सोलो ट्रिप पर जाना चाहती हैं लड़कियां, घूमने के साथ सुरक्षा के लिहाज से बेस्ट हैं ये 8 जगहें

महिलाएं हमेशा से ही सशक्त और आत्मनिर्भर रही हैं। लेकिन इस समय में अब वे आगे बढ़कर सामने आ रही हैं और खुद को मजबूत प्रदर्शित कर रही हैं। यह देखा गया है कि कई लड़कियां जिन्हें घूमना पसंद होता हैं और कोई परिवार या दोस्त समय ना मिल पाने की वजह से साथ नहीं जा पाटा हैं तो वे सोलो ट्रिप पर निकल जाती हैं। इसके लिए वे ऐसी जगहों का चुनाव करना पसंद करती हैं जो घूमने के साथ ही सुरक्षा के लिहाज से भी बेस्ट हो। आज इस कड़ी में हम आपको कुछ ऐसी जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं जहां लड़कियां बिना किसी झिझक या डर के अकेले घूमने जा सकती हैं। तो आइये जानते हैं इन जगहों के बारे में...

शिलांग

अगर आप सोलो ट्रिप पर जाना चाहती हैं तो शिलांग एक अच्छा विकल्प हो सकता है। यह जगह महिलाओं के लिए काफी अच्छी और सेफ मानी जाती है। मेघालय में स्त्री प्रधान समाज की वजह से यहां आपको खुला वातावरण मिलेगा। शिलांग में आप किसी भी समय बिना चिंता और डर के घूम सकती हैं। यह जगह इतनी खूबसूरत है कि आप बार-बार यहां आना चाहेंगी।

दार्जलिंग

दूर तक कंचनजंगा के पहाड़ों का विस्तार, घने जंगल, मिरिक झील, छुक-छुक करती चलती टॉय ट्रेन के नजारों को एंजॉय करना चाहती हैं तो दार्जलिंग में आपको काफी मजा आएगा। यहां लॉयड बोटेनिकल गार्डन के दुर्लभ वनस्पति और लगभग विलुप्त होने की पहुंच चुके जानवर भी आप देख सकती हैं। दार्जलिंग अंग्रेजों के जमाने से ही काफी पॉपुलर टूरिस्ट स्पॉट है, यहां आपको काफी अलग तरह का एंबियंस मिलेगा, जिसमें आपको मजा भी आएगा। अच्छी बात ये है कि यहां अकेले घूमने में महिलाओं के लिए किसी तरह की समस्या नहीं है।

उदयपुर

राजस्थान का उदयपुर भी सोलो ट्रिप के लिए एक अच्छा विकल्प है। यहां आपको राजस्थानी संस्कृति को करीब से जानने का मौका मिलेगा। प्राचीन किलों, महलों को देखने के साथ-साथ आप यहां शॉपिंग भी कर सकती हैं। उदयपुर की अधिकांश स्टॉल्स महिलाओं द्वारा ही चलाए जाते हैं। उदयपुर के लोगों के मिलनसार स्वभाव की वजह से यह जगह आपको बहुत पसंद आएगी।

ऋषिकेश

देवभूमि में गंगा किनारे बसे ऋषिकेश को हिमालय के मुख्य द्वार और वर्ल्ड योग कैपिटल के रूप में भी जाना जाता है। यहां देश ही नहीं, दुनियाभर से लोग योग, रिवर राफ्टिंग और ट्रैवलिंग और एडवेंचर एक्टिविटीज का मजा लेने के लिए आते हैं। सोलो ट्रेवल के लिहाज से यह जगह बेहतरीन है। यहां अकेले घूमना भी पूरी तरह से सुरक्षित माना जाता है। कुदरती खूबसूरती से भरे ऋषिकेश में सुकून और शांति का अहसास होता है।

गोवा

घूमने के शौकीन लोगों की लिस्ट में सबसे पहला नाम गोवा का आता है। यह जगह युवाओं को बहुत पसंद आती है। गोवा में आप अपनी गर्ल गैंग के साथ मौज मस्ती कर सकती हैं। गोवा एक बेहद खुले वातावरण वाली जगह है इसलिए यहां आप बिना किसी डर के घूम सकते हैं।

पुडुचेरी

कई सालों तक फ्रांसीसी उपनिवेश रहे पुड्डूचेरी में आप फ्रांसीसी और भारतीय संस्कृति का मिला-जुला रूप देख सकती हैं। इस शहर की खास बात ये है कि इसे काफी मॉडर्न तरीके से फ्रेंच स्टाइल में बनाया गया है। यहां आपको कई फ्रेंच कॉलोनियां भी नजर आ जाएंगी। इस शहर में कई खूबसूरत चर्च और मंदिरों के दर्शन किए जा सकते हैं। और यहां के कई बीच इतने खूबसूरत हैं कि आप यहां आकर पूरी तरह से एक्साइटेड फील करेंगी। पुडुचेरी की खासियत यह है कि यहां गोवा या मुंबई की तरह बहुत भीड़भाड़ नहीं है, दूर-दूर तक यहां शांति का माहौल है। अगर आप स्ट्रेस्ड फील कर रही हैं तो यहां की सोलो ट्रिप आपको जरूर करनी चाहिए।

जीरो घाटी
अरुणाचल प्रदेश बहुत खूबसूरत राज्य है। यहां जीरो घाटी नाम की जगह है। लड़कियों के घूमने के लिए ये जगह सबसे बेस्ट है। जीरो घाटी अरुणाचल प्रदेश का सबसे पुराना शहर है। इस शहर को शांति साधक का स्वर्ग कहा जाता है। इसके अलावा ये शहर चावल की खेती के लिए भी प्रसिद्ध है। लड़कियां यहां अकेले घूम सकती हैं और प्रकृति का आनंद ले सकती हैं।

गंगटोक

सिक्किम के हिमालय वाले क्षेत्र में आने वाले गंगटोक में एक से बढ़कर एक नजारे देखने को मिलते हैं। यहां कई समुदायों के लोग रहते हैं, यहां आने पर विविध संस्कृतियों का अनूठा मेल देखने को मिलता है। बाइकिंग, पैराग्लाइडिंग, तीस्ता नदी पर रिवर राफ्टिंग, ये सबकुछ महिलाओं को रोमांचित कर देते हैं। अगर आपकी रुचि इतिहास और शिल्पकला में है, तो आपको यहां के बौद्ध मठों में जाना चाहिए।