भारत की सबसे कठिन धार्मिक यात्राएं

भारत देश को पूरे विश्व में अनेक चीजों के लिए जाना जाता हैं जिसमें संस्कृति और मंदिरों का ख़ास महत्व हैं। देशवासियों में पूजा-पाठ और भगवान के प्रति आस्था को साफ़ तौर पर देखा जा सकता हैं और उनकी यही आस्था उन्हें मंदिरों की ओर जाने को विवश कर देती हैं, फिर चाहे मंदिर पहुँचने में कितनी ही कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़े। आज हम आपको भारत की कुछ ऐसी ही धार्मिक यात्राओं के बारे में बताने जा रहे हैं जो काफी कठिन है और खतरों से भरा हैं। लेकिन फिर भी भगवान के प्रति आस्था भक्तों को इन यात्राओं पर जाने से नहीं रोक पाती हैं।

* अमरनाथ यात्रा

जम्मू-कश्मीर में बाबा अमरनाथ की गुफा है। यह जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर से 135 किमी दूरी पर स्थित है। यहां जाने से पहले यात्रियों को रजिस्ट्रेशन करवाना पड़ता है। इसके अलावा यात्रा पर रवाना होने से पहले यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जाता है। यहां का तापमान ज्यादातर जीरो तक पहुंच जाता है। यहां भूस्खलन और तेज बारिश किसी भी वक्त हो सकती है। हाल ही में अमरनाथ यात्रियों पर आतंकी हमला भी हुआ था।

* कैलाश मानसरोवर यात्रा

कैलाश मानसरोवर की यात्रा भारत की सबसे कठिन धार्मिक यात्राओं में से एक माना जाता है। यहां पहुंचने का सबसे दुर्गम मार्ग भारत के पड़ोसी देश चीन से होकर गुजरता है। मानसरोवर कैलाश पर्वत से 20 किमी की दूरी पर स्थित है। यहां हिन्दूओं के अलावा जैन और तिब्बती भी दर्शन के लिए जाते हैं।

* पावागढ़ महाकाली मंदिर

गुजरात के चंपारण नाम की जगह पर पावागढ़ की पहाड़ी में महाकाली का प्रसिद्ध मंदिर स्थित है। वड़ोदरा से यह करीब 50 किलोमीटर की दूरी पर ऊंची पहाड़ी चोटी पर स्थित है। करीब 5 किलोमीटर घने जंगलों से बीच से होते हुए इस मंदिर में पहुंचने का रास्ता है। इसकी चढ़ाई काफी दुर्गम है। अब यहां यात्रियों के लिए रोपवे की भी सुविधा उपलब्ध हो गई है।

* बद्रीनाथ मंदिर

उत्तराखंड में स्थित बद्रीनाथ मंदिर भगवान विष्णु को समर्पित है। यह मंदिर अलकनंदा नदी के किनारे नर और नारायण नाम की दो पर्वत श्रेणियों के मध्य स्थित है। बद्रीनाथ के रूप में यहां भगवान विष्णु की लंबी और काली मूर्ति की पूजा की जाती है। इस दुर्गम यात्रा को पूरी करने में यात्रियों को कई तरह की परेशानियों झेलनी पड़ती हैं।

* वैष्णो देवी मंदिर

वैष्णो देवी का यह प्रसिद्ध मंदिर जम्मू-कश्मीर के कटरा जिले में स्थिल है। यह हिन्दुओं के सबसे प्रसिद्ध मंदिरों में से एक है। कटरा से करीब 14 किलोमीटर तक की ऊंची चढ़ाई के बाद मां का मंदिर आता है। यह दुर्गम यात्राओं में से एक माना जाता है। कुछ यात्री पैदल ही इस चढ़ाई को पूरी करते हैं तो कुछ हेलीकॉप्टर का सहारा लेते हैं।

* हेमकुंड साहिब

उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित हेमकुंड सिक्खों का सबसे पावन धाम है। यह मुख्य रूप से 19 किलोमीटर की एक दुर्गम पहाड़ी यात्रा है। इस यात्रा को पैदल या खच्चरों पर बैठकर पूरी की जाती है। इस यात्रा में यात्रियों को काफी जोखिम भी उठाना पड़ता है।