सहजन का पराठा : वीकेंड पर बना रहे हैं कुछ अलग खाने का मन तो इसे आजमाकर जरूर देखें #Recipe

आपने प्याज, आलू, मूली, गोभी, मेथी के पराठे तो खूब खाए होंगे लेकिन क्या कभी सहजन (Moringa) की पत्तियों का पराठा खाया है? यदि आपने अभी तक इसका मजा नहीं लिया है तो इस बार और पराठों के बजाय इस नई डिश का लुत्फ उठाकर देखें। इसका स्वाद सबसे हटकर और लाजवाब होता है। इसके साथ ही यह आपकी सेहत का भी दोस्त है। सहजन की पत्तियों को आटे में मिलाकर नमक, प्याज, मिर्च, अजवायन आदि डालकर बनाया जाता है। वीकेंड पर कुछ अलग खाने का मन बना रहे हैं तो यह शानदार विकल्प है। आपके घर आने वाले मेहमान को भी इसका जायका जरूर जमेगा। इसे अचार, दही, टोमैटो सॉस, धनिया की चटनी आदि के साथ खा सकते हैं।

सामग्री (Ingredients)

सहजन की पत्तियां - 3/4 कप
हरा प्याज - आधा कप कटा हुआ
हरी मिर्च - 1 बारीक कटी हुई
धनिया पत्ती - 1 बड़ा चम्मच
अदरक - एक टुकड़ा कटा हुआ
नमक - स्वादानुसार
लहसुन - आधा छोटा चम्मच
अजवायन, मंगरैल - आधा छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर - आधा छोटा चम्मच
अमचूर पाउडर - 1/4 चम्मच
चाट मसाला - 1/4 चम्मच
तेल या घी - पराठा सेकने के लिए
पानी

विधि (Recipe)

- सबसे पहले सहजन की पत्तियों को अच्छी तरह से पानी से साफ कर लें।
- एक बर्तन में आटा लें। इसमें सहजन की पत्तियों को डालकर मिक्स करें।
- अब कटा हुआ हरा प्याज, हरी मिर्च, धनिया पत्ती, अदरक, लहसुन, नमक, लाल मिर्च पाउडर,अमचूर पाउडर, चाट मसाला, अजवायन, मंगरैल डालकर मिलाएं।
- फिर थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर आटे को हल्का टाइट गूंथ लें। इसमें थोड़ा सा तेल भी डाल सकते हैं ताकि पराठा मुलायम बने।
- आटा गूंथने के बाद इसे गीले कॉटन के कपड़े से ढककर 15 मिनट के लिए रख दें। गैस चूल्हे पर तवा रखकर गरम करें।
- अब आटे की लोई लेकर पराठे के आकार में बेल लें। इसे तवे पर रखकर दोनों तरफ घी या तेल लगाते हुए सेकें।
- मीडियम आंच पर सेकेंगे तो पराठे कच्चे नहीं रहेंगे। तैयार है सहजन की पत्तियों के पराठे।