वेकेशन के लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन है लद्दाख, घूमने आएं तो जरूर लें इन 8 मशहूर डिशेज़ का स्वाद

अगस्त का यह महीना छुट्टियों से भरपूर हैं जिसमें सभी घूमने की प्लानिंग कर रहे हैं। कोई अपने परिवार के साथ जा रहा हैं तो कोई पार्टनर संग, वहीँ सिंगल लोग अकेले ही दोस्तों संग रोड ट्रिप का मजा ले रहे हैं। ऐसे में आप सभी के लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन है लद्दाख जहां शांति और सुकून के साथ छुट्टियां बिताई जा सकती है। लद्दाख में घूमने लायक तो बहुत जगहें हैं लेकिन इसी के साथ ही यहां के कुछ मशहूर व्यंजन भी हैं जो पर्यटकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करते हैं। आज हम आपको बताने जा रहे हैं लद्दाख के प्रसिद्ध खाने के बारे में जिनका आप यहां घूमने आएं तो जरूर लुत्फ उठाए। आइये जानते हैं इनके बारे में...

पाबा

लद्दाखी लोगों का मुख्य भोजन, पाबा पोषण का एक बड़ा स्रोत है। इसे जौ के आटे या गेहूं के साथ बनाया जाता है जिसे एक प्रकार की रोटी (भारतीय फ्लैटब्रेड) बनाने के लिए मटर के साथ गूंथा और भुना जाता है। इसे ग्रेवी और सूप के साथ परोसा जाता है। इसके साथ टैगटुर या बटर मिल्क भी परोसा जा सकता है।

याक चीज़

याक चीज़ सुनकर यक करने की जरूरत नहीं बल्कि ये काफी टेस्टी होता है। आम चीज़ से अलग याक चीज़ याक के दूध से तैयार किया जाता है और टेस्ट के लिए इसमें खट्टे फलों का रस भी मिलाया जाता है। यहां की लोकल बेकरी से आप इसे खरीद सकते हैं।

छांग

छांग लद्दाख की देसी शराब है, जिसे यहां के लोग घरों में खुद तैयार करते हैं। इसे नशे से ज्यादा सेहतमंद बने रहने के लिए लोग पीते हैं। इसे पीने से शरीर गर्म रहता है और लद्दाख के कड़कती सर्दी में भी एक्टिव बने रहते हैं।

मोकथुक

मोकथुक लद्दाख का एक लोकप्रिय व्यंजन है, जिसे लद्दाखी लोग बड़े चाव से खाते हैं। इस डिश को मोमोज को सूप के साथ पकाया जाता है और गर्म-गर्म परोसा जाता है। पकाते समय इस डिश में कई प्रकार की सब्जियां, पहाड़ों के अद्वितीय मसाले मिलाये जाते हैं, जो इसका स्वाद और भी बेहतर बनाते हैं।

मोमोज़

मोमोज उबले हुए पकौड़े हैं जो सब्जियों या मांस से भरे होते हैं। उन्हें अधिक या कम तेल में भूना जा सकता हैए और मसालेदार डिप के साथ खाया जाता है। कभी कभी इसे नर्म बनाने के लिए बेकिंग सोडा मिलाया जाता है। तिब्बती समुदाय के इस ख़ास पकवान को ज्यादातर ऐपेटाइज़र के रूप में परोसा जाता है।

टिग्मो

लद्दाख में सबसे लोकप्रिय व्यंजनों में से एक, टिग्मो एक उबली हुई रोटी सी है जिसे, शाकाहारी / मांसाहरी स्टू के साथ परोसा जाता है। इस डिश को पकाने के लिए विभिन्न प्रकार की सब्जियों का इस्तेमाल किया जाता है। लद्दाख में टिग्मों का सेवन नाश्ते और लंच दोनों में ही किया जाता है

थुकपा

थुकपा लद्दाखी खाने में विशेष रूप से खाया जाता है। सर्दी से बचने के लिए नूडल्स, सब्जियों और मीट के टुकड़ों को साथ में पकाकर बनाया गया थुपका यहां की लोकल ब्रेड जिसे खमीर कहते हैं के साथ परोसा जाता है। थुकपेक जायका आप लद्दाख की छोटी से बड़ी हर एक जगह ले सकते हैं।

मक्खन वाली चाय

याक के दूध की क्रीम से बनने वाली यहां की मक्खन वाली चाय जरूर चखें। इसका फ्लेवर एकदम अलग होता है। ये आमतौर में रेस्टोरेंट्स में नहीं मिलती लेकिन घरों में आमतौर पर यही चाय बनाई जाती है। गुलाबी रंग वाली इस चाय का स्वाद थोड़ा नमकीन होता है।