छेना गजा : पूरे देश के लोगों पर सिर चढ़कर बोलता है ओडिशा की पारंपरिक मिठाई का जादू #Recipe

कोई त्योहार हो या फिर खुशी का अवसर मिठाई बिना ये सब अधूरे हैं। जब कुछ मीठा खाते हैं तब ही मन तृप्त होता है। आज हम आपको ओडिशा की मशहूर पारंपरिक मिठाई छेना गजा की रेसिपी बताएंगे। भगवान जगन्नाथ को इसका प्रसाद चढ़ाया जाता है। यह मिठाई बहुत स्वादिष्ट होती है। हमारा मानना है कि आप इसे किसी हालत में मिस न करें। आप हमारे द्वारा बताई गई विधि की मदद से इसे घर पर ही आसानी से तैयार कर सकते हैं। किसी भी मौके पर इस स्वीट डिश का मजा लिया जा सकता है। इसे जो भी खाता है उस पर इसका जादू चल जाता है।

सामग्री (Ingredients)

1 लीटर दूध छेना बनाने के लिए
1 नींबू का रस
2 बड़ी चम्मच सूजी
2 कप चीनी
आधा कप पानी
1 छोटी चम्मच गुलाब जल
तेल तलने के लिए

विधि (Recipe)

- धीमी आंच में एक पैन में दूध गरम करने के लिए रखें और थोड़ा नींबू का रस निचोड़ें।
- जब दूध पूरा फट जाए तो आंच बंद कर दें और उसे एक साफ कपड़े में छानकर, ऊपर से ठंडा पानी डालें।
- अब कपड़े को बांधकर उसे अच्छी तरह दबाएं, जिससे फटे हुए दूध का सारा पानी निकल जाए। छेना तैयार है।
- छेने को एक प्लेट में निकालें और इसमें सूजी मिलाकर अच्छे से गूंथ लें।
- गूंथे हुए मिश्रण से 15 से 20 बॅाल्स बनाते हुए इन्हें मनचाहा आकार दें।
- अब दोबारा धीमी आंच में एक पैन में तेल गरम करने के लिए रखें।
- तेल के गरम होते ही सभी तैयार छेना बॅाल्स को सुनहरा होने तक दोनों साइड से तल लें और आंच बंद कर दें।
- चाशनी के लिए अब दोबारा एक दूसरे पैन में पानी और चीनी को मिलाकर 5 से 6 मिनट तक उबालें।
- चाशनी बनने के बिल्कुल 1 मिनट पहले गुलाब जल मिलाएं और आंच बंद कर दें।
- अब छेना बॅाल्स को तैयार चाशनी में डुबोएं ताकि बॅाल्स चाशनी को अच्छी तरह से सोक ले। तैयार है छेना गजा।