल कर सैंडविच भी बना सकते हैं।