विदेशी पर्यटकों की पहली पसंद बनती हैं भारत की ये 10 खूबसूरत जगहें, जानें इनके बारे में

भारत देश विविधताओं का देश हैं जहां का हर क्षेत्र अपनी अलग पहचान रखता हैं। भारत के विभिन्न इलाकों की वास्तुकला, संस्कृति और स्वादिष्ट व्यंजन इसे दुनियाभर में मशहूर बनाते हैं। यही वजह है कि विदेशियों में भारत को लेकर बहुत क्रेज रहता है। देश की इस खासियत को देखने ही हर साल लाखों विदेशी सैलानी यहां पहुंचते हैं। भारत में कई ऐसी जगहें हैं जो विदेशियों के पसंदीदा पर्यटन स्थल हैं। जी हां, जब भी विदेशी पर्यटक भारत आते हैं तो देश की कुछ ऐसी जगहें हैं जो उनकी विजिटिंग लिस्ट में सबसे ऊपर हैं जिनके बारे में आज हम आपको बताने जा रहे हैं। तो आइये जानते हैं इनके बारे में...

वाराणसी

वाराणसी को काशी व बनारस के नाम से भी जाना जाता है। हजारों साल पुराना ये शहर गंगा नदी के किनारे बसा हुआ है। यह हिंदुओं के प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों में से एक है। यहां 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक काशी विश्वनाथ का मंदिर है। यहां हर गली में आपको मंदिर मिल जाएंगे इसलिए इसे मंदिरों का शहर भी कहा जाता है। गंगा नदी के किनारे बसा ये शहर हिंदुओं के खास तीर्थ स्थलों में से एक है। यहां कई लोग मुक्ति और शुद्धिकरण लिए भी आते हैं। वाराणसी अपने कई विशाल मंदिरों के अलावा घाटों और अन्य कई लोकप्रिय स्थानों के लिए प्रसिद्ध है। बनारस में देश ही नहीं विदेश से भी लोग मुक्ति और मोक्ष के लिए आते हैं। अपनी एक अलग संस्कृति के लिए प्रसिद्ध यह शहर लाखों पर्यटकों को अपनी ओर खींचता है।

धर्मशाला

खूबसूरत कांगड़ा घाटी में स्थित धर्मशाला सुंदर जगह है। यहां कम पर्यटक जाते हैं, यही वजह है कि इसकी प्राचीन सुंदरता अब भी बरकरार है। चूंकि यह जगह तिब्बती आबादी का घर है, इसलिए यहां आकर ऐसा लगेगा जैसा कि आप किसी दूसरी दु़निया में जा रहे हैं। यहां पर ऐसी देखने लायक बहुत सी जगह हैं, जो ज्यादा पॉपुलर नहीं है। यहां ऑफबीट डेस्टीनेशन्स की तलाश करना विदेशी पर्यटकों के लिए एक दिलचस्प टास्क है। इसलिए उन्हें भारत की यह जगह सबसे ज्यादा पसंद है।

ऋषिकेश

ध्यान और योग के लिए ऋषिकेश पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है। इसलिए इसको योग की राजधानी के नाम से भी जाना जाता है। ये शहर योग और ध्यान का एक बहुत बड़ा केंद्र है। ऋषिकेश में आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या सबसे ज्यादा है। एडवेंचर के लिए भी यहां कई विकल्प हैं। अगर आप आध्यात्म को सीखना, समझना चाहते हैं या फिर वादियों की शांति व राफ्टिंग आदि करना चाहते हैं तो ऋषिकेश शहर आपका इंतजार कर रहा है। यहां राम झूला सबसे ज्यादा प्रसिद्ध है जिसका आनंद लेने लोग दूर-दूर से आते हैं।

जोधपुर

राजपूत राजा राव जोधा द्वारा स्थापित जोधपुर में शाही कलाकारी देखने को मिलती है। जोधपुर में 1200 एकड़ क्षेत्र में फैला मेहरानगढ़ किले की खूबसूरती देखते ही बनती है। जोधपुर को ब्लू सिटी के नाम से भी जाना जाता है। राजस्थान के इस शहर का हर एक कोना रॉयल्टी से भरा है। इस जगह के हर कोने पर आप तस्वीर खींचकर इसकी यादों को अपने पास कैद करके रख सकते हैं। जोधपुर में पूरे साल विदेशी पर्यटकों की भीड़ लगी रहती है।

