काचरी चटनी है राजस्थान की मशहूर डिश, चटपटा खाने के शौकीनों को लगता है जैसे मिल गई मनपसंद चीज #Recipe

खाने का स्वाद बढ़ाने के लिए कई तरीके आजमाए जाते हैं। कई लोग चटपटा खाने के बहुत शौकीन होते हैं। भोजन के साथ कई तरह की चटनी बनाई जाती है। यह स्वादिष्ट होने के साथ ही पौष्टिक भी रहती है। आपने पुदीना, धनिया, लहसुन और कई तरह की चटनियों का स्वाद लिया होगा लेकिन काचरी की चटनी के बारे में शायद ही सुना हो। यह लजीज होती है। राजस्थान में यह बहुत प्रसिद्ध है। ज्वार की रोटी, बाजरे की रोटी या पराठे के साथ इसे खाना बहुत सही रहेगा। इसे बनाना भी बहुत आसान है। अगर आपने इसे आज तक ट्राई नहीं किया है तो आप हमारे द्वारा बताई गई विधि को फॉलो कर हर प्रकार की मुश्किल से बच सकते हैं।

सामग्री (Ingredients)

2 कप सूखी काचरी
6 लाल साबुत मिर्च
6 लहसुन की कलियां
1 चम्मच जीरा पाउडर
स्वादानुसार नमक
2 चम्मच पुदीना पाउडर
1/2 चम्मच अमचूर पाउडर
2 चम्मच तेल

विधि (Recipe)

- सबसे पहले तो सूखी काचरी को छोटे टुकड़ों में काट लें। इसके बाद लहसुन की कलियों को भी छील लें।
- इसके बाद एक मिक्सर जार में काचरी के टुकड़े, साबुत लाल मिर्च और लहसुन की कलियों को डालें।
- अब इसे बारीक पीस लें। इसके बाद इसमें जीरा और पुदीना पाउडर डालें और अच्छे से मिक्स कर पीस लें।
- अब इन्हें एक बर्तन में निकाल लें। इसमें तेल, नमक और अमचूर पाउडर डालकर अच्छे से मिक्स करें।
- तैयार है काचरी की चटनी। दही में मिलाकर या फिर तेल में तड़का लगाकर भी इसे खाया जा सकता है।