फ्लाइट से गोवा की सैर! 4-स्टार होटल, नाश्ता-डिनर और घूमने का पूरा इंतजाम, IRCTC का खास पैकेज

अगर आप मानसून के बाद गोवा की खूबसूरत वादियों और समुद्री किनारों पर छुट्टियां बिताने की योजना बना रहे हैं, तो यह मौका आपके लिए खास हो सकता है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) ने हैदराबाद से गोवा के लिए आकर्षक टूर पैकेज लॉन्च किया है। इस पैकेज की खास बात यह है कि इसमें आने-जाने की फ्लाइट टिकट, 4-स्टार होटल में ठहरने की सुविधा, ब्रेकफास्ट और डिनर के साथ स्थानीय दर्शनीय स्थलों की सैर भी शामिल है। यानी यात्रियों को अलग-अलग होटल, फ्लाइट या अन्य सुविधाओं की बुकिंग करने की जरूरत नहीं होगी।

गोवा में मिलेगा लग्जरी स्टे का अनुभव

गोवा लंबे समय से अपनी सुनहरी बीच, शांत वातावरण और प्राकृतिक सुंदरता के कारण पर्यटकों की पसंदीदा डेस्टिनेशन बना हुआ है। यहां के कोलवा, कैंडोलिम, मीरामार, अंजुना और वरका बीच हर साल लाखों सैलानियों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं। अरब सागर के किनारे बसा यह पर्यटन स्थल आरामदायक छुट्टियां बिताने के लिए बेहतरीन माना जाता है।

आईआरसीटीसी ने इस विशेष टूर पैकेज का नाम 'गोवा डिलाइट' रखा है, जबकि इसका पैकेज कोड SHA03 है। पूरी यात्रा हवाई मार्ग से कराई जाएगी और इसकी शुरुआत हैदराबाद एयरपोर्ट से होगी। इस टूर के तहत यात्रियों को गोवा में 3 रात और 4 दिन बिताने का अवसर मिलेगा, जहां ठहरने की व्यवस्था 4-स्टार होटल में की गई है।

किन तारीखों में मिलेगी यात्रा की सुविधा?

यह टूर पैकेज दो अलग-अलग बैच में उपलब्ध कराया गया है। पहला बैच 26 अगस्त 2026 से शुरू होगा, जबकि दूसरा बैच 9 सितंबर 2026 को रवाना होगा।

अगस्त बैच में हैदराबाद से गोवा के लिए इंडिगो की फ्लाइट 6E-905 दोपहर 11:45 बजे उड़ान भरेगी और 1:05 बजे गोवा पहुंचेगी। वापसी यात्रा 29 अगस्त को इंडिगो की फ्लाइट 6E-117 से होगी। वहीं, सितंबर बैच के यात्रियों की वापसी 12 सितंबर को इंडिगो की फ्लाइट 6E-712 के जरिए निर्धारित की गई है।
पैकेज की कीमत कितनी है?

अगर इस टूर पैकेज की लागत की बात करें, तो अगस्त बैच में सिंगल ऑक्यूपेंसी के लिए प्रति व्यक्ति 26,950 रुपये देने होंगे। डबल शेयरिंग पर यह शुल्क 21,500 रुपये, जबकि ट्रिपल शेयरिंग पर 21,000 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है।

सितंबर बैच में यही पैकेज कुछ सस्ता उपलब्ध कराया गया है। इसमें सिंगल ऑक्यूपेंसी का किराया 24,640 रुपये, डबल शेयरिंग का 19,200 रुपये और ट्रिपल शेयरिंग का 18,680 रुपये प्रति व्यक्ति तय किया गया है। बच्चों के लिए भी उनकी आयु और बेड की आवश्यकता के अनुसार अलग-अलग रियायती शुल्क निर्धारित किए गए हैं।

पैकेज में कौन-कौन सी सुविधाएं मिलेंगी?

आईआरसीटीसी के इस पैकेज में हैदराबाद से गोवा और गोवा से वापसी की फ्लाइट टिकट शामिल है। यात्रियों को गोवा के 4-स्टार होटल नीलम्स द ग्रैंड में 3 रात ठहरने की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा 3 ब्रेकफास्ट, 3 डिनर, एसी वाहन से स्थानीय दर्शनीय स्थलों का भ्रमण, ट्रैवल इंश्योरेंस, आईआरसीटीसी एस्कॉर्ट और सभी लागू टैक्स भी पैकेज में शामिल किए गए हैं।

हालांकि, लंच, हैदराबाद एयरपोर्ट तक आने-जाने का खर्च, फ्लाइट में परोसा जाने वाला भोजन, मांडोवी रिवर क्रूज, टूर गाइड शुल्क, व्यक्तिगत खर्च, लॉन्ड्री, पेय पदार्थ और पैकेज में शामिल नहीं की गई अन्य सेवाओं का भुगतान यात्रियों को अलग से करना होगा। इसके अलावा यदि भविष्य में एयरफेयर या एयरपोर्ट टैक्स में किसी प्रकार की बढ़ोतरी होती है, तो उसका अतिरिक्त शुल्क भी यात्रियों से लिया जाएगा। आईआरसीटीसी के अनुसार फिलहाल इस टूर पैकेज के लिए केवल 19 सीटें उपलब्ध हैं, इसलिए इच्छुक यात्रियों को समय रहते बुकिंग कराने की सलाह दी गई है।