देश के इन शहरों में देखने को मिलती हैं क्रिसमस की धूम, बनाएं घूमने का प्लान

दिसंबर का महीना जारी हैं और आने वाले दिनों में क्रिसमस का सेलेब्रेशन होना हैं जो कि साल का आखिरी फेस्टिवल हैं। क्रिसमस पर लोग अपने परिवार, दोस्तों के संग या अकेले ही घूमने निकल जाते हैं। इस मौके पर जगह-जगह क्रिसमस कार्निवल का आयोजन किया जाता है। देशभर में कई ऐसी जगहें हैं जहां क्रिसमस का सेलेब्रेशन देखते ही बनता हैं। अगर आप भी अपने दोस्तों या परिवार वालों के साथ क्रिसमस सेलिब्रेशन करने का प्लान बना रहे हैं तो आज हम आपको भारत के कुछ ऐसे ही शहरों के बारे में बताने जा रहे हैं जहां धूमधाम से क्रिसमस का जश्न मनाया जाता है। आइये जानते हैं इन जगहों के बारे में...

पुडुचेरी

गॉथिक चर्च और कैथेड्रल की खूबसूरती के साथ पुडुचेरी भी क्रिसमस वेकेशन के लिए सबसे लोकप्रिय जगहों में से एक मानी जाती है। तमिलनाडु तट से कुछ ही दूरी पर स्थित ये छोटा सा केंद्र शासित प्रदेश शानदार वास्तुकला, सुंदर समुद्र तटों और रमणीय फ्रांसीसी व्यंजनों के कारण लिटिल फ़्रांस के नाम से भी जाना जाता है। यहां क्रिसमस की पारंपरिक अनुष्ठानों और मेरी-मेकिंग और साथ में क्रिसमस का सेलिब्रेशन सैलानियों को काफी आकर्षित करता रहा है।

गोवा

क्रिसमस के लिए सबसे अच्छी जगहों में गोवा सबसे उपर रहता है। इसमें कोई शक नहीं है कि हर कोई यहाँ आकर क्रिसमिस को सेलिब्रेट करना चाहता है। गोवा हर प्रकार की एंजायमेंट का घर है। यहाँ आप प्रकृति का आनंद भी ले सकते हैं, गोवा के बीचों को देख सकते हैं, शहर को स्कूटी से नाप सकते हैं और शाम को हसीन बना सकते हैं। यहाँ आपके लिए खूबसूरत पब और बार हैं। यहाँ आपके लिए हर प्रकार की ड्रिंक आपको मिल जाएगी। यहाँ आप लोकल फूड से सी-फूड तक को ट्राई कर सकते हैं। इंडियंस के अलावा कई विदेशी टूरिस्ट भी गोवा क्रिसमस में आना पसंद करते हैं। गोवा में क्रिसमस में आपको यहाँ की गलियों में घूमना चाहिए, चर्च जाना चाहिए जहाँ कई प्रकार की झाकियाँ आपको देखने को मिलेंगी।

मुंबई

मुंबई में क्रिसमस को काफी ज़ोर-शोर से मनाया जाता है। ये छुट्टियां मनाने के लिए एक अच्छा स्थान है। यहां सभी मॉल व बाज़ार क्रिसमस ट्री, लाइटें और अन्य सजावट से सुसज्जित होते हैं, और आकर्षक डिस्काउंट भी देते हैं। खास तौर पर चर्च गेट, बांद्रा और हिल रोड बहुत सुंदर लाइटों से, और सड़क के किनारे लगे क्रिसमस ट्रीज़ से सजे हुए, बहुत आकर्षक लगते हैं। मुंबई शहर को पार्टी करना बेहद पसंद है, और क्रिसमस के दौरान इनका अनुभव और भी यादगार बन जाता है। आप यहां के अनगिनत हाई-एनर्जी नाइट क्लब्स में से चुन सकते हैं।

