कीटो उपमा है हेल्दी डिश, सेहत को लेकर हैं बहुत ज्यादा सजग तो खाने में यह रहेगी बिल्कुल ठीक #Recipe

इन दिनों लोग अपनी सेहत को भी बहुत प्राथमिकता देने लगे हैं। कह सकते हैं कि वे फिटनेस फ्रीक होते हैं। नियमित रूप से योग-व्यायाम करने के साथ स्वास्थ्यवर्धक खाने का सेवन करना उनकी आदत में शुमार होता है। आज हम ऐसे लोगों को ध्यान में रखकर एक शानदार डिश कीटो उपमा के बारे में बताने जा रहे हैं। अगर आप डिनर में हेवी खाने के बजाय कुछ हेल्दी खाना चाह रहे हैं तो यह डिश बिल्कुल ठीक रहेगी। इसे बनाना बहुत आसान है। इसमें ढेर सारी सब्जियों को डाला जा सकता है। स्वाद के मामले में भी यह सुपरहिट है। हमें भरोसा है कि आपको यह डिश जरूर पसंद आएगी।

सामग्री (Ingredients)

1 फूल गोभी या ब्रोकली
2 बारीक कटी हरी मिर्च
आधा चम्मच बारीक कटी अदरक
1 चम्मच ऑलिव ऑयल
3-4 करी पत्ते
आधा चम्मच राई
आधा छोटी चम्मच लाल मिर्च या काली मिर्च पाउडर
नमक
चाट मसाला

विधि (Recipe)

- कीटो उपमा बनाने के लिए गोभी या ब्रोकली को मिक्सी में पीस लें। पेस्ट न बनाएं।
- आप इसमें प्याज, लाल व पीली शिमला मिर्च, गाजर और मटर भी डाल सकते हो।
- अब एक पैन में तेल डालें। इसमें करी पत्ता और राई डाल दें।
- अब इसमें बारीक कटी हरी मिर्च और अदरक डाल कर भूनें।
- इसमें हरा प्याज भी डाल सकते हैं। इसमें पिसी हुई गोभी या ब्रोकली डालें और धीमी आंच पर पकाएं।
- इसमें मिर्च पाउडर, चाट मसाला और नमक डाल कर अच्छे से मिक्स करें।
- अब इसमें भूनी हुई मूंगफली और बारीक कटा हरा धनिया भी डाल सकते हैं।
- इसे गरम-गरम सर्व करें। इसके साथ हरे धनिये की चटनी या दही भी खा सकते हैं।
- कई लोग इसमें भुनी हुई सूजी या रवा भी डालते हैं। इसके साथ मिक्स वेज रायता भी खा सकते हैं।