महिलाओं के लिए सुरक्षित हैं ये जगहें, बिना डरे लें घूमने का आनंद

घूमना-फिरना सभी को पसंद होता हैं और कई लोगों को तो इतना पसंद होता हैं कि वे अकेले ही घूमने निकल जाते हैं। पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं की भी बड़ी संख्या है जिन्हें सोलो ट्रिप करना पसंद हैं और वे अपनी आजादी को खुलकर जीना चाहती हैं। लेकिन महिलाओं को लेकर हमेशा से सुरक्षा की चिंता रहती हैं। आज भी देश के कई हिस्से ऐसे हैं जहां रात को तो क्या दिन को भी महिलाएं अकेले नहीं निकल सकती हैं। लेकिन वहीँ देश के कई शहर ऐसे हैं जो महिलाओं के लिए बेहद सुरक्षित माने जाते हैं और यहां बिना डरे घूमने जाया जा सकता हैं। आइए जानते हैं कौन सी हैं वो जगहें...

लेह-लद्दाख

लद्दाख की जांस्कर घाटी भारत की खूबसूरत जगहों में से एक है। यह घाटी गुफा मठों के कारण पूरे विश्व में प्रसिद्ध है। यहां साल के 9 महीने तेज बर्फ गिरती है और इस कारण यहां की सुंदरता और अधिक बढ़ जाती है। जांस्कर घाटी में पर्यटक रिवर राफ्टिंग और ट्रैकिंग का आनंद लेते हैं। घाटी बर्फीली सुन्दर चट्टानों, ऊंची-ऊंची चोटियों और निर्मल जल की सुन्दरता के लिए जानी जाती है। इस सुन्दर क्षेत्र में अकेले घूमने का मजा ही अलग होता है। झीलों के बीच बसी इस जगह पर महिलाएं सुरक्षित रूप से यात्रा कर सकती हैं।

कुफरी

यह हिमाचल प्रदेश के शिमला इलाके में स्थित एक छोटा-सा हिल स्टेशन है। यहां कई खूबसूरत झीलें, बर्फ से ढके पहाड़ और कई मनोरम दृश्य हैं, जिनका आनंद लिया जा सकता है। कुफरी महिलाओं की सुरक्षा की दृष्टि से भी काफी बढ़िया पर्यटक स्थल है। कुफरी अपने यहां आने वाले पर्यटकों का स्वागत भी बेहद शानदार तरीके से करता है।

गोवा

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय और प्लान इंडिया द्वारा तैयार की गई एक रिपोर्ट के अनुसार भारत में गोवा एक ऐसा प्लेस है, जहां महिलाएं सबसे अधिक सुरक्षित रहती हैं। अगर आप गोवा गए हुए हैं, तो यह बात तो आपको खुद ही महसूस हो गई होगी कि लड़कियों के लिए गोवा कितना सुरक्षित है। गोवा का माहौल पूरे देश से सबसे अलग है, और यहां खूबसूरत बीच के साथ-साथ एडवेंचर स्पोर्ट्स और पार्टी का भी खूब मजा लिया जा सकता है।

मुन्नार

यह भारत के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले पर्यटन स्थलों में से एक है। मुन्नार चाय बागान, प्राकृतिक खूबसूरती और हरियाली के लिए काफी मशहूर है। यहां के स्थानीय लोगों को उनकी गर्मजोशी के लिए जाना जाता है, जो आने वाले पर्यटकों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। इसे देखते हुए भी सोलो वुमन ट्रैवलर्स के लिए यह एक बेहतरीन जगह है।

शिलॉन्ग

मेघालय एक स्त्री-प्रधान समाज है, यहां के बाजारों में आप देखेंगे तो आपको महिलाएं ही सबसे ज्यादा व्यापार करती हुई दिखाई देंगी। आपको पता चल ही गया होगा कि यहां महिलाओं का कितना सम्मान किया जाता है। यहां अकेले घूमने पर किसी भी महिला यात्री को कोई परेशानी नहीं होती। शिलॉन्ग की हरीभरी जगहों के अलावा आप भारत के कुछ बढ़िया रॉक बैंड्स की परफॉरमेंस का भी मजा यहां ले सकते हैं।

पुडुचेरी

दक्षिण भारत के सबसे फेमस टूरिस्ट डेस्टिनेशन्स में से एक पुडुचेरी कई सालों तक फ्रांस का उपनिवेश रहा है। यहां कई फ्रेंच कॉलोनियां भी हैं जो उपनिवेशीय काल की याद दिलाते हैं। दरअसल, पूरे शहर को प्लानिंग के साथ फ्रेंच स्टाइल में बनाया गया है। पुडुचेरी के बीच बेहद शांत हैं और यहां महिला ट्रैवलर्स घंटों अकेली बैठकर लहरों का मजा ले सकती हैं।

गुवाहाटी

गुवाहाटी शहर कामाख्या माता के नाम से मशहूर है। यह शहर महिलाओं के लिए बहुत ही सुरक्षित शहर माना जाता है। गुवाहाटी ज्यादातर ट्रैवलर की लिस्ट में नहीं आता, लेकिन हम आपको बता दें ब्रह्मपुत्र नदी के किनारे बसे इस शहर में आपको उत्तर-पूर्व की संस्कृतियों की झलक देखने को मिलेगी। गुवाहाटी में असम स्टेट म्यूजियम, गुवाहाटी तारामंडल और शहर के ढेर सारे मंदिरों को देखना न भूलें।

जयपुर

पिंक सिटी के नाम से मशहूर भारत का बेहद खास शहर जयपुर सुरक्षा के लिहाज से अकेले ट्रैवल करने वाली महिलाओं के लिए एक सेफ डेस्टिनेशन है। जयपुर में हवा महल, जल महल, सिटी पैलेस, आमेर का किला, जंतर-मंतर, नाहरगढ़ का किला, जयगढ़ का किला, बिरला मंदिर, गल्ताजी, गोविंद देव जी मंदिर, गढ़ गणेश मंदिर, सांघीजी जैन मंदिर को घूमा जा सकता है और उनका आनंद उठाया जा सकता है।

उदयपुर

एडवेंचर और अपनी संस्कृति के लिए जाना जाने वाला राजस्थान का यह शहर जितना अद्भुत है, उतना ही सुरक्षित भी। अगर आप उदयपुर अकेले या अपनी महिला साथियों के साथ घूमने जा रही हैं तो झीलों, महलों, मंदिरों के दर्शन जरूर करें। यहां घूमने वाले हर व्यक्ति को खुद में ही राजपुताना शान महसूस होने लगती है। उदयपुर शॉपिंग करने के लिए बेहद अच्छी जगह है, लेकिन ध्यान रखियेगा, अगर एक बार आप बाजार के लिए निकले तो शायद ही यह ट्रिप कभी खत्म हो पाए।