अगर डिनर में रोज-रोज एक जैसी चिकन करी खाकर आप बोर हो चुके हैं, तो इस बार मेन्यू में हरियाली चिकन शामिल कर सकते हैं। ताजा हरा धनिया, पुदीना, हरी मिर्च, अदरक और लहसुन से तैयार मसाले इस डिश को अलग स्वाद देते हैं। खास बात यह है कि इसे बनाने की प्रक्रिया भी बहुत मुश्किल नहीं है।
हरियाली चिकन के लिए चिकन को हरे मसाले और दही के साथ मैरिनेट किया जाता है। इसके बाद इसे कड़ाही में भूनकर धीमी आंच पर पकाया जाता है। तैयार डिश में गाढ़ी ग्रेवी और हरे मसालों की खुशबू मिलती है। आइए जानते हैं इसे घर पर बनाने का आसान तरीका।
हरियाली चिकन बनाने के लिए सामग्रीचिकन - 500 ग्राम
ताजा हरा धनिया - 1 कप
ताजा पुदीना - 1/2 कप
हरी मिर्च - 3-4
अदरक - 1 इंच
लहसुन - 7-8 कलियां
गाढ़ा दही - 1/2 कप
नींबू का रस - 1 चम्मच
जीरा पाउडर - 1 चम्मच
धनिया पाउडर - 1 चम्मच
गरम मसाला - 1/2 चम्मच
काली मिर्च पाउडर - 1/2 चम्मच
नमक - स्वादानुसार
तेल या घी - 3-4 बड़े चम्मच
ऐसे तैयार करें हरा मसालासबसे पहले मिक्सर जार में हरा धनिया, पुदीना, हरी मिर्च, अदरक और लहसुन डालें। इसमें थोड़ा पानी या एक चम्मच दही मिलाकर बारीक पीस लें। ध्यान रखें कि पेस्ट अच्छी तरह चिकना हो जाए।
चिकन को करें मैरिनेटएक बड़े बर्तन में साफ किए हुए चिकन के टुकड़े लें। इसमें तैयार हरा पेस्ट डालें। इसके बाद फेंटा हुआ दही, नींबू का रस, जीरा पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला, काली मिर्च और नमक मिला दें।
सारी सामग्री को चिकन के साथ अच्छी तरह मिलाएं, ताकि मसाला सभी टुकड़ों पर समान रूप से लग जाए। बर्तन को ढककर चिकन को कम से कम 30 मिनट से 1 घंटे तक फ्रिज में मैरिनेट होने दें।
कड़ाही में ऐसे पकाएं चिकन
अब कड़ाही या पैन में तेल या घी गर्म करें। इसमें मैरिनेट किए हुए चिकन के टुकड़े डालकर मध्यम से तेज आंच पर करीब 7-8 मिनट भूनें। चिकन का रंग हल्का सुनहरा होने लगे तो अगला स्टेप करें।
अब बचे हुए मैरिनेशन वाले मिश्रण को कड़ाही में डालें और लगभग आधा कप पानी मिलाएं। सब कुछ अच्छी तरह मिलाकर आंच धीमी कर दें। कड़ाही को ढककर चिकन को 15-20 मिनट तक पकाएं। बीच-बीच में इसे चलाते रहें, ताकि मसाला नीचे चिपके नहीं।
जब चिकन अच्छी तरह पक जाए और ग्रेवी गाढ़ी होकर किनारों से तेल छोड़ने लगे, तब गैस बंद कर दें। इस तरह घर पर खुशबूदार हरियाली चिकन तैयार हो जाएगा, जिसे डिनर में परोसा जा सकता है।