परिवार संग घूमने के लिए बेस्ट हैं ये 4 जगहें, अध्यात्म के साथ भरपूर मस्ती

कोरोना का समय जारी हैं और कई क्षेत्रों में लॉकडाउन लगाया गया हैं। ऐसे में घर में रहकर तनाव उत्पन्न होने लगता हैं। इस तनाव को दूर करने के लिए स्थिति सामान्य होने के बाद घूमने जाया जा सकता हैं। घूमने के लिए ऐसी जगहों का चुनाव जरूरी होता हैं जहां अध्यात्म के साथ मस्ती भी हो सके ताकि बुजुर्गों से लेकर बच्चों को भी घूमने का मजा आ सके। ऐसे में आज हम आपके लिए कुछ ऐसी जगहें लेकर आए हैं जो परिवार संग घूमने के लिए बेहतरीन साबित होगी।

ऋषिकेश

उत्तराखंड में स्थित ऋषिकेश भी परिवार संग घूमने के लिए काफी सही जगह है। देवभूमि होने की वजह से यहां लोगों की काफी श्रद्धा जुड़ी है। यहां कई प्राचीन मंदिर हैं, जहां आप दर्शन के लिए जा सकते हैं। इसके अलावा यहां आप रिवर राफ्टिंग, बंजी जंपिंग, फ्लाइयिंग फॉक्स, क्लिफ डाईविंग जैसी कई एक्टिविटी भी कर सकते हैं। यहां पर लक्ष्मण झूला जा सकते हैं, और साथ ही नदी किनारे कैंपिंग करने का तो यहां अलग ही मजा है।

हंपी

परिवार संग घूमने के लिए हंपी से अच्छी जगह शायद ही कोई और हो। ये बेहद शांत जगह है, लोग यहां सुकून के पल बिताने आते हैं। यहां आप मंदिरों, ऐतिहासिक जगहों और पौराणिक कहानियों को जान सकते हैं। इसके अलावा यहां आप तुंगभद्रा नदी के किनारे बसे हंपी में परिवार संग रॉक क्लाइंबिंग के मजे ले सकते हैं। साथ ही सनापुर झील में कोरेकल नाव में बैठकर परिवार संग सैर भी की जा सकती है।

पुष्कर

राजस्थान में स्थित पुष्कर घूमने के लिहाज से काफी सही जगह है। यहां आपको अध्यात्म और मस्ती दोनों मिल सकते हैं। यहां भारत का एकमात्र ब्रह्म मंदिर है। यहां हर सुबह मंत्रोच्चारण किया जाता है और शाम को वराह घाट पर आरती होती है। इसके अलावा यहां आप रत्नगिरी पर्वत पर सावित्री मंदिर में दर्शन कर सकते हैं और साथ ही इस पहाड़ी से कुदरत के कई नजारे देखे जा सकते हैं और यहां हाइकिंग के मजे भी आप ले सकते हैं।

महाबलेश्वर

महाबलेश्वर की मुंबई से दूरी लगभग 260 किलोमीटर है। यहां आप परिवार संग मौज-मस्ती कर सकते हैं। यहां से 25 किलोमीटर की दूरी पर ही आप प्रतापगढ़ किले का दीदार कर सकते हैं। वहीं, यहां से पांच किलोमटीर की दूरी पर राजापुरी की रहस्यमयी गुफाएं हैं और यहां भगवान कार्तिकेय का मंदिर भी है। वहीं, महाबलेश्वर शिव मंदिर के भी आप दर्शन कर सकते हैं। इसके अलावा आप यहां वैलिन्ग्तन पॉइंट, कॉट पीक, वेना झील पर शिकारा की सवारी आप कर सकते हैं।