नाश्ता भारतीय खाने की दिनचर्या का सबसे अहम हिस्सा माना जाता है और ऐसे में पराठा लगभग हर घर की पहली पसंद बन जाता है। आलू, गोभी और पनीर के पराठे तो अक्सर बनाए जाते हैं, लेकिन गर्मियों के मौसम में हल्का और स्वाद से भरपूर प्याज का पराठा एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है। इसका खास स्वाद हर किसी को पसंद आता है और इसे बनाना भी बेहद आसान है। बस थोड़ी सी सावधानी रखकर आप बिना फटे हुए परफेक्ट पराठा तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं घर पर स्वादिष्ट प्याज पराठा बनाने की आसान विधि।
सामग्री
गेहूं का आटा – 2 कप
प्याज – 2 (बारीक कटे हुए)
हरी मिर्च – 2 (बारीक कटी हुई)
हरा धनिया – बारीक कटा हुआ
अजवाइन – ½ छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – ½ छोटा चम्मच
चाट मसाला या अमचूर – ½ छोटा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
तेल या घी – पराठा सेकने और मोयन के लिए
स्टेप 1: आटा तैयार करेंसबसे पहले एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा लें। इसमें थोड़ा नमक और एक चम्मच तेल डालकर अच्छे से मिला लें। चाहें तो स्वाद बढ़ाने के लिए अजवाइन भी डाल सकते हैं। अब धीरे-धीरे पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें। आटा तैयार होने के बाद इसे ढककर लगभग 10 मिनट के लिए रख दें ताकि यह अच्छे से सेट हो जाए।
स्टेप 2: प्याज का मसाला तैयार करेंएक बाउल में बारीक कटे प्याज, हरी मिर्च और हरा धनिया डालें। इसके बाद इसमें अजवाइन, लाल मिर्च पाउडर और चाट मसाला मिलाकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। यह मिश्रण पराठे के स्वाद को और भी लाजवाब बना देता है।
स्टेप 3: पराठा बनाना शुरू करेंतैयार आटे से मध्यम आकार की लोइयां बना लें। एक लोई लेकर उसे हल्का सूखा आटा लगाकर पूरी की तरह बेल लें। अब बीच में 2-3 चम्मच प्याज का मिश्रण रखें और ऊपर से हल्का नमक छिड़क दें। इसके बाद किनारों को उठाकर अच्छे से बंद करें और इसे पोटली का आकार दें। हल्के हाथों से दबाकर फिर से बेल लें ताकि पराठा समान रूप से फैल जाए और फटे नहीं।
स्टेप 4: पराठा सेंकनातवा गैस पर गर्म करें और तैयार पराठा उस पर डाल दें। जब एक तरफ हल्का सुनहरा हो जाए तो उसे पलट दें। अब दोनों तरफ घी या तेल लगाकर सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेकें। हल्के हाथों से दबाते हुए इसे अच्छे से क्रिस्पी बना लें। तैयार होने के बाद इसे गर्मागर्म चाय, दही या चटनी के साथ परोसें और स्वाद का आनंद लें।