प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक धरोहर का अद्भुत संगम: कोहिमा

हरे रंग का बिछा कालीन, दूर-दूर तक बिखरे रंग-बिरंगे फूल, नागालैंड की राजधानी कोहिमा, देखने में किसी चित्रकार के कैनवास की भांति लगता है। कोहिमा अंगामी नागा जनजाति की धरती है, और इसका नाम 'केहिराश' या 'केहिमा' से पड़ा है, जिसका अर्थ है वह स्थान जहाँ केहि पुष्प उगता है। पर्वतों के साथ चलने वाले सर्पीले रास्तों से होते हुए, आप इस शहर तक पहुँच सकते हैं, जहाँ प्रकृति और आदिवासी परंपराओं का अद्भुत मिश्रण देखने को मिलता है। जप्फु पर्वत श्रृंखला की पृष्ठभूमि में स्थित, इस शहर में पथरीला इलाका और अनेक दर्शनीय स्थल हैं, जो एडवेंचर और थ्रिल में रुचि रखने वालों के लिए उपयुक्त हैं।जप्फु चोटी, जो इस राज्य की दूसरी सबसे ऊंची चोटी (3048 मीटर) है, ट्रैकिंग के लिए जन्नत से कम नहीं है। यह क्षेत्र में चुनौती भरे ट्रैक में से एक है, जो आपको सुंदर परिदृश्यों वाले रास्तों से होकर ले जाएगा। पर्यटक यहाँ पर्वतारोहण और जंगल में कैम्पिंग का भरपूर आनंद ले सकते हैं। इस जगह को लोग नागालैंड की राजधानी के रूप में भी जानते हैं।

कोहिमा वॉर सिमेट्री

कोहिमा वॉर सिमेट्री एक बहुत ही ख़ूबसूरत स्मारक है जोकि द्वितीय विश्व युद्ध में मारे गए मित्र देशों के द्वितीय ब्रिटिश डिवीजन के सैनिकों को समर्पित किया है। इन सैनिकों की मृत्यु उपायुक्त निवास के टेनिस कोर्ट क्षेत्र में स्थित गैरीसन हिल के युद्धक्षेत्र में हुई थी। इस जगह पर सैलानी आकर अपनी इच्छानुसार श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। गैरिसन हिल की ढलानों पर स्थित यह जगह काफ़ी शांत और सुखद मौसम का अहसास कराती है।

ज़ुकोऊ घाटी ट्रेक

कोहिमा के पास स्थित एक अद्भुत ट्रेकिंग स्थल है, जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता और अद्भुत परिदृश्यों के लिए प्रसिद्ध है। यह ट्रेक साहसिक प्रेमियों और प्रकृति प्रेमियों के लिए एक बेहतरीन अनुभव प्रदान करता है। ज़ुकोऊ ट्रेक के दौरान, साल्टिंग चोटी की ओर चढ़ाई आपको शानदार दृश्यों का अनुभव कराती है। यहाँ से सूर्योदय और सूर्यास्त के दृश्य विशेष रूप से मनमोहक होते हैं। ज़ुकोऊ घाटी में कैम्पिंग का आनंद भी लिया जा सकता है। रात के समय तारों के नीचे बिताना एक अद्वितीय अनुभव होता है।

हॉर्नबिल महोत्सव

हॉर्नबिल महोत्सव नागालैंड का प्रमुख सांस्कृतिक उत्सव है, जिसे हर साल दिसंबर में आयोजित किया जाता है। यह महोत्सव नागालैंड की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर, विविध जनजातियों और उनकी परंपराओं का जश्न मनाने के लिए आयोजित किया जाता है। हॉर्नबिल महोत्सव हर वर्ष दिसंबर में 10 दिनों के लिए समस्त नागालैंड को झूमने के लिए प्रेरित करता है। कोहिमा के बाहरी इलाके में स्थित किसामा विरासत गांव में होने वाला यह महोत्सव नागालैंड के विभिन्न आदिवासी समुदायों की संस्कृति को एक मंच पर लाने का काम करता है। इस महोत्सव में नागालैंड के लगभग 16 आदिवासी समुदायों के साथ हजारों की संख्या में आगंतुक हिस्सा लेते हैं, जो आदिवासियों के इस भव्य आयोजन को देखने आते हैं। हॉर्नबिल महोत्सव मनमोहक गतिविधियों, पारंपरिक नृत्यों, संगीत, और स्थानीय व्यंजनों के साथ-साथ हस्तशिल्प प्रदर्शन के रूप में देखने को मिलता है।

कोहिमा स्टेट म्यूजियम

नागालैंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को गहराई से समझने के लिए आप कोहिमा स्टेट म्यूजियम जा सकते हैं। इस जगह से आपको नागालैंड के जीवन, रहन सहन और खानपान का परिचय मिलेगा। इस जगह पर उन तमाम चीज़ों को सनगढ़िट करके रखा ज्ञ है जिससे राज्य की पहचान बनती है। यह संग्रहालय शहर के बिलकुल बीचोंबीच स्थित है और इस जगह की कलाकृतियों और पारंपरिक हस्तशिल्प का एक विस्तृत संग्रह प्रदर्शित करता है। इस जगह से सैलानियों को नागा जीवन और संस्कृति के बारे में जानकारी मिलती है।

नाइट मार्केट कोहिमा

नाइट मार्केट कोहिमा लोकल ग्राउंड के पास स्थित है, जहाँ आधी रात तक लोगों की चहल-पहल रहती है। कोहिमा यात्रा के दौरान इस जगह पर जाना न भूलें। यहाँ आपको न केवल स्वादिष्ट खाद्य पदार्थ मिलेंगे, बल्कि कोहिमा की स्थानीय खानपान संस्कृति का भी अनुभव करने का मौका मिलेगा। नाइट मार्केट में खाने की हर प्रकार की वैराइटी उपलब्ध है। यहाँ पर आपको स्पाइसी बैम्बू शूट करी का आनंद लेते लोग दिखाई देंगे, जो स्थानीय विशेषता है। यहाँ कई किस्मों के मोमोज भी मिलते हैं, जो खाने के शौकीनों के लिए बेहतरीन ऑप्शन हैं। यहाँ जाकर एक ग्लास राइस बियर और स्थानीय चाय जरूर पीनी चाहिए, जो कि इस क्षेत्र की खासियत है। नाइट मार्केट का माहौल जीवंत और उत्साहपूर्ण होता है, जहाँ लोग एक साथ मिलकर खाने का आनंद लेते हैं और स्थानीय जीवन का अनुभव करते हैं।