Navratri 2022 : नवरात्रि की रौनक देखनी हैं तो चले आइये देश की इन जगहों पर

भारत में हर एक त्यौहार की अलग ही धूम और रौनक देखने को मिलती है। इस समय देशभर में नवरात्रि का त्यौहार बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया जा रहा हैं। नवरात्रि के दौरान भारत में कई जगहों पर डांडिया नाइट्स का आयोजन किया जाता है। नौ दिनों तक इस उत्सव को लोग अलग-अलग तरीकों से मनाते हैं। जब भी कभी नवरात्रि के रौनक की बात आती हैं तो गुजरात का नाम सबसे पहले लिया जाता हैं। लेकिन देश के अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग तरह से नवरात्र का सेलिब्रेशन होता है और सभी में कुछ खास होता हैं। आज हम आपको बताने जा रहे हैं भारत की उन जगहों के बारे में जहां दुर्गा पूजा का त्योहार खूब धूमधाम से मनाया जाता हैं और यहां नवरात्रि की मनमोहक छवि देखने को मिलती हैं। आइये जानते हैं इसके बारे में...

गुजरात की नवरात्रि

महात्मा गांधी की जन्मभूमि से मशहूर यह राज्य दुर्गा पूजा के लिए भी बहुत मशहूर है। यहां भगवान राम को रावण पर मारे जाने की याद में धूमधाम से दुर्गा पूजा का त्योहार मनाते हैं। यहां आप रात भर आतिशबाजी देख सकते हैं। साथ ही राम के जीवन, सीता के संघर्ष और राम की विजय का पाठ करने के लिए नाटक, नृत्य या गीत का आयोजन होता है, जिसका आनंद आप उठा सकते हैं। इतना ही नहीं आप इस त्योहार के दौरान कई जगहों पर डांडिया का पारंपरिक डांस यानी गरबा देख सकते हैं। आप यहां दुर्गा पूजा घूमने के लिए लक्ष्मी विलास पैलेस, नवलखी ग्राउंड, सरखेज-गांधीनगर राजमार्ग और अन्य जगह पर जा सकते हैं ।

बंगाल की नवरात्रि

पश्चिम बंगाल में नवरात्रि का पर्व बहुत ही उत्साह और बड़े लेवल पर मनाया जाता है। नवरात्रि के आखिरी चार दिनों की यहां सबसे ज्यादा धूम होती है। इन जगहों पर देवी दुर्गा की मूर्ति को देवी के कई स्वरूपों में बनाया जाता है। जगह-जगह पंडाल सजते हैं जिनमें सुबह-शाम मां दुर्गा की पूजा-आरती की जाती है। अलग-अलग तरह के भोग बनाए और बांटे जाते हैं और तरह-तरह के कार्यक्रमों का भी आयोजन होता है। पश्चिम बंगाल में नवरात्रि का पर्व छठवें दिन से शुरू होता है और दसवें दिन तक चलता है। यहां के लोगों के लिए दुर्गा पूजा का हर एक दिन बेहद खास होता है।

तमिलनाडु की नवरात्रि

अन्य राज्यों की तुलना में तमिलनाडु में दुर्गा, लक्ष्मी और सरस्वती की पूजा अर्चना की जाती है। हर देवी के लिए तीन दिन अलग-अलग रखे जाते हैं। जिसमें उनकी पूजा अर्चना की जाती है। यहां पर नौ दिनों तक लोग एक दूसरे को उपहार देते हैं। जिसमें चूड़ियां, बिंदी जैसी चीजें शामिल हैं। इन दिनों में एक गुड़िया और उसके घर को सजाने का भी रिवाज है।

केरल की नवरात्रि

केरल एक ऐसी जगह है जहां घूमने का सपना लगभग हर एक ट्रैवलर का होता है। तो आप इस दौरान यहां जाने की भी प्लानिंग कर सकते हैं। जहां ज्यादातर जगहों पर नौ दिनों तक नवरात्र का सेलिब्रेशन होता है वहीं केरल में ये अंतिम तीन दिनों तक मनाया जाता है। यहां के लोग नवरात्र में मां सरस्वती की पूजा करते हैं। ऐसा माना जाता है मां सरस्वती की पूजा करने से ज्ञान और सद्बुधि प्राप्त होती है।

महाराष्ट्र की नवरात्रि

महाराष्ट्र में नवरात्रि का त्यौहार गुजरात के जैसे ही मनाया जाता है। नवरात्रि के दौरान लोग एक नई शुरूआत करते हैं और घर के लिए कुछ नया खरीदते हैं। इसके अलावा महिलाएं एक दूसरे को घर पर आमंत्रित करती हैं और उपहार देती हैं। महाराष्ट्र में गरबा और डांडिया काफी फेमस है। नवरात्रि के दिनों में रौनक देखने लायक होती है। कुछ अलग तरीके से नवरात्रि को सेलेब्रेट करना चाहते हैं, तो एक बार इन जगहों में जाने का प्लान कर सकते हैं।

मध्यप्रदेश की नवरात्रि

राज्य के इंदौर में कई जगहों पर डांडिया नाइट्स का आयोजन किया जाता है। इस शहर में बाकी जगहों की तरह कई दिन पहले गरबा और डांडिया नाइट्स के आयोजन की तैयारियां शुरू हो जाती हैं। गरबा या डांडिया नाइट को एंजॉय करने वालों को सेलिब्रेशन के बाद गिफ्ट भी दिए जाते हैं।

उत्तर प्रदेश की नवरात्रि

वाराणसी यानी भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती की नगरी, यहां दुर्गा पूजा के समय पूरा शहर भक्तिमय हो जाता है। यहां इस त्योहार को रावण पर भगवान राम की जीत के रूप में मनाया जाता है। यहां आप दुर्गा पूजा के उत्सव के दौरान भगवान राम, माता सीता, भगवान लक्ष्मण और भगवान हनुमान के रूप में तैयार छोटे बच्चों को पा सकते हैं। यहां रामायण की कई कहानियों को सुनाने के लिए कई नाटक सत्रों का मंचन किया जाता है। बता दे दुर्गा पूजा के दौरान आप कई संतों को वाराणसी जाते हुए देख सकते हैं। यह शहर इस त्योहार के दौरान अपने खास अनुष्ठान के लिए प्रसिद्ध है।