घर पर तैयार करें मजेदार भेलपूरी, स्वाद ऐसा कि बच्चे भी कहें—एक प्लेट और!

चटपटा, खट्टा-मीठा और हल्का तीखा स्वाद अगर आपको लुभाता है तो भेलपूरी का नाम सुनते ही मुंह में पानी आना तय है। अक्सर इस स्वाद का मजा लेने के लिए हमें बाहर ठेले या बाजार का रुख करना पड़ता है, लेकिन अब ऐसा करने की जरूरत नहीं। आप बेहद आसान तरीके से कुछ ही मिनटों में घर की रसोई में ताजी और स्वादिष्ट भेलपूरी बना सकते हैं। खास बात यह है कि इसे तैयार करने के लिए किसी महंगी या दुर्लभ सामग्री की आवश्यकता नहीं होती और न ही ज्यादा समय खर्च करना पड़ता है।

किन-किन चीजों की होगी जरूरत?


घर पर चटपटी भेलपूरी तैयार करने के लिए सबसे पहले 1–2 कप मुरमुरे ले लें। इसके अलावा 2 बारीक कटे टमाटर, 2 उबले और टुकड़ों में कटे आलू, 1 बारीक कटा प्याज, 1–2 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई) और थोड़ा सा ताजा हरा धनिया रखें।

स्वाद को और उभारने के लिए आधा कप मिक्सचर नमकीन, 1 टेबल स्पून हरी चटनी (या सॉस), 1 टेबल स्पून मीठी चटनी, 1 टी स्पून नींबू का रस, स्वादानुसार नमक, चुटकीभर लाल मिर्च पाउडर और ऊपर से सजाने के लिए बारीक सेव भी तैयार रखें। इन सबके मेल से भेलपूरी का स्वाद कई गुना बढ़ जाता है।

बनाने की आसान विधि

सबसे पहले उबले आलुओं का छिलका हटाकर उन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। इसके बाद प्याज, टमाटर और हरी मिर्च को अच्छी तरह धोकर बारीक काट लें।

अब एक बड़ा मिक्सिंग बाउल लें और उसमें मुरमुरे डालें। इसके ऊपर कटे हुए टमाटर, आलू, प्याज और हरी मिर्च मिलाएं। फिर नमकीन, हरी चटनी, मीठी चटनी, नमक और लाल मिर्च पाउडर डालें। आखिर में नींबू का रस और ताजा कटा हरा धनिया डालकर सभी सामग्री को अच्छे से मिला लें, ताकि हर कौर में खट्टा-मीठा और मसालेदार स्वाद संतुलित रूप से आए।

परोसते ही छा जाएगा स्वाद

सारी सामग्री को मिलाने के तुरंत बाद भेलपूरी सर्व करें, ताकि मुरमुरों की कुरकुराहट बरकरार रहे। चाहें तो ऊपर से थोड़ी बारीक सेव डालकर इसे और आकर्षक बना सकते हैं।

घर में बनी यह भेलपूरी बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी को खूब पसंद आएगी। एक बार स्वाद चखने के बाद यकीनन बच्चे इसे बार-बार बनाने की जिद करेंगे।

सबसे बड़ी बात, घर पर तैयार भेलपूरी ज्यादा सुरक्षित और साफ-सुथरी होती है। बाजार की भेलपूरी में स्वच्छता को लेकर अक्सर संदेह बना रहता है, जिससे स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है। ऐसे में घर की रसोई में बनी ताजी भेलपूरी स्वाद के साथ-साथ सेहत का भी ख्याल रखती है।