आइजोल : खूबसूरत पहाड़ियों से ढका हुआ शहर, सुंदरता से आंखें हो जाती हैं चकाचौंध, ये पर्यटन स्थल लाजवाब

आइजोल, पूर्वोत्तर भारत के आठ राज्यों में से एक मिज़ोरम की राजधानी है। मिज़ोरम का शाब्दिक अर्थ है मिज़ो की भूमि जबकि मिज़ो का अर्थ है हाइलैंडर्स। देश के सबसे छोटे राज्यों में से एक, मिज़ोरम की अंतराष्ट्रीय सीमाएं म्यांमार और बांग्लादेश से मिलती हैं जबकि इसकी अंतर-राज्य सीमाएँ असम, त्रिपुरा और मणिपुर से मिलती हैं। आइजोल एक सुंदर शहर है जो खड़ी पर्वत श्रेणियों, पहाडि़यों और घाटियों के बीच फैला हुआ है। यहाँ पर राज्य के सभी प्रशासनिक भवन जैसे महत्वपूर्ण सरकारी भवन, विधानसभा तथा सचिवालय स्थित है।सदियों पुराना यह शहर समुद्रतल से 1132 मी. ऊपर है और उत्तर में दुर्तलैंग की राजसी चोटियों से घिरा हुआ है| खूबसूरत वादियों की वजह से ही इस शहर को 'लैंड ऑफ हाइलैंडर्स' भी कहा जाता है। यहाँ बहने वाली तलौंग नदी तो आइजोल की सुंदरता को और भी बढ़ा देती है। यह मिज़ोरम का सबसे तेज़ी से बढ़ता हुआ शहर है, इसका संरचनात्मक विस्तार आज की प्राथमिक आवश्यकता है। तो चलिए जानते हैं आइजोल के प्रमुख पर्यटन स्थलों के बारे में...

मिजोरम राज्य संग्रहालय

अगर आपको मिजोरम की समृद्ध संस्कृति से रूबरू होना है, तो आइजोल में स्थित मिजोरम राज्य संग्रहालय जरूर जाएं। यहां मौजूद प्रत्येक वस्तु राज्य की जातीय पृष्ठभूमि के बारे में बताती है। इतिहास में रुचि रखने वाले लोगों के बीच यह संग्रहालय बहुत लोकप्रिय है।

सोलोमन मंदिर

सोलोमन मंदिर अथवा सालोमन मंदिर का उल्लेख बाइबिल में प्रथम मंदिर के नाम से मिलता है। यह संगमरमर से बना हुआ अथवा हरियाली से घिरा हुआ है। यह करीब 3000 वर्ग मीटर में फैला हुआ है।

रुंग्डिल झील

यह सुंगपुइलोन गांव से 14 किलोमीटर की दूरी पर स्थित एक शानदार झील है, जो काफी दूर तक फैली हुई है। रुंग्डिल झील एक शानदार जुड़वां झील है। यह झील अपनी प्राकृतिक सुंदरता से पर्यटकों को आकर्षित करती है। प्रकृति प्रेमियों के लिए यह एक बेहतरीन जगह है। रुंग्डिल झील में दो समान झीलें हैं जो भूमि की एक संकीर्ण पट्टी से अलग होती हैं। हालाँकि, यह माना जाता है कि दोनों झीलों का एक भूमिगत संबंध है।

रिएक गांव

यह पश्चिम में करीब 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित यह एक छोटा सा गांव है, लेकिन यह मिजोरम का एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है। यहां आपको एक से बढ़कर एक शानदार चट्टानें देखने को मिल जाएंगी, जो गुफाओं और प्राकृतिक जंगलों से सुसज्जित हैं। यहां आने के बाद आपको ऐसा लगेगा, जैसे आप स्वर्ग में आगए।

आइजोल का मौसम

आरामदायक गर्मियों और सर्दियों के साथ आइजोल की जलवायु शीतोष्ण ओर सौम्य होती है। गर्मियों में औसत तापमान 20 से 29 डिग्री से. के बीच रहता है जबकि सर्दियों में यह 7 डिग्री से. तक पहुँच जाता है। आइजोल में हर साल वार्षिक वर्षा 254 से.मी. तक होती है।