यहां सिर्फ महिलाओं की मिलेगी एंट्री, आइये जानें

पूरी दुनिया में आपको कई ऐसी जगह मिल जाएगी जहां पर महिलाओं के लिए नो इंट्री यानि की उनका प्रवेश निषेध है। पर पहली बार आपको यह जान कर हैरत होगी कि फिनलैंड के सुपरशी आइलैंड में पुरुषों की नहीं बल्कि सिर्फ महिलाओं की होगी इंट्री। यहां महिलाओं का नहीं बल्कि पुरुषों का जाना होगा निषेध। भले ही आपको यह जान कर यकीन ना हो रहा हो पर यह सौ प्रतिशत सच है। यह आइलैंड फिनलैंड के बाल्टिक सी के पास है। इस साल से इस आइलैंड के खोले जाने की संभावना है।

मालिक

इसे अमेरिका की एक व्यापारी महिला क्रिस्टीना रॉथ ने खरीदा है, जोकि करीब 8.47 एकड़ में फैला हुआ है। उन्होंने इस आइलैंड के अंदर एक ऐसा रिजॉट बनाया है, जिसमें महिलाओं के हर सुख- सुविधा का ध्यान रखा जाएगा। उनकी भाग-दौड़ भरी जिंदगी में उन्हें सुकून के कुछ पल देने की कोशिश की जाएगी। क्रिस्टीना काफी दिनों से ऐसे जगह की खोज में थी, जहां महिलाओं को सामान्यत: वो आराम नहीं मिल पाता जो वो अपने लिए चाहती हैं। वह परिवार की खुशियों और जिम्मेदारियों को निभाने के चक्कर में हमेशा ही अपनी खुशियों को आदतन ही दरकिनार कर देती हैं। इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखते हुए उन्होनें इस आइलैंड को खरीद एक रिजॉर्ट का रूप दिया है।

सुविधाओं का ध्यान


यहां पर महिलाओं के फिटनेस, न्यूट्रिशन जैसी हर सुविधाओं का ध्यान रखा जाएगा। सुपरशी आइलैंड एक रिजॉट की तरह होगा जिस पर अभी काम चल रहा है। क्रिस्टिना ने इस आइलैंड को 2017 में खरीदा था तब से लेकर आज तक इस पर काम चल रहा है।

रिजॉट में केबिन

इस रिजॉट में कुल 4 केबिन हैं जिसमें दस महिलाएं आराम से रह सकतीं हैं। इस रिजॉट में स्पा सोना बाथ जैसी महिलाओं की हर सुविधा का ध्यान रखा गया है। इस रिजॉट को पूरी तरह से महिलाओं के स्वास्थ्य के अनुरूप बनाया गया है।

कीमत


एक केबिन की कीमत दो से चार लाख रूपये होगी। यहां पर महिलाएं पांच दिन छुट्टियां मना सकतीं हैं।

इंट्री आसान नहीं


यहां पर महिलाओं की इंट्री भी इतनी आसान नहीं होगी। आपको बता दें कि यहां का टिकट पाने के लिए महिलाओं को स्वीकृति लेनी होगी और यह स्वीकृति उन्हें स्काइप पर दिए इंटरव्यू के बाद ही मिल पाएगी।