अगर आपके बच्चे भी हर शाम पिज्जा, बर्गर या दूसरे फास्ट फूड खाने की जिद करने लगते हैं और बार-बार बाहर से खाना मंगाने की डिमांड करते हैं, तो अब आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप बेहद कम समय में घर पर ही स्वादिष्ट और चीज़ से भरपूर पिज्जा ब्रेड बॉम्ब तैयार कर सकते हैं। बाहर मिलने वाले स्नैक्स की तरह इसका स्वाद भी लाजवाब होता है और इसे बनाना भी काफी आसान है। बच्चों से लेकर बड़ों तक, हर किसी को यह स्नैक खूब पसंद आएगा। आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी।
पिज्जा ब्रेड बॉम्ब बनाने के लिए सामग्री4-5 ब्रेड स्लाइस (किनारे हटाए हुए)
1 बड़ा चम्मच बटर
2 बड़े चम्मच तेल
1 इंच अदरक (बारीक कटा हुआ)
2 लहसुन की कलियां (बारीक कटी हुई)
आधी लाल शिमला मिर्च (बारीक कटी हुई)
आधी हरी शिमला मिर्च (बारीक कटी हुई)
1 बड़ा उबला हुआ आलू (कद्दूकस किया हुआ)
150 ग्राम कद्दूकस किया हुआ चीज़
2 बड़े चम्मच मेयोनेज़
1 छोटा चम्मच सूखा ओरिगैनो
चीज़ के कुछ छोटे-छोटे क्यूब्स
आधा छोटा चम्मच टोमैटो केचप
स्वादानुसार कुटी हुई लाल मिर्च
थोड़ा-सा बारीक कटा हरा धनिया
पिज्जा ब्रेड बॉम्ब बनाने की विधिसबसे पहले एक पैन में तेल गर्म करें। तेल गर्म होने के बाद उसमें बारीक कटा अदरक और लहसुन डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें। इसके बाद लाल और हरी शिमला मिर्च डालें और कुछ मिनट तक पकाएं, ताकि सब्जियां हल्की नरम हो जाएं और उनकी खुशबू आने लगे।
अब इसमें कद्दूकस किया हुआ उबला आलू डालें और सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाते हुए करीब एक मिनट तक पकाएं। इसके बाद तैयार मिश्रण को एक बाउल में निकाल लें। जब मिश्रण थोड़ा ठंडा हो जाए, तब उसमें कद्दूकस किया हुआ चीज़, मेयोनेज़ और ओरिगैनो डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। बेहतर टेक्सचर के लिए इस मिश्रण को कुछ देर फ्रिज में रख दें, ताकि यह हल्का सख्त हो जाए।
अब फ्रिज से मिश्रण निकालें और उसके छोटे-छोटे हिस्से बना लें। हर हिस्से के बीच में उंगली से हल्का गड्ढा बनाकर उसमें चीज़ का एक छोटा क्यूब रखें। इसके बाद मिश्रण को चारों तरफ से अच्छी तरह बंद करते हुए गोल बॉल का आकार दें। इसी तरह पूरे मिश्रण से एक-एक करके सभी चीज़ी बॉल तैयार कर लें।
अब ब्रेड स्लाइस के किनारों को हटाकर उन्हें बेलन की मदद से थोड़ा पतला कर लें। हर ब्रेड स्लाइस को हल्का-सा पानी लगाकर नरम करें। फिर उसके बीच में तैयार चीज़ बॉल रखें और ब्रेड को चारों ओर से अच्छी तरह बंद करते हुए गोल आकार दें। ध्यान रखें कि कहीं भी कोई हिस्सा खुला न रहे, ताकि तलते समय स्टफिंग बाहर न निकले।
एक कड़ाही में तेल गर्म करें और तैयार ब्रेड बॉम्ब को मध्यम आंच पर डीप फ्राई करें। इन्हें चारों तरफ से पलटते हुए तब तक तलें, जब तक इनका रंग सुनहरा और कुरकुरा न हो जाए। तलने के बाद इन्हें टिश्यू पेपर पर निकाल लें, ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए।
अब एक छोटे पैन में बटर गर्म करें। इसमें ओरिगैनो, कुटी हुई लाल मिर्च और बारीक कटा हरा धनिया डालें। गैस बंद कर दें और इस बटर मिश्रण में तैयार ब्रेड बॉम्ब डालकर हल्के हाथों से अच्छी तरह कोट कर लें। इससे इनका स्वाद और भी शानदार हो जाएगा।
गरमा-गरम चीज़ी पिज्जा ब्रेड बॉम्ब अब परोसने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इन्हें टोमैटो केचप, चिली सॉस या अपनी पसंदीदा डिप के साथ सर्व करें। चाहें तो स्टफिंग में स्वीट कॉर्न, ऑलिव, प्याज, मशरूम या अपनी मनपसंद सब्जियां मिलाकर इसका स्वाद और भी बेहतरीन बना सकते हैं।