पर्यटकों को लुभाता हैं नवाबों का शहर लखनऊ, जानें यहां की देखने लायक मशहूर जगहें

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ को नवाबों का शहर कहा जाता हैं जिसे अपनी नजाकत और तहजीब के लिए जाना जाता है। यहां संस्कृति, साहित्य और कला का अद्भुत संगम देखने को मिलता हैं और खानपान की बात की जाए तो यहां के नॉनवेज का जवाब ही नहीं हैं। एक ऐसा शहर है जो अपने आकर्षक पर्यटन स्थलों से पर्यटकों के चेहरे पर एक अनोखी मुस्कान छोड़ देता है। वहीँ लोगों के बोलने के लखनवी अंदाज के तो आप दीवाने हो जाएंगे। हर साल लाखों लोग इस शहर की खूबसूरती को देखने पहुंचते हैं। आज इस कड़ी में हम आपको लखनऊ की कुछ मशहूर जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं जो पर्यटन के लिए जानी जाती हैं। आइये जानते हैं इनके बारे में...

बारा इमामबाड़ा

बारा इमामबाड़ा लखनऊ के सभी प्रसिद्ध स्थानों से अलग है। इस ऐतिहासिक स्थल एक बड़ा परिसर है जिसमें आसिफी मस्जिद, भुल−भुलैया और एक बावली है। यह भूलभुलैया परिसर का सबसे लोकप्रिय हिस्सा है। इस ऐतिहासिक स्थल की वास्तुकला सजावटी मुगल डिजाइन जैसी दिखती है और इसमें यूरोपीय वास्तुकला का उपयोग नहीं किया गया है। इस स्मारक का नाम लखनऊ के नवाब के नाम पर रखा गया था जिसने इसका निर्माण करवाया था, यह मुस्लिमों के लिए पूजा का एक महत्वपूर्ण स्थान है। हर साल मुहर्रम के धार्मिक त्योहार को मनाने के लिए यहां भारी संख्या में लोग आते है।

लखनऊ चिडि़याघर

लखनऊ का चिडि़याघर जिसे नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान के रूप में भी जाना जाता है। इस चिडि़याघर का उद्घाटन 29 नवंबर, 1921 को हुआ था। चिडि़याघर में घूमने, नौका विहार, बैटरी वाहन, टॉय ट्रेन की सवारी और बहुत अधिक आकर्षण हैं। यहां पर आपके 4−5 घंटे कब निकल जाएंगे, इसका आपको अहसास भी नहीं होगा। लखनऊ चिड़ियाघर में रॉयल बंगाल टाइगर, व्हाइट टाइगर, लायन, वुल्फ, ग्रेट पाइड हॉर्नबिल, गोल्डन तीतर और सिल्वर तीतर जैसे कुछ आकर्षक जानवरों और पक्षियों को उनके प्राकृतिक आवास में देखा जा सकता है। अगर आप लखनऊ शहर की यात्रा के लिए आते हैं तो आपको शहर के इस चिड़ियाघर के जानवरों को देखने जरुर जाना चाहिए।

मीना बाज़ार

वैसे तो लखनऊ में छोटी बड़ी कई तरह की मार्केट्स हैं, जिसमें से एक है ‘जनपथ मार्केट’, इसे मीना बाज़ार के नाम से भी जाना जाता है। जनपथ मार्केट लखनऊ के हजरतगंज इलाके में स्थित है, इस जगह को इस शहर का दिल कहा जाता है। जनपथ मार्केट लखनऊ में सबसे ज्यादा घूमी जाने वाली जगहों में से एक है। इस मार्केट में दर्जनों छोटी बड़ी दुकानें हैं, जिससे यह मार्केट यहाँ के युवाओं में भी काफी लोकप्रिय है। इस मार्केट में आपको लखनऊ की खासियत चिकन के कपड़ों की विस्तृत श्रंखला देखने को मिलेगी। इसके अलावा जनपथ में आप बेहतरीन किस्म की ज्वेलरी भी खरीद सकते हैं। जनपथ मार्केट की सबसे बड़ी खासियत है मोल-भाव, साथ ही आप यहाँ कई प्रकार के स्ट्रीट फूड्स का भी मज़ा ले सकते हैं।

अम्बेडकर मेमोरियल पार्क

अम्बेडकर मेमोरियल पार्क एक सार्वजनिक क्षेत्र है और डॉ बी आर अम्बेडकर को समर्पित स्मारक है। लखनऊ के बेहतरीन पर्यटन स्थलों में से एक, यह पार्क 107 एकड़ में फैला हुआ है। अंदर से स्मारक राजस्थान के लाल बलुआ पत्थर से बनाए गए हैं। अंदर कई स्मारकों में अम्बेडकर स्तूप, एक संग्रहालय, एक फोटो गैलरी, प्रतिबिंब स्थल और दृश्य स्थल शामिल हैं। सात अरब रुपये के बजट के साथ बना यह पार्क लखनऊ में देखने की सबसे अच्छी जगहों में से एक है।

दिलकुशा कोठी

दिलकूशा कोठी का निर्माण मेजर गोर ने लगभग सन् 1800 में करवाया था। यह कोठी पहले एक शिकार लॉज हुआ करता था जिसको बाद में एक महल में बदल दिया गया। प्राचीन समय में युद्ध के दौरान इस महल ने कई बड़े प्रभावों का सामना किया था जिसकी वजह से इसकी कुछ दीवार ही सही है। इतिहास प्रेमियों द्वारा इस स्थान को काफी पसंद किया जाता है।

लखनऊ म्यूजियम

लखनऊ में स्थित इस म्यूजियम का अपना एक अलग ही महत्व है। इस चार मंजिला लखनऊ राज्य संग्रहालय में जैन कला, मूर्तियों, पुरातत्व, नवाबों और प्राचीन सिक्कों को प्रदर्शित करते हुए पाषाण युग, प्रदर्शिनयों और दीर्घाओं के कुछ बेहतरीन प्रदर्शन मौजूद हैं। जो लोग इतिहास में रूचि रखते हैं, उन्हें एक बार यहां जरूर आना चाहिए।

चंद्रिका देवी मंदिर

चंद्रिका देवी मंदिर लखनऊ का एक प्रमुख धार्मिक स्थल है जो आशियाना लखनऊ में स्थित है। चंद्रिका देवी मंदिर हिंदू देवी चंडी को समर्पित है जो काली, लक्ष्मी और सरस्वती का संयुक्त रूप है। इस मंदिर के परिसर में एक तालाब भी स्थित है जहां पर शिव की एक प्रतिमा स्थापित है। इस मंदिर में रोज भारी संख्या में श्रद्धालुओं का आना लगा रहता है।

आनंदी वाटर पार्क

लखनऊ शहर सिर्फ आपको इतिहास या शहर की संस्कृति का ही परिचय नहीं कराता, बल्कि यहां पर बच्चों की मस्ती के लिए आनंदी वाटर पार्क भी मौजूद है। आनंदी वाटर पार्क लखनऊ शहर में मस्ती करने की एक अच्छी जगह है जो उत्तरी क्षेत्र में सबसे बड़े झरनों में से एक है। यह पार्क फैजाबाद रोड पर लखनऊ के बाहरी इलाके में स्थित है जो पानी के झूले, स्व्मिंग, बाथिंग की मनोरंजक एकटिवीटि से भरा हुआ है। इस वाटर पार्क में बच्चों के लिए भी बहुत कुछ है। इतना ही नहीं, एक बड़े रिज़ॉर्ट और क्लब क्षेत्र के साथ, यह भारत के सबसे बड़े वाटर पार्कों में से एक है।