सेब का हलवा : जब भी आती है स्वाद और सेहत की बात, तो क्या हो सकती है इससे बढ़िया चीज #Recipe

सेब खाने के कई फायदे होते हैं, ये बात हम सब जानते हैं। सेब फाइबर, विटामिन और मिनरल सहित कई पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इससे इम्यूनिटी मजबूत होती है। मोटापा कम होता है। कहा भी जाता है कि अगर रोजाना एक सेब खाया जाए तो बीमारी आपके आस-पास नहीं फटकेगी। बड़े तो इसका महत्व जानते हैं लेकिन बच्चे सेब खाने से बचते हैं। उन्हें इसका स्वाद ज्यादा आकर्षित नहीं करता। ऐसे में आप उन्हें सेब का हलवा बनाकर दे सकते हैं। यह बहुत टेस्टी और हेल्दी होता है। इसे बनाना भी बेहद आसान है। इस समय सेब का सीजन शुरू हो चुका है और यह सेहत बनाने के लिए बेहतरीन समय है। ऐसे में इस रेसिपी को जरूर ट्राई करें। इसका रंग गाजर के हलवे जैसा होता है।

सामग्री (Ingredients)

4 बड़े सेब
2 चम्मच घी
10 काजू
¼ कप चीनी
¼ दालचीनी पाउडर

विधि (Recipe)

- सबसे पहले सेब लें। इन्हें धोकर काट लें और फिर बीच से बीज हटा दें।
- अब सेब को कद्दूकस कर लें। अब एक कड़ाही लें और उसमें 2 चम्मच घी डालें।
- घी में काजू डालकर रोस्ट कर लें और निकाल लें। अब इस घी में कद्दूकस किया हुआ सेब डाल दें।
- सेब को 5 मिनट तक हाई फ्लेम पर भूनें और फिर करीब 10 मिनट तक और भूनें।
- जब सेब का पानी सूख जाए तो इसमें 1/4 कप चीनी मिक्स कर दें।
- आप चाहें तो हलवा में पीला या नारंगी फूड कलर भी मिला सकते हैं।
- अब हलवा को गाढ़ा होने तक भूनते रहें। इसके बाद इसमें दालचीनी पाउडर डालकर मिक्स कर दें।
- सेब के हलवा में फ्राई किए गए काजू डाल दें और प्लेट में निकालकर सर्व करें।