गुड़ के मालपुए : इसकी मिठास से खुश हो जाएंगी देवी मां, पूरी होंगी भक्तों की मनोकामनाएं #Recipe

शारदीय नवरात्रि जारी है और सब पर देवी मां की भक्ति का सुरूर छाया हुआ है। मां को मनाने के लिए तरह-तरह के जतन किए जा रहे हैं। उन्हें अलग-अलग भोग लगाया जाता है। माना जाता है कि मां को गुड़ और गुड़ से बनी चीजें पसंद हैं। वह गुड़ से बनी चीजों का भोग लगाने से प्रसन्न होती हैं और सभी मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं। आज हम आपको गुड़ से बने मालपुए की रेसिपी बताने जा रहे हैं। यह बहुत टेस्टी होते हैं। इस स्वीट डिश को खाने वाले सब लोगों का मन खुश हो जाएगा। वे चाहेंगे कि और दिनों में भी उन्हें यह स्वादिष्ट चीज खाने को मिल जाए। इन्हें बनाना भी बेहद आसान है।

सामग्री (Ingredients)

आधा कप गुड़ कद्दूकस किया हुआ
1 कप गेहूं का आटा
आधा चम्मच सौंफ
तीन चौथाई चम्मच इलायची पाउडर
आधा चम्मच फ्रूट सॉल्ट
आधा चम्मच देसी घी
आधा चम्मच इलायची पाउडर
कटे हुए पिस्ता

विधि (Recipe)

- सबसे पहले एक नॉन-स्टिक पैन में एक चौथाई पानी गरम करके उसमें गुड़ डालकर मध्यम आंच पर गुड़ पिघलने तक पकाएं।
- इसके बाद गैस बंद करके इसे थोड़ा ठंडा होने के लिए अलग रख दें।
- अब एक बर्तन में गेहूं का आटा और सौंफ डालकर अच्छी तरह से मिला लें ताकि इसमें कोई गांठ न रह जाए।
- इसके बाद इसमें इलायची पाउडर, फ्रूट सॉल्ट और 2 चम्मच पानी डालकर इसे अच्छी तरह मिला लें।
- अब एक नॉन-स्टिक तवे को गरम करके उस पर घी लगाकर उसे चिकना कर लें।
- अब इस तवे पर एक छोटा चम्मच घोल डालकर गोल आकार देते हुए समान रूप से तवे पर फैला लें।
- अब मालपुआ को दोनों तरफ से सुनहरा होने तक घी में पकाएं।
- मालपुआ के घोल से ऐसे ही सारे मालपुआ तैयार कर लें। अब इसे इलायची पाउडर और कटे हुए पिस्ते से गार्निश कर लें।