सूजी बेसन लड्डू : बढ़ जाएगा गणेशोत्सव का उल्लास जब इस मिठाई का मिल जाएगा साथ #Recipe

आज शनिवार (7 सितंबर) से 10 दिवसीय गणेशोत्सव की शुरुआत हो गई है। सब लोग गणेशजी को मनाने में जुट गए हैं, जिससे उनके पास ज्ञान और संपत्ति की कोई कमी न हो। ऐसे में घरों में अलग-अलग तरह के भोग बनाए जा रहे हैं। आज हम आपको एक ऐसी ही शानदार मिठाई की रेसिपी बताएंगे, जो गणेशजी को अर्पित की जा सकती है। यहां हम बात कर रहे हैं सूजी बेसन के लड्डू की। ये काफी लजीज होते हैं। वैसे भी माना जाता है कि गणेशजी को लड्डू अत्यंत प्रिय होते हैं, तो फिर इन्हें आजमाने में जरा भी देर नहीं करें। यह डिश आपके साथ आस-पड़ोस के लोगों का भी दिल जीत लेगी। हम आपको इसे तैयार करने की आसान विधि बता रहे हैं।

सामग्री (Ingredients)

2 कप बेसन
आधा कप बारीक रवा (सूजी)
1 कप घी
1 टेबल स्पून काजू-बादाम (कुटे हुए)
2-4 इलायची कुटी हुई
1 कप शक्कर

विधि (Recipe)

- कड़ाही में बेसन डालकर धीमी आंच पर भूनें। घी को एक साथ न डालें, बल्कि इसे पिघलाकर धीरे-धीरे बेसन में किनारों से डालते जाएं और चलाएं।
- बेसन को धीमी या मध्यम आंच पर लगाकर चलाते हुए पकाएं। ध्यान रहे इसे तेज आंच पर न भूनें, वरना बेसन जल जाएगा और लड्डू अच्छे नहीं बनेंगे।
- जब बेसन से खुशबू आने लगे और यह सुनहरा हो जाए तो आंच से उतार लें। अब एक चम्मच घी डालकर रवा (सूजी) को भी सुनहरा होने तक भूनकर निकाल लें।
- चीनी का पाउडर बना लें। बेसन और रवा जब ठंडे हो जाए तो एक बर्तन में निकालकर इसमें शक्कर का पाउडर, कुटे हुए काजू-बादाम, इलायची और घी डालकर मिलाएं।
- याद रखिए बेसन भूनते समय ही जरूरी नहीं है कि आप ढेर सारा घी डालें। यदि लड्डू बनाते समय घी कम लग रहा है तो मिश्रण में पिघला हुआ घी डालकर मिक्स कर सकते हैं।
- जब आप आपको लगे कि इसके लड्डू बन सकते हैं तो इससे लड्डू बनाते जाएं। रवा डालने से लड्डू दानेदार बनते हैं और मुंह में चिपकते भी नहीं हैं।
- काजू-बादाम और इलायची से इसका स्वाद और खुशबू बढ़ जाते हैं।