बिना वीजा के भारतीय नागरिक कर सकते हैं इन 7 देशों की यात्रा, जानें और बनाए घूमने का प्लान

जब भी कभी विदेश यात्रा की बात आती हैं तो सबसे बड़ा झंझट लगता हैं वीजा बनवाने का। वीजा एक ऐसा दस्तावेज होता है जो आपको किसी दूसरे देश में जाने की अनुमति देता है। लोगों के पास पासपोर्ट तो होता हैं लेकिन वीजा मिलना थोडा मुश्किल हो जाता हैं जिस कारण विदेश यात्रा पर नहीं जा पाते हैं। लेकिन अगर हम आपसे कहें कि आप बिना वीजा के भी विदेश घूम सकते हैं, तो आपको आश्चर्य जरूर होगा लेकिन यह सच हैं। जी हां, कई ऐसे देश हैं जहां जाने के लिए भारतियों को वीजा की जरूरत नहीं होती हैं और यहां आपको वीजा ऑन अराइवल दे दिया जाता हैं। आज इस लेख में हम उन देशों की जानकारी लेकर आए हैं जहां आप बिना वीजा के घूमने जा सकते हैं।

बारबाडोस

बारबाडोस देश प्रकृति की गोद में बसा एक खूबसूरत देश है। ये देश प्रशांत महासागर के पश्चिमी हिस्से में कैरेबियन द्वीप पर स्थित है। यहां आप 90 दिनों के लिए बिना वीजा यात्रा कर सकते हैं। ये देश अपने खूबसूरत बीच और ऐतिहासिक स्थलों के लिए जाना जाता है। ये कैरेबियन के सबसे लोकप्रिय और पसंदीदा पर्यटन स्थलों में से एक है। बारबाडोस को 'द लैंड ऑफ फ्लाइंग फिश' के नाम से भी जाना जाता है।

मालदीव

कोरोना काल के दौरान भारत के कई सेलिब्रिटी के लिए सबसे लोकप्रिय विदेश यात्रा में मालदीव ही था। मालदीव द्वीपों का देश है, जो एक पर्यटन देश के तौर पर भी मशहूर है। बिना वीजा के भारतीय यहां 30 दिन तक रह सकते हैं। समुद्र किनारे आराम से वक्त बिताने के साथ ही आप शॉपिंग, रेस्तरां,और खूबसूरत नजारों का लुत्फ आप मालदी से सफर के दौरान ले सकते हैं।

मकाऊ

दक्षिण चीन के पास स्थित एक छोटे से देश मकाऊ की यात्रा के लिए भारतीयों को वीजा की जरूरत नहीं होती। यह जगह भारतीय पर्यटकों के बीच बहुत मशहूर है। मकाऊ कैसीनो के शौकीन लोगों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है। यहां आप मकाऊ टावर, सेनादो स्क्वायर, मकाऊ म्यूजियम और कैथेड्रल जैसी सुंदर जगहें घूम सकते हैं। यहां की नाइट लाइफ भी आपको रोमांचित कर देगी। बिना वीजा मकाऊ में आप 30 दिनों तक रह सकते हैं।

नेपाल

नेपाल उन देशों की लिस्ट में आता है, जहां भारतीय बिना पासपोर्ट के यात्रा कर सकते हैं। जो भारतीय भारत से नेपाल टूर का मजा लेना चाहते हैं, वे बिना वीजा के भी आसानी से नेपाल की यात्रा कर सकते हैं। आपके पास या तो एक वैलिड पासपोर्ट होना चाहिए, अगर ये नहीं है तो भारत सरकार द्वारा जारी एक फोटो आईडी कार्ड, या भारत के चुनाव आयोग द्वारा जारी इलेक्शन कार्ड होना चाहिए। यह एक ऐसा देश है जहां दुनिया भर से लोग आध्यात्मिक चीजों को देखने के लिए आते हैं। पूरी दुनिया की सबसे ऊंची पर्वत चोटी माउंट एवरेस्ट, अपने अंदर के एडवेंचर को जगाने के लिए बेस्ट है। सांस्कृतिक रूप से समृद्ध विरासत और बौद्धों के लिए कई पूजा स्थल इस ट्रिप में जान सी डाल देते हैं।

भूटान

भारत का पड़ोसी देश भूटान पर्यटकों की पसंदीदा जगह है। भारतीयों को भूटान जाने के लिए वीजा की जरूरत नहीं पड़ती है। पासपोर्ट या कोई दूसरी वैध आईडी ही यहां आने के लिए पर्याप्त है। अगर आप कम बजट में विदेश घूमना चाहते हैं तो भूटान से अच्छी जगह आपके लिए कुछ और नहीं हो सकती। दुनिया का सबसे खुशहाल देश भूटान अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है। यहां के लिए आपको टूरिस्ट परमिट लेना जरूरी है। पारो, दोचूला पास, हा वैली, पुनाखा जोंग, तकशांग लहखांग जैसी कई शानदार जगहों पर आप घूमने के लिए जा सकते हैं।

श्रीलंका

भारत का पड़ोसी देश श्रीलंका भी घूमने के लिए बेहतर विकल्प है। श्रीलंका भारतीय पर्यटकों को वीजा ऑन अराइवल की सुविधा देता है। श्रीलंका में आप कोलोंबो, कैंडी हिल स्टेशन, मटारा, दम्बाडेनिया, यापाहूवा कुरुनेगला, रामायण कनेक्शन, कतरगामा, ग्रीन पाथ ओवर व्यू और आठवां अजूबा कहा जाने वाला सिगरिया घूम सकते हैं। भारत से श्रीलंका की दूरी भी मात्र तीन घंटे के सफर की है। बिना वीजा आप श्रीलंका घूमने जा सकते हैं।

इंडोनेशिया

इंडोनेशिया भारतीयों की टॉप 'हनीमून डेस्टिनेशन' में से एक है। इंडोनेशिया अपने सुन्दर द्वीपों और बीच के लिए मशहूर है। इसके साथ ही यहाँ पर एक महीने तक बिना वीजा के रहने की सुविधा भी है। अगर आप भी इंडिया से बाहर जाने का प्लान बना रहे हैं तो इंडोनेशिया का ट्रिप आपके लिए यादगार रहेगा। अगर आप नेचर लवर हैं तो इंडोनेशिया घूमने जरूर जाएं। इंडोनेशिया बाली कई लोगों का फेवरेट डेस्टिनेशन है। दूर-दूर से पर्यटक यहां घूमने आते हैं। यहां के खूबसूरत बीच, अंडरवॉटर एक्टिविटी, ट्रेडिशनल आर्ट गैलरीज और स्वादिष्ट खाने का आनंद लेना है तो यहां जरूर आएं।