भारत में घूमने के लिए विदेशी पर्यटकों की पहली पसंद बनती है ये 7 जगहें

कोरोना का कहर कम होने के साथ ही भारत में पर्यटन फिर से बढ़ने लगता हैं। विदेशों से लोग फिर से पर्यटन के लिए भारत का रूख करने लगे हैं। हर साल लाखों विदेशी पर्यटक भारत में पर्यटन के लिए आते हैं जिससे भारत के इतिहास और वास्तुकला का तो दुनियाभर वर्चस्व होता ही हैं बल्कि इसी के साथ ही लोगों को रोजगार भी प्राप्त होता हैं। आज इस कड़ी में हम आपको देश की कुछ ऐसी जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं जो विदेशी पर्यटकों की पहली पसंद बनती है। इन जगहों की सुंदरता विदेशियों को भी खूब पसंद आती हैं। तो आइये जानते हैं इन जगहों के बारे में।

वाराणसी

वाराणसी को काशी व बनारस के नाम से भी जाना जाता है। हजारों साल पुराना ये शहर गंगा नदी के किनारे बसा हुआ है। यह हिंदुओं के प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों में से एक है। यहां 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक काशी विश्वनाथ का मंदिर है। यहां हर गली में आपको मंदिर मिल जाएंगे इसलिए इसे मंदिरों का शहर भी कहा जाता है। बनारस में देश ही नहीं विदेश से भी लोग मुक्ति और मोक्ष के लिए आते हैं। अपनी एक अलग संस्कृति के लिए प्रसिद्ध यह शहर लाखों पर्यटकों को अपनी ओर खींचता है।

केरल

इसे भारत के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थल के तौर पर देखा जाता है। यहां आयुर्वेद का एक ऐसा आकर्षण है जिसे सीखने, जानने और प्रयोग करने दुनिया भर से लोग आते हैं। यहां बीच, स्पा का भी क्रेज है। हिल स्टेशन देखने भी दुनियाभर से लोग आते हैं। प्रकृति से प्यार करने वालों की इसकी अलग ही क्रेज है।

ऋषिकेश

ध्यान और योग के लिए ऋषिकेश पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है। इसलिए इसको योग की राजधानी के नाम से भी जाना जाता है। ये शहर योग और ध्यान का एक बहुत बड़ा केंद्र है। ऋषिकेश में आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या सबसे ज्यादा है। एडवेंचर के लिए भी यहां कई विकल्प हैं। अगर आप आध्यात्म को सीखना, समझना चाहते हैं या फिर वादियों की शांति व राफ्टिंग आदि करना चाहते हैं तो ऋषिकेश शहर आपका इंतजार कर रहा है। यहां राम झूला सबसे ज्यादा प्रसिद्ध है जिसका आनंद लेने लोग दूर-दूर से आते हैं।

आगरा

सात अजूबों में से एक ताजमहल है। इसको यूनेस्को ने भी अपनी धरोहरों में जगह दी है। ताजमहल का दीदार करने देसी ही नहीं विदेशी भी दूर-दूर के देशों से आते हैं। ताज महल की खूबसूरती पूरे विश्व में प्रसिद्ध है। आगरा में ताजमहल के अलावा ताज म्यूजियम, इतिमाद-उद-दौला, अकबर का मकबरा और किनारी बाजार के साथ आगरा का लाल किला भी देखने लायक जगह हैं।

गोवा

अगर आप मौज मस्ती के शौकीन हैं और छुट्टियां बिताना चाहते हैं तो गोवा बेस्ट डेस्टिनेशन हैं। गोवा को देश की फन कैपिटल भी कहा जाता है। यहां के बीच, पार्टियां आपको और कहीं नहीं मिलेंगी। यहां की पार्टी आधी रात से शुरू होकर सुबह तक चलती है।

हम्पी

कर्नाटक में स्थित हम्पी अपने खंड़हरों की सुंदर वास्तुकला के अलावा अपने धार्मिक इतिहास के लिए भी प्रसिद्ध है।मंदिरों और प्राकृतिक दृश्यों के अलावा, यहां बड़ी खूबसूरती के साथ बनाए गए कई पानी के ताल और अन्य सार्वजनिक भवन भी हैं, जो विजयनगर के राजाओं के नगर नियोजन कौशल को दर्शाते हैं। यहां के जलसेतु और नहरें 13 से 15वीं सदी की जल प्रबंधन प्रणाली की एक झलक दिखलाते हैं।

जयपुर

जयपुर में हवामहल देखने के लिए देश ही नहीं विदेशों से भी पर्यटक आते हैं। इस शहर में इतिहास और संस्कृति का अद्भुत संगम हैं। आप यहां अम्बर पैलेस, सिटी पैलेस, जंतर मंतर, नाहरगढ़ किला, जयगढ़ किला, लक्ष्मी नारायण मंदिर और लेक पैलेस घूम सकते हैं।