भारत के कल्चरल कैपिटल कोलकाता में ले सकते हैं इन 6 जगहों पर घूमने का मजा

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता को भारत के कल्चरल कैपिटल के नाम से भी जाना जाता हैं। कोलकाता की दुर्गा पूजा देश भर में लोकप्रिय है। कोलकाता का इतिहास और संस्कृति बहुत समृद्ध है। इसे 'सिटी ऑफ जॉय' भी कहा जाता है। यहां की गलियां यहां की खूबसूरती और कल्चर को बयां करती हैं। यहां का पहनावा और खानपान पूरी दुनिया में जाना जाता हैं। आज इस कड़ी में हम आपको कोलकाता के आसपास की कुछ प्रसिद्द जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं जहां आप अपने परिवार, दोस्त और पार्टनर के साथ भीड़भाड़ से दूर कोरोना प्रोटोकॉल को मानते हुए अच्छा समय बिता सकते हैं। आइए जानते हैं इन जगहों के बारे में।

ताकी

कोलकाता के पास सबसे अच्छे पिकनिक स्पॉट में से एक, ताकी एक ऐसी जगह है, जो शहर से बस 65 किमी। की दूरी पर है। इसके आसपास जंगल और खेतों के कारण यह हरी-भरी जगह है। यहां इच्छामती नदी के किनारे आप पिकनिक मना सकते हैं। इस नदी के दूसरी छोर पर बांग्लादेश की सीमा शुरू होती है। इस क्षेत्र में आप जिन स्थानों की यात्रा कर सकते हैं उनमें मचरंगा द्वीप और गोलपाटा वन हैं। चूंकि यह एक खूबसूरत बॉर्डर टाउन है, तो इसलिए यहां प्रवेश के लिए आपके पास सरकारी आईडी जरूर होनी चाहिए। इसके अलावा यहां फेरी राइड्स करना एक अच्छा विकल्प है।

विष्णुपुर

इस सप्ताह के अंत में विष्णुपुर पहुंचकर ग्रामीण बंगाल का अनुभव लिया जा सकता है। माला राजाओं द्वारा निर्मित टेराकोटा मंदिर यहां के मुख्य आकर्षण केन्द्र है। इसके अलावा ग्रामीण बंगाल का समग्र आकर्षण पर्यटकों के लिए काफी आकर्षक है। यह कोलकाता से लगभग 4 घंटे की दूरी पर है और दशमी सप्ताहांत में इसे आसानी से कवर किया जा सकता है।

कालिमपोंग

हो सकता है कि दार्जिलिंग इस समय पर्यटकों से खचाखच भरा रहे इसलिए आप कालिमपोंग का रुख कर सकते हैं। एक सुंदर छोटा पहाड़ी शहर एक शांत छुट्टी के लिए एक अद्भुत जगह साबित हो सकता है। कालिमपोंग की घुमावदार सड़कों पर चलने के अलावा आपको देओलो हिल और इसकी विश्व प्रसिद्ध नर्सरी भी जरूर जाना चाहिए।

जूनपुट

जूनपुट कोलकाता के पास कम भीड़-भाड़ वाली एक अन्य ऑफबीट जगह है, जो शांतिपूर्ण समय के लिए एकदम सही है। सामने साफ और सुंदर समुद्र और चारों ओर पाम के पेड़ देखकर लगेगा कि आप केरल या गोवा के किसी बीच में हैं। अगर आप मरीन लवर्स हैं, तो आपको बता दें कि इस क्षेत्र में एक मरीन बायोलॉजी म्यूजियम है, जहां आप एक्वेटिक लाइफ के बारे में बहुत कुछ जान सकते हैं। यहां एक मंदिर और सुंदर लाइटहाउस भी है, अगर आप चाहें तो वहां की सैर कर सकते हैं। अगर आप इस क्षेत्र में और घूमना और इसके बारे में और जानना चाहें, तो यहां से सिर्फ 10 किमी दूर सदियों पुराना जगन्नाथ देव मंदिर है।

लोलेगांव

अगर आप जंगल सफारी करना चाहते हैं तो लोलेगांव पहुंचें। आप यहां पर जंगल की सैर और चारों ओर के आश्चर्यजनक दृश्यों का अनुभव कर सकते हैं। यहां कैनोपी वॉक को मिस नहीं किया जा सकता है। सबसे अच्छी चीजों में से एक जो आप यहां कर सकते हैं वो है होम स्टे बुक करना और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर रहना।

मुकुटमणिपुर

पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में स्थित यह एक छोटा शहर है। यहां आपको भारत का दूसरा सबसे बड़ा बांध और उसके चारों ओर खूबसूरत पहाड़ियां देखने को मिलेंगी। कोलकाता से लगभग 6 घंटे की दूरी पर स्थित यह स्थान पिकनिक स्पॉट के रूप में जाना जाता है जहां पर आप एक अच्छा समय बिता सकते हैं।