उत्तरप्रदेश के ये शहर देंगे मानसून में घूमने का पूरा मजा, जानें इनके बारे में

मानसून का मौसम जारी हैं और यह समय घूमने के लिए सर्वश्रेष्ठ माना जाता हैं। मानसून के दिनों में प्राकृतिक सुंदरता अपने चरम पर होती हैं। उत्तर भारत के क्षेत्र में इन दिनों खूब बरसात हो रही हैं और सभी यहां घूमने जाना पसंद करते हैं। उत्तर प्रदेश भारत के सबसे प्रसिद्ध राज्यों में से एक है जो पर्यटन के लिए भी जाना जाता हैं। यह प्रदेश अपनी ऐतिहासिक इमारतों, धार्मिक स्थलों व सांस्कृतिक विरासतों के लिए प्रसिद्ध है। यहां आपको घूमने के लिए ऐसे दृश्य मिलते हैं जो मन को भा जाते हैं और जीवनभर की याद दे जाते हैं। हम आपको उत्तरप्रदेश के कुछ शहरों के बारे में बताने जा रहे हैं जहां आप मानसून में घूमने के लिए जा सकते हैं। आइये जानते हैं इनके बारे में...

आगरा

उत्तर प्रदेश में मानसून का भरपूर मज़ा उठाना और सबसे पहले आगरा का जिक्र नहीं हो ऐसा शायद ही होता है। आगरा में ताजमहल घूमने के लिए तो हर कोई जाता है, लेकिन मानसून में घूमने के लिए बहुत कम लोग हो जाते हैं। यमुना नदी के किनारे मौजूद यह शहर रिमझिम बारिश के समय और भी सुहावना हो जाता है। आप मानसून में आगरा घूमने का प्लान बना सकते हैं तो यहां आप फतेहपुर सीकरी, मेहताब बाग, चीनी का रौज़ा, अंगूरी बाग और आगरा का किला घूमने के लिए जा सकते हैं।

मथुरा

भगवान श्री कृष्ण की नगरी कहे जाने वाली मथुरा यमुना नदी के किनारे बसी है। कृष्ण भक्तों के लिए यह एक बेहतर जगह है, यहां श्री कृष्ण के कई मंदिर स्थित है। इसके अलावा यहां का श्री कृष्ण बलराम मंदिर, राधा रानी टेंपल, द्वारकाधीश मंदिर, प्रेम मंदिर, बांके बिहारी मंदिर, श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर, गोवर्धन पर्वत, विश्राम घाट, कुसुम सरोवर व मथुरा म्यूजियम काफी प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों में से एक है।

बहराइच

बहराइच का कतर्निया वन्यजीव अभ्यारण्य यूपी के खास पर्यटन स्थलों में से एक है, जहां जाकर आप प्रकृति के शानदार नजारों को करीब से देख सकेंगे और उन्हें अपने कैमरे में कैद कर सकेंगे। दुधवा टाइगर रिजर्व से जुड़ा होने के कारण यहां आपको चीता देखने को भी मिल जाएगा। यहां टाइगर, हाथी, गैंडे के साथ गिद्ध व कई दुर्लभ प्रजातियों के सांप मिल जाएंगे। यहां बहने वाली गेरुआ नदी काफी साफ-सुथरी है, जहां आप रात भी गुजार सकते हैं।

कुशीनगर

उत्तर प्रदेश के सबसे प्राचीन शहर में से एक कुशीनगर भी मानसून के मौसम में घूमने के लिए सबसे बेहतरीन जगह है। यहां मौजूद सुंदर बौद्ध मंदिर देखने के लिए विदेश से भी लोग पहुंचते हैं। खासकर बौद्ध तीर्थ यात्री यहां घूमने के लिए पहुंचते हैं। आपको बता दें कि इसी स्थान पर महात्मा बुद्ध ने महापरिनिर्वाण (मृत्यु) प्राप्त किया था। मानसून में यहां आप महापरिनिर्वाण मंदिर, सूर्य मंदिर और कुशीनगर संग्रहालय घूमने के लिए जा सकते हैं।

मेरठ

1857 की क्रांति के लिए मशहूर मेरठ भले ही सरकारी पर्यटन के नक्शे पर नहीं, लेकिन सैर सपाटे के जितने ठोर ठिकाने यहां हैं, उतने शायद आसपास नहीं मिलेंगे। यहां पांडव किला, शहीद स्मारक, राजकीय स्वतंत्रता संग्राम संग्रहालय, शहपीर मकबरा, नंगल तीर्थ, सूरज कुंड, जामा मस्जिद, आबू मकबरा, विक्टोरिया पार्क, सरधना का चर्च इत्यादि पर्यटन के मशहूर स्थल हैं।

वाराणसी

मौसम कोई भी हो वाराणसी घूमने का एक अलग ही मज़ा होता है। भारत के सबसे प्राचीन शहरों से एक है वाराणसी शहर मानसून में घूमने के लिए सबसे बेहतरीन जगहों में से एक है। गंगा नदी के किनारे मौजूद यह शहर मानसून के मौसम में देखते ही बनता है। इस धार्मिक शहर में घूमने के लिए ऐसी कई जगहें हैं जहां आप जा सकते हैं। गंगा नदी में आप नाव की सवारी का भी लुत्फ़ उठा सकते हैं। यहां आप काशी विश्वनाथ मंदिर, वाराणसी में अस्सी घाट और रामनगर किला जैसी जगहों पर घूमने के लिए जा सकते हैं।

लखनऊ

नवाबों के शहर कहे जाने वाले लखनऊ पूरे यूपी के पर्यटन का केंद्र है। यहां मरीन ड्राइव, जनेश्वर मिश्रा पार्क, बड़ा इमामबाड़ा, भूल भूलैया, आनंदी वाटर पार्क, रूमी दरवाजा, कठौता झील, चिड़ियाघर, हुसैनाबाद क्लॉक टावर के अलावा धार्मिक स्थल में चंद्रिका देवी का मंदिर स्थित है, जहां जाकर आप अपना वीकेंड गुजार सकते हैं। पर्यटन के लिहाज से लखनऊ काफी अच्छी जगह है। ऐसी मान्यता है कि भगवान लक्ष्मण ने इस शहर को बसाया था।

सोनभद्र

उत्तर प्रदेश का सोनभद्र मानसून में घूमने के लिए भी एक बेस्ट जगह है। इस शहर को ऊर्जा की राजधानी भी कहा जाता है। ऐसे में अगर आप प्रकृति के बीच रिमझिम बारिश का अद्भुत नज़ारा देखना चाहते हैं तो फिर आप सोनभद्र घूमने के लिए जा सकते हैं। यहां आप अगोरी का किला, विजयगढ़ का किला, धंधरौल बांध और रेणुकेश्वर महादेव मंदिर जैसी जगहों पर घूमने के लिए जा सकते हैं।

अयोध्या

अयोध्या तो खासतौर पर भगवान राम के जन्मभूमि के रूप में जानी जाती है। यहां भक्तों के लिए भगवान श्री राम का भव्य मंदिर भी बन रहा है, जो बेहद आकर्षक है। यहां का सबसे प्रसिद्ध रामलला मंदिर, नागेश्वरनाथ मंदिर व सरयूं नदी है। इसके अलावा यहां कनक भवन, हनुमानगढ़ी, तुलसी स्मारक भवन, दशरथ भवन, सीता की रसोई, गुप्तर घाट, मणि प्रभात जैसी जगहें भी घूमने लायक है।