मैसूर

मैसूर अपने शाही और समृद्ध इतिहास के लिए पर्यटकों के बीच मशहूर है। मैसूर भारतीय राजा टीपू सुल्तान और वाडियार राजवंश से जुड़ा हुआ है, जिन्होंने 1399 और 1950 के बीच इस जगह पर शासन किया था। कर्नाटक का ऐतिहासिक और प्रसिद्ध शहर मैसूर भारतीय संस्कृति के विभिन्न आयामों और समृद्ध विरासत को अपने में समेटे हुए है। मैसूर न सिर्फ कर्नाटक में पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है बल्कि आसपास के अन्य पर्यटक स्थलों के लिए एक कड़ी के रूप में भी काफी महत्वपूर्ण है। मैसूर पैलेस इस शहर का प्रमुख आकर्षण का केंद्र है, जहां घूमने के लिए देश-विदेश से पर्यटक पहुंचते हैं।

कसौल

कसौल को भारत का एम्स्टरडैम कहा जाता है। यहां पर ऐसी कई घूमने वाली जगह हैं, जो बाहर से आए पर्यटकों को रिलेक्स महसूस कराती हैं। खूबसूरती को अपने में समेटे हिमाचल का कसोल गांव यहां के प्रसिद्ध जगहों में से एक है, जिसे देखने की इच्छा हर किसी की होती है। खासकर यहां आप दोस्तों के ग्रुप को घूमते हुए देख सकते हैं। यहां पर ट्रेकिंग और रिवर राफ्टिंग का आनंद पर्यटकों द्वारा लिया जाता है। इसकी खूबसूरती और खासियतों के कारण यहां विदेशी पर्यटक भी सबसे ज्यादा आते हैं।

आगरा

सात अजूबों में से एक ताजमहल है। इसको यूनेस्को ने भी अपनी धरोहरों में जगह दी है। ताजमहल का दीदार करने देसी ही नहीं विदेशी भी दूर-दूर के देशों से आते हैं। ताज महल की खूबसूरती पूरे विश्व में प्रसिद्ध है। दुनिया के सात अजूबों में से एक ताजमहल के अलावा यहां मकबरा और किला है, जो बीते मुगल काल की विरासत को दर्शाता है। आपको बता दें कि आगरा जयपुर और दिल्ली के साथ पर्यटकों के लिए पॉपुलर गोल्डन ट्राएंगल सर्किट का हिस्सा है। आगरा में ताजमहल के अलावा ताज म्यूजियम, इतिमाद-उद-दौला, अकबर का मकबरा और किनारी बाजार के साथ आगरा का लाल किला भी देखने लायक जगह हैं।

गोवा

अगर आप मौज मस्ती के शौकीन हैं और छुट्टियां बिताना चाहते हैं तो गोवा बेस्ट डेस्टिनेशन हैं। गोवा को देश की फन कैपिटल भी कहा जाता है। यहां के बीच, पार्टियां आपको और कहीं नहीं मिलेंगी। यहां की रंगीन नाइटलाइफ, बीच पार्टी और सन-किस्ड प्लेस आपको दूसरी जगह नहीं दिखेगी। गोवा में सबके लिए कुछ न कुछ है। इजराइल और रूस से ज्यादातर लोग यहां आते हैं। यहां आधी रात से पार्टी शुरू होती है जो सुबह तक चलती है।

पुडुचेरी

पुडुचेरी अपने खूबसूरत बीचों के लिए प्रसिद्ध है जहां दुनिया भर से लोग आते हैं। पैरेडाइज बीच, अरबिंदो आश्रम, सेरेनिटी बीच, रॉक बीच, ओस्ट्री झील, मीरीन मस्जिद और आनंद रंगा पिल्लई हवेली ये सब पुडुचेरी के कुछ ऐसे स्थान हैं, जो विदेशियों को बेहद पसंद आते हैं। ये सभी जगहें भारतीय संस्कृति के साथ फ्रांसीसी विरासत के अवशेषों को संरक्षित किए हुई हैं। समुद्र तटों से लेकर ऐतिहासिक स्मारकों तक पुडुचेरी भारत का एक सुंदर पर्यटन स्थल है। यहां पर भारतीय के अलावा विदेशी पर्यटकों को सर्फिंग, स्कूबा डाइविंग में शामिल होने का मौका मिलता है।

जयपुर

भारत की पिंक सिटी कहे जाने वाले जयपुर में कई ऐसी ऐतिहासिक इमारतें मौजूद हैं जिन्हें देखने के लिए विदेशी पर्यटकों की भीड़ लगी रहती है। जयपुर में राजाओं और रानियों का एक लंबा इतिहास रहा है। इस शहर में इतिहास और संस्कृति का अद्भुत संगम हैं। अपने शानदार महलों, किलों और मंदिरों के साथ साथ ये शहर अपनी भव्यता और रॉयल्टी की झलक भी पर्यटकों के सामने पेश करता है। आमेर किला, नाहरगढ़, हवा महल, सिटी पैलेस, जल महल, जयपुर में इन जगहों की सैर जरूर करें।