आलू-दही का रायता : आपकी भूख के साथ बढ़ा देगा खाने का भी स्वाद, मेहमानों को भी आएगा पसंद #Recipe

आलू किचन का अहम हिस्सा होता है। अधिकतर घरों में आए दिन आलू की कोई न कोई डिश तैयार की जाती है। आलू कभी किसी सब्जी के साथ इस्तेमाल किया जाता है तो कभी अकेला। आज हम आपको आलू और दही का रायता बनाना बताएंगे। वैसे तो आपने कई तरह का रायता खाया होगा, लेकिन यह आपको बहुत खास एहसास देगा। यह आपकी भूख के साथ खाने का स्वाद भी बढ़ा देगा। यह बनाने में बेहद आसान है और कम समय में बनकर तैयार हो जाता है। घर के सभी सदस्यों को इसका स्वाद भाएगा। इसे आप पूरी, पराठा और रोटी के साथ खा सकते हैं। घर आने वालों मेहमानों को भी इसके जायके से रूबरू कराया जा सकता है। गर्मी के मौसम के लिए यह बहुत अच्छी चोइस है।

सामग्री (Ingredients)

2 बड़े चम्मच तेल
1 चम्मच जीरा
आधा चम्मच हींग
2 से 3 बड़े आलू (उबले हुए)
2 हरी मिर्च और हरा धनिया बारीक कटा हुआ
150 ग्राम दही
3 कलियां लहसुन कटी हुई
3 कलियां लहसुन और एक लाल सूखी मिर्च का पेस्ट
नमक स्वादानुसार

विधि (Recipe)

- सबसे पहले आलू उबाल लें। इसके बाद दही में लहसुन और लाल सूखी मिर्च का पेस्ट, नमक डाल दें।
- अब इसमें उबले हुए आलू के टुकड़े भी डालें। एक दूसरे पैन में तेल गरम करें।
- इसमें जीरा, हींग और कटा हुआ लहसुन डाल कर तड़का लगाएं।
- फिर इसे तैयार आलू-दही में डाल दें। इसके बाद इसमें ऊपर से हरी मिर्च और हरा धनिया डाल दें।
- फिर इस सारी सामग्री को अच्छी तरह मिलाएं।
- थोड़ा सा पानी डालें ताकि यह ज्यादा गाढ़ा या ज्यादा पतला न हो। आपका रायता तैयार है।