लंबे समय तक कब्ज रहने पर हो सकता है घातक! निजात पाने के लिए ऐसे करें अरंडी के तेल का इस्तेमाल

बदलती जीवनशैली के कारण इन दिनों कब्ज की बीमारी आम हो गई है। इसमें न तो कुछ खाना-पीना अच्छा लगता है और ऊपर से हर समय दिमाग पर यही समस्या हावी रहती है। कब्ज किसी भी उम्र के व्यक्ति को प्रभावित कर सकता है। भले यह एक आम समस्या है, लेकिन इसका लंबे समय तक बना रहना घातक भी हो सकता है। इसलिए, जरूरी है कि समय रहते इस समस्या पर काबू पा लिया जाए।

कब्ज क्या है?

अगर किसी व्यक्ति को हफ्ते में तीन बार या उससे कम मल त्याग होता है तो उसे कब्ज की स्थिति कह सकते हैं। इस स्थिति में मल सख्त और सूखा हो जाता है। साथ ही व्यक्ति को पेट-फूलने या पेट में दर्द की शिकायत भी हो सकती है । हालांकि, कब्ज कोई बीमारी नहीं बल्कि यह किसी अन्य बीमारी का लक्षण हो सकता है।


कब्ज के लिए अरंडी के तेल का उपयोग

1. अरंडी का तेल

सामग्री

- एक चम्मच अरंडी का तेल
- अपने पसंद का कोई फल का जूस

उपयोग करने का तरीका

- सबसे पहले अरंडी के तेल को कुछ देर फ्रिज में ठंडा होने के लिए रख दें।
- जब तेल ठंडा हो जाए तो अपने पसंद के किसी जूस में मिलाकर इसका सेवन करें।

कैसे फायदेमंद है?

अरंडी के तेल में लैक्सेटिव गुण मौजूद होता है, जिससे कब्ज की परेशानी से राहत मिल सकती है। अरंडी तेल का उपयोग हफ्ते में दो बार किया जा सकता है।


2. अरंडी का तेल और संतरे का रस

सामग्री

- एक चम्मच अरंडी का तेल
- एक कप संतरे का रस

उपयोग करने का तरीका

- एक कप संतरे के रस में अरंडी का तेल डालें और अच्छी तरह से मिलाएं।
- अब इसका सेवन करें।
- हर कुछ दिनों में एक बार इस मिश्रण का सेवन किया जा सकता है।

कैसे फायदेमंद है?

संतरे के फायदे अनेक हैं। अरंडी के तेल में अगर पेट साफ करने का गुण हैं, तो संतरे का रस भी कब्ज की परेशानी से राहत दिलाने में मदद कर सकता है। दरअसल, जूस में पानी भरपूर मात्रा में होता है और पानी सख्त मल को मुलायम करता है और उसकी निकासी में मदद करता है ।

3. अरंडी का तेल और नींबू का रस

सामग्री

- एक चम्मच अरंडी का तेल
- एक कप नींबू का रस

उपयोग करने का तरीका

- एक कप नींबू के रस में लगभग एक चम्मच अरंडी का तेल मिलाएं।
- फिर इसका सेवन करें।
- हर दूसरे दिन इसका सेवन किया जा सकता है।

कैसे फायदेमंद है?

अरंडी के तेल के साथ नींबू का रस भी लाभकारी हो सकता है। दरअसल, नींबू एक सिट्रस फल है और एनसीबीआई की वेबसाइट पर प्रकाशित एक शोध से यह पता चलता है कि सिट्रस फल का सेवन कब्ज की समस्या से राहत दिलाने में मदद कर सकता है।


4. अरंडी का तेल और गर्म सेंक

सामग्री

- एक बड़ा चम्मच अरंडी का तेल
- एक हीटिंग पैड

उपयोग करने का तरीका

- पहले अरंडी के तेल से पेट पर हल्की मालिश करें।
- अब थोड़ी देर के लिए पेट पर हीटिंग पैड रखें।
- ऐसा हर रोज किया जा सकता है, खासकर जब तक कब्ज की समस्या से राहत न मिल जाए।

कैसे फायदेमंद है?

अरंडी के तेल का पैक कब्ज से राहत दिलाने में मदद कर सकता है, इस बारे में हमने लेख में पहले ही जानकारी दे दी है। अब इसी के साथ अगर हीटिंग पैड का उपयोग किया जाए तो और लाभकारी हो सकता है। कब्ज के दौरान हीटिंग शीट के उपयोग से पेट को आराम मिल सकता है।


5. बच्चों के लिए अरंडी के तेल से मालिश

सामग्री

आवश्यकतानुसार ऑर्गेनिक अरंडी का तेल।

उपयोग करने का तरीका

- थोड़ा सा अरंडी का तेल लेकर उसे गुनगुना कर लें।
- अब इस तेल से बच्चे के पेट और हाथ-पैरों की धीरे-धीरे मालिश करें।
- कुछ मिनट तक मालिश करते रहें।

कैसे फायदेमंद है?

अरंडी के तेल का पैक कब्ज में होने वाली परेशानियों या उसके लक्षणों को कुछ हद तक कम करने में मदद कर सकता है। अरंडी के तेल में दर्दनिवारक गुण मौजूद होता है, जो कब्ज के दौरान पेट दर्द की समस्या को कम करने में मदद कर सकता है। हालांकि, बच्चों के लिए अरंडी के तेल का उपयोग कितना लाभकारी हो सकता है, इस बारे में कोई वैज्ञानिक प्रमाण मौजूद नहीं है। ऐसे में बस अनुमान के तौर पर ही इसका उपयोग किया जा सकता है।