अपनी इन खासियत के चलते मुंबई ने बनाई हैं अनोखी पहचान, आइये जानें

दुनियाभर में सैकड़ों प्रसिद्द शहर हैं जिसमें से कुछ अपने काम के लिए जाने जाते हैं तो कुछ पर्यटन के लिए। लेकिन कुछ शहर ऐसे होते हैं जो अपनी अनोखी खासियत के लिए पहचाने जाते हैं। ऐसा ही एक शहर हैं सपनों की नगरी मुंबई। अपने सपनों को पूरा करने के लिए लोग मायानगरी मुंबई में दिन रात कोशिश करते हैं, वैसे ये शहर भी कोशिश करने वालों को कामयाबी का स्वाद ज़रूर दिलाता है। यह सपनों का शहर है जो अपने फैशन, आकर्षक जीवनशैली, बालीवुड और कुछ बहुत प्रसिद्द सिने कलाकारों के घर के लिये जाना जाता है। लेकिन इसी के साथ ही यह शहर कई अन्य चीजो के लिए भी प्रसिद्द हैं, जो अब यहां की खासियत बन चुकी हैं। आइये जानते हैं इनके बारे में...

लोकल ट्रेन

देश के सबसे बड़े शहरों में से होने के साथ-साथ ये शहर कुछ खास भी है। मुंबई में कुछ बातें ऐसी है जो शायद आपको किसी और शहर में नहीं मिलेंगी। इनमें सबसे पहला नाम आता है लोकल ट्रेन का। अगर आप शहर के एक कोने से दूसरे कोने तक कम समय में जाना चाहते हैं तो लोकल ट्रेन से बेहतर ऑप्शन और कोई नहीं है। भीड़ की वजह से शुरू में इन ट्रेनों में सफर करना थोड़ा मुश्किल हो सकता है। लेकिन कुछ समय बाद आपको इसकी आदत हो जाएगी। मुंबई को चीरकर दौड़ती ये ट्रेनें इस शहर के लोगों के लिए मजबूरी से ज्यादा जरूरत बन चुकी हैं। दुनिया के सबसे बेहतरीन ट्रेन सिस्टम होने के बावजूद मुंबई के लोगों के लिए ये केवल ट्रेन नहीं हैं। क्योंकि ये ट्रेनें केवल कुछ सैकंडों के लिए ही रुकती हैं इसलिए इन ट्रेनों में सफर करने के बाद आपको एक-एक सेकंड की कीमत पता चलती है। रोजाना लगभग 7.5 मिलियन यात्रियों का साधन बन चुकी लोकल में एक बार सफर करना तो बनता है।

मंदिर के दर्शन

धार्मिक लोगों के लिये मुंबई में देश के कई पवित्र स्थल हैं। इनमें से दो प्रमुख स्थल भगवान गणेश को समर्पित सिद्धिविनायक मंदिर और हाजी अली मस्ज़िद हैं जिनकी अपनी अलग कहानी है। इन दोनों की वास्तुकला लगभग एक जैसी है तथा ये जिस वास्तुकला को प्रदर्शित करते हैं उसकी वैयक्तिक सराहना ही की जा सकती है। हालांकि सावधान रहें, इन दोनों स्थानों पर बहुत ज़्यादा भीड़ होती है। अत: अपने दोस्तों, रिश्तेदारों या पर्यटन मार्गदर्शक से पूछ लें कि सैर के लिये उत्तम समय कौन सा है। यदि आप बहुत ज़्यादा धार्मिक नियमों का पालन नही करते तो मंगलवार और गुरूवार को सिद्धिविनायक मंदिर नही जाना चाहिए।

मुंबई का वड़ा पाव

मुंबई उन शहरों में से है जहाँ स्ट्रीट फूड को पूजा जाता है। अगर आप चटोरा खाना खाने के शौकीन हैं फिर ये शहर आपको जन्नत जैसा लगेगा। स्वादिष्ट चाट से लेकर गली के कोनों पर मिलने वाली पानी पूरी तक यहाँ आपको वो हर स्वाद मिलेगा जो आपके अंदर बसे फूडी को खुश कर देगा। लेकिन एक डिश ऐसी है जो यकीनन मुंबई की पहचान है। बम्बई का मसालेदार वड़ा पाव फैंसी बर्गर और पिज्जा को बराबर टक्कर देता है। ये एक ऐसी डिश है जो आपको हर थोड़ी दूर पर मिलना लगभग तय है। किसी भी मुंबईकर से उसका पसंदीदा स्ट्रीट फूड पूछ लीजिए यहाँ हर कोई सबसे पहले वड़ा पाव का ही नाम लेगा।

मुंबई की नाईटलाईफ़

मुंबई की नाईटलाईफ़ के चर्चे दुनियाभर में होती है और इसे विश्व में सबसे अधिक सुरक्षित माना जाता है। नाईट क्लब और लाउंज जैसे पॉलीएस्थेर्स, टोट्स, द एल्बो रूम और 21 डिग्री फैरेनहाइट कुछ विकल्प हैं जिनमें से आप चुन सकते हैं। मुंबई की नाईट लाईफ़ रात को एक से तीन बजे के बीच समाप्त होती है जो इलाके पर निर्भर करती है और इस बात पर भी की वह क्लब है या होटल।

बॉलीवुड की दुनिया

फिल्मों की दुनिया में भारतीय फिल्म इंडस्ट्री का विश्वभर में नाम है और इसकी एक वजह भी है। अकेले बॉलीवुड में हर साल लगभग 1000 से भी ज्यादा फिल्में बनाई जाती हैं। दुनिया में शायद ही कोई फिल्मी कीड़ा होगा जिसने बॉलीवुड में बनाई हुई फिल्में नहीं देखी होंगी। भारतीय लोग हर साल लगभग 3 बिलियन मूवी टिकट खरीदते हैं जो दुनिया में सबसे ज्यादा है। फिल्मों के लिए प्यार और दीवानापन मुंबई के हर गली मोहल्ले में साफ दिखाई देता है। कहीं सड़कों पर बड़े-बड़े पोस्टर लगे दिखेंगे तो कहीं किसी कैफे की सजावट किसी फिल्म से जुड़ी मिलेगी। केवल यही नहीं लोग अपने चहेते फिल्मी सितारों की एक झलक पाने के लिए घंटों भीड़ और लाइनों में खड़े रहने के लिए तैयार रहते हैं। कुछ सितारों के बंगले तो मुंबई दर्शन टूर में भी दिखाए जाते हैं।

मुंबई की बारिश

आपने ये जवानी है दीवानी फिल्म देखी है? अगर देखी है तो आपको वो सीन ज़रूर याद होगा जिसमें दीपिका पादुकोण और रणबीर कपूर देशी और विदेशी अनुभवों को याद करते हुए खट्टी मीठी नोक झोंक करते हुए दिखाई देते हैं। लेकिन बम्बई की बारिश का नाम आते ही दोनों कैसे ठहर से जाते हैं। इस शहर की बारिश बिल्कुल वैसा ही एहसास लेकर आती है। उमस और गर्मी के बाद बारिश का मौसम आते ही जैसे पूरा बम्बई झूम उठता है। शहर की फेमस मरीन ड्राइव पर तो जैसे लोगों के उत्सव जैसा माहौल हो जाता है। मौसम ठंडा और खुशनुमा होता है और लोग छुट्टियाँ बिताने के लिए खंडाला और अलीबाग जाना पसंद करते हैं।