अगर आप रोजाना एक जैसा नाश्ता खाकर बोर हो चुके हैं और कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पोषण से भी भरपूर हो, तो काले चने का डोसा आपके लिए बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है। आमतौर पर डोसा चावल और उड़द दाल से तैयार किया जाता है, लेकिन काले चने से बना डोसा स्वाद और सेहत दोनों के लिहाज से काफी खास माना जाता है। इसमें भरपूर मात्रा में प्रोटीन, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर को लंबे समय तक ऊर्जा देने में मदद करते हैं।
सुबह का नाश्ता पूरे दिन की ऊर्जा का आधार होता है। ऐसे में यदि आप हाई-प्रोटीन और हेल्दी ब्रेकफास्ट की तलाश में हैं, तो काले चने का यह डोसा आपकी डाइट में शानदार जगह बना सकता है। इसे बनाना आसान है और इसका स्वाद इतना बेहतरीन होता है कि बच्चे और बड़े सभी इसे पसंद करेंगे। आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी।
काले चने का डोसा बनाने के लिए जरूरी सामग्रीआधा कप काला चना
आधा इंच अदरक
2 हरी मिर्च
6 से 7 लहसुन की कलियां
1 छोटा चम्मच जीरा
स्वादानुसार नमक
एक मुट्ठी ताजा हरा धनिया
आधा कप सूजी
आधा कप दही
10 से 12 करी पत्ते
1 कप पानी
डोसा सेंकने के लिए आवश्यकतानुसार तेल या घी
काले चने का डोसा बनाने की आसान विधि
स्टेप 1: बैटर तैयार करेंसबसे पहले काले चनों को अच्छी तरह धोकर रातभर या कम से कम 8 घंटे के लिए पानी में भिगो दें। सुबह अतिरिक्त पानी निकालकर चनों को दोबारा साफ पानी से धो लें। अब इन्हें मिक्सर जार में डालें और साथ में अदरक, हरी मिर्च, लहसुन, जीरा, नमक, हरा धनिया, सूजी, दही, करी पत्ता और एक कप पानी मिलाकर अच्छी तरह पीस लें। बैटर एकदम मुलायम और स्मूद होना चाहिए। तैयार बैटर को लगभग 20 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि सभी सामग्री अच्छी तरह सेट हो जाए।
स्टेप 2: डोसा तैयार करेंअब मीडियम आंच पर तवा गर्म करें। यदि तवा नया है या चिपकने की संभावना है, तो उस पर हल्का सा तेल या घी लगा लें। इसके बाद एक कलछी बैटर तवे के बीच में डालें और कलछी की मदद से गोल-गोल घुमाते हुए पतला फैलाएं, ताकि डोसा समान रूप से पक सके।
स्टेप 3: डोसे को सुनहरा और कुरकुरा बनाएंडोसे के किनारों और ऊपर की तरफ थोड़ा-सा तेल या घी डालें। मध्यम आंच पर तब तक पकाएं, जब तक नीचे की सतह सुनहरी और कुरकुरी न हो जाए। चाहें तो इसे पलटकर दूसरी तरफ भी कुछ सेकंड तक सेक सकते हैं। तैयार डोसे को सावधानी से तवे से उतार लें और गरमागरम सर्व करें।
अगर आपको अलग-अलग तरह के डोसे खाना पसंद हैं, तो आप कटहल से बना डोसा भी ट्राई कर सकते हैं। इसका स्वाद भी काफी अलग और लाजवाब होता है।
दही की चटनी बनाने की आसान विधिकाले चने के डोसे के साथ दही की मसालेदार चटनी इसका स्वाद कई गुना बढ़ा देती है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले सिल-बट्टे, खलबट्टे या मिक्सर में लहसुन की कुछ कलियां, हरी मिर्च, जीरा और थोड़ा नमक डालकर दरदरा पीस लें। इसके बाद इसमें पुदीने की पत्तियां, ताजा हरा धनिया, थोड़ा नमक और हल्दी पाउडर मिलाकर एक बार फिर अच्छी तरह तैयार कर लें।
अब इस तैयार मसाला मिश्रण को एक कप ताजे दही में मिला दें। इसमें कद्दूकस किया हुआ खीरा और थोड़ा-सा कच्चा सरसों का तेल भी डालें। सभी सामग्री को अच्छी तरह मिक्स कर लें। आपकी स्वादिष्ट और ठंडी दही की चटनी तैयार है। इस चटनी को गरमा-गरम काले चने के डोसे के साथ परोसें और हेल्दी, हाई-प्रोटीन नाश्ते का आनंद लें।