भारत के अलावा इन देशों में भी होती है पतंगबाजी

मकर सक्रांति अर्थात पतंगों का त्योंहार नजदीक आ चूका हैं। इस दिन सभी के मन में बहुत उमंग और उत्साह होता हैं। आकाश पूरा रंग-बिरंगी पतंगों से सजा होता हैं और लैंप पतंगों की वजह से रात को आकाश में चलते-फिरते दीप नजर आते हैं। भारत में पूरे प्रदेश में पतंग महोत्सवों का आयोजन किया जाता हैं। लेकिन ऐसा नहीं है कि सिर्फ भारत में ही पतंग उड़ाने का प्रचलन हैं। दुनिया के कई ऐसे देश हैं जहां पतंगबाजी का लुत्फ़ उठाने के लिए पतंग महोत्सव होते रहते हैं। तो आज हम आपको बताने जा रहे हैं उन देशों के बारे में जहां पर भी पतंग बड़े मजे से उड़ाई जाती हैं।

* जापान :
जापानी भी पतंगबाजी के बहुत शौकीन होते हैं। उनका मानना है कि पतंग उड़ाने से देवता प्रसन्न होते हैं। वहां प्रति वर्ष मई के महीने में पतंगबाजी की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं। प्राचीन काल में जापान के लोगों में विश्वास था कि पतंगों की डोर वह जरिया है जो पृथ्वी को स्वर्ग से मिलाती है।

* चीन :
आज भी चीन में पतंग उड़ाने का शौक कायम है। वहां प्रत्येक वर्ष 9 सितंबर को पतंगोत्सव के रूप में मनाया जाता है। इस दिन चीन की लगभग समूची जनता पूरे जोश और उत्साह के साथ पतंगबाजी की प्रतियोगिता में भाग लेती है। पतंग का अंधविश्वासों में भी विशेष स्थान है। चीन में किंन राजवंश के शासन के दौरान पतंग उड़ाकर उसे अज्ञात छोड़ देने को अपशकुन माना जाता था। साथ ही किसी की कटी पतंग को उठाना भी बुरे शकुन के रूप में देखा जाता था

* थाईलैंड :
थाइलैंड में हर राजा की अपनी विशेष पतंग होती थी जिसे जाड़े के मौसम में भिक्षु और पुरोहित देश में शांति और खुशहाली की आशा में उड़ाते थे। थाइलैंड के लोग भी अपनी प्रार्थनाओं को भगवान तक पहुंचाने के लिए वर्षा ऋतु में पतंग उड़ाते थे।

* अमेरिका :
अमेरिका में तो रेशमी कपड़े और प्लास्टिक से बनी पतंगें उड़ाई जाती हैं। वहां जून के महीने में पतंग प्रतियोगिताओं का आयोजन होता है। माना जाता है कि अमेरिका के निवासियों ने वैज्ञानिक और सैन्य उद्देश्यों की पूर्ति के लिए पतंग का प्रयोग किया।

* भारत, दिल्ली :
दिल्ली में हर साल 26 जनवरी और 15 अगस्त को पतंग उड़ाने का चलन है। इसके अलावा लोहिड़ी, मकर संक्रांति, रक्षाबंधन, जन्माष्टमी और भैया दूज पर भी पतंगें उड़ाई जाती हैं। इस दिन दिल्ली का नीला आसमान तिरंगी पतंगों से घिर जाता है। दिल्ली में लोगों पतंगबाजी के प्रति खास आकर्षण है। लोग पूरे दिन सतरंगी पतंगें उड़ाते दिखाई देते हैं। राजधानी में दिल्ली पर्यटन विभाग की ओर से अंतरराष्ट्रीय पतंग मेले का आयोजन किया जाता है।