सर्दियों की विदाई के साथ ही मौसम बदलने लगता है, लेकिन सुबह की हल्की ठंड अब भी महसूस होती है। ऐसे में दिन की शुरुआत ऐसे नाश्ते से करना बेहतर रहता है जो पेट पर हल्का हो, स्वाद में लाजवाब हो और शरीर को पर्याप्त प्रोटीन भी दे। अगर आप भी हेल्दी और टेस्टी ब्रेकफास्ट की तलाश में हैं, तो मूंग दाल पनीर चीला आपके लिए शानदार विकल्प साबित हो सकता है। यह डिश न सिर्फ पौष्टिक है, बल्कि जल्दी तैयार भी हो जाती है। आइए, इसकी आसान रेसिपी विस्तार से जान लेते हैं।
जरूरी सामग्रीपीली मूंग दाल – 1 कप (2 से 3 घंटे तक भिगोई हुई)
पनीर – 100 से 150 ग्राम (अच्छी तरह मैश किया हुआ)
अदरक – 1 इंच का टुकड़ा
हरी मिर्च – 2
दही – 2 बड़े चम्मच (बैटर को मुलायम और फूला बनाने के लिए)
मसाले – नमक, एक चुटकी हींग, हल्दी, भुना जीरा पाउडर
बारीक कटी सब्जियां – प्याज, शिमला मिर्च, हरा धनिया
बैटर बनाने की विधिसबसे पहले भीगी हुई मूंग दाल का पानी निकालकर उसे छान लें। अब मिक्सर जार में दाल, अदरक, हरी मिर्च, हींग और थोड़ा-सा पानी डालकर बारीक और स्मूद पेस्ट तैयार कर लें। ध्यान रखें कि घोल ज्यादा पतला न हो। तैयार पेस्ट में दही, नमक और थोड़ी हल्दी मिलाएं। बैटर की कंसिस्टेंसी डोसा के घोल जैसी गाढ़ी होनी चाहिए, ताकि तवे पर आसानी से फैल सके।
स्टफिंग तैयार करने का तरीकाएक बाउल लें और उसमें मैश किया हुआ पनीर डालें। अब इसमें बारीक कटा प्याज, शिमला मिर्च और हरा धनिया मिलाएं। स्वाद बढ़ाने के लिए थोड़ा नमक और चुटकीभर चाट मसाला डालकर सभी चीजों को अच्छे से मिक्स कर लें। यह मिश्रण चीले के अंदर भरने के लिए तैयार है।
चीला सेंकने की प्रक्रियागैस पर नॉन-स्टिक तवा गरम करें और उस पर हल्का-सा तेल या घी लगाएं। जब तवा गर्म हो जाए, तो एक कड़छी बैटर डालकर उसे गोलाई में फैलाएं। कोशिश करें कि चीला न ज्यादा मोटा हो और न ही बहुत पतला।
अब किनारों पर थोड़ा-सा तेल या घी डालें और मध्यम आंच पर पकने दें। जब नीचे की सतह सुनहरी और कुरकुरी हो जाए, तो सावधानी से उसे पलट दें और दूसरी तरफ भी पकाएं।
स्टफिंग भरकर करें सर्वजब चीला दोनों तरफ से अच्छी तरह सिक जाए, तो आंच धीमी कर दें। अब चीले के बीच में तैयार पनीर की स्टफिंग रखें और उसे आधा मोड़ दें। हल्का-सा दबाकर एक मिनट और सेक लें, ताकि अंदर की स्टफिंग भी गर्म हो जाए।
गरमा-गरम मूंग दाल पनीर चीला हरी चटनी या दही के साथ परोसें। यह नाश्ता न सिर्फ पेट भरने वाला है, बल्कि प्रोटीन से भरपूर होने के कारण पूरे दिन के लिए ऊर्जा भी देता है।