शिलॉन्ग

अगर आप गोवा नहीं जाना चाहते हैं तो नॉर्थ ईस्ट घूमने जा सकते हैं।मेघालय की राजधानी शिलॉन्ग में कैथोलिक्स की काफी संख्या है और यहां क्रिसमस का त्योहार बड़े जोश व उत्साह के साथ मनाया जाता है। शिलांग में सबसे अच्छा क्रिसमस सेलिब्रेशन पुलिस बाज़ार में होता है। इसके अलावा चर्च और उसके आसपास भी कई प्रकार की गतिविधियाँ होती रहती हैं। सबसे अच्छी बात आपको अलग से क्रिसमस के लिए शिलांग नहीं आना पड़ेगा। आप यहाँ वीकेंड में मौलिन्नोंग गाँव, उमियम लेक, ऐलीफेंट फाॅल्स और शिलांग पीक जैसी जगहों पर जाना चाहिए।

मनाली

आप क्रिसमस सेलिब्रेट करने के लिए मनाली भी जा सकते है। यहां आप स्नोमैन बनाकर क्रिसमस मना सकते हैं। इसके अलावा स्कीइंग से लेकर स्नोबोर्डिंग तक कई तरह की एक्टिविटीज का आनंद ले सकते हैं। हॉट चॉकलेट के साथ खूबसूरत नजारों और स्नोफॉल का लुत्फ उठा सकते हैं। आप यहां के मशहूर कैफे और रेस्तरां में भी जा सकते हैं।

केरल

अगर आप क्रिसमस सेलिब्रेशन को पूरी तरह से धार्मिक रूप में देखना चाहते हैं तो केरल आना चाहिए। उस दिन पूरा शहर रोशनी से जगमग रहता है और वो नज़ारा बहुत खूबसूरत होता है। आप पानी और पहाड़ दोनों जगह से इस नज़ारे का आनंद ले सकते हैं। इसके अलावा वीकेंड आप मुन्नार, टाॅप स्टेशन और वेगामन जैसे हिल स्टेशनों को देख सकते हैं। अगर आप यहाँ क्रिसमस पर आते हैं तो ये एक पंथ और दो काज वाली बात हो गई। वीकेंड में केरल भी घूमना हो जाएगा और 25 दिसंबर को क्रिसमस भी सेलिब्रेट हो जाएगा।

शिमला

क्रिसमस सेलिब्रेशन के लिए आप शिमला भी जा सकते हैं। ये हिल स्टेशन सर्दियों की छुट्टियों को बिताने के लिए एकदम परफेक्ट है। आप यहां टॉय ट्रेन में घूमने का लुत्फ उठा सकते हैं। इसके अलावा आप यहां ब्रिटिश काल के कैफे, क्राइस्ट चर्च और माल रोड के रेस्तरां में जा सकते हैं। ये हिल स्टेशन घूमने के लिए बेस्ट है।

कोलकाता

कोलकाता आज भी उन शहरों में है जिनका कल और आज साथ मिलकर चल रहा है। ये शहर अंग्रेजों के बहुत करीब था। इसी वजह से यहाँ चर्च तो बहुत हैं और क्रिसमस भी शानदार तरीके से मनाया जाता है। यहाँ आप म्यूजिक फेस्टिवल, डांस फेस्टिवल और फूड फेस्टिवल में जा सकते हैं। क्रिसमस की शुरूआत क्रिसमस ट्री और सैंटा क्लाॅज से होती है। कई प्रकार के क्रिसमस ट्री अलग-अलग जगहों पर दिख जाएँगे। क्रिसमस के अलावा इस शहर को देखना बेहद शानदार अनुभव होता है। यहाँ आप बेलूर मठ, शांति निकेतन आश्रम, स्वामी विवेकानंद निवास, बिड़ला तारामंडल, चर्च और संग्रहालय देख सकते हैं। इसके अलावा यहाँ की गलियों में घूमने का अलग ही सुकून है।