गर्मी और बरसात के मौसम में बढ़ती उमस और लगातार आने वाले पसीने के कारण त्वचा संबंधी कई समस्याएं सामने आने लगती हैं। इनमें सबसे आम परेशानी जांघों के अंदरूनी हिस्से में होने वाले थाई रैश (Thigh Rash) या स्किन चाफिंग की है। यह समस्या विशेष रूप से उन लोगों में ज्यादा देखी जाती है जिनका वजन अधिक होता है, क्योंकि चलते-फिरते समय जांघों के बीच लगातार होने वाला घर्षण त्वचा को नुकसान पहुंचाता है। महिलाओं में यह समस्या अधिक देखने को मिलती है, लेकिन झिझक के कारण अधिकांश महिलाएं इस पर खुलकर बात नहीं कर पातीं। शुरुआत में हल्की रगड़ और असहजता महसूस होती है, लेकिन समय रहते ध्यान न देने पर यही समस्या तेज जलन, दर्द, खुजली और यहां तक कि घाव का रूप भी ले सकती है।
एक्सपर्ट्स के अनुसार, जांघों के अंदरूनी हिस्से में होने वाली रगड़ से घबराने की जरूरत नहीं है। सही स्किनकेयर, उपयुक्त कपड़ों का चुनाव और कुछ आसान सावधानियां अपनाकर इस समस्या को काफी हद तक रोका और नियंत्रित किया जा सकता है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि अब इनरवियर इंडस्ट्री केवल स्टाइल और फैशन तक सीमित नहीं रही है, बल्कि महिलाओं की रोजमर्रा की वास्तविक परेशानियों को ध्यान में रखकर ऐसे उत्पाद विकसित किए जा रहे हैं, जो आराम और त्वचा की सुरक्षा दोनों सुनिश्चित करें।
आखिर जांघों में रगड़ क्यों होती है?जांघों के भीतरी हिस्से की त्वचा तब प्रभावित होती है, जब वह बार-बार एक-दूसरे से या कपड़ों के संपर्क में आकर रगड़ खाती है। गर्मी और बरसात के मौसम में नमी, पसीना और उमस इस घर्षण को और अधिक बढ़ा देते हैं, जिससे त्वचा पर जलन और लालिमा होने लगती है।
इसके अलावा, अत्यधिक पसीना आने से त्वचा अधिक मुलायम और संवेदनशील हो जाती है। यदि इस दौरान शरीर पर ऐसे कपड़े पहने जाएं जो हवा का संचार न होने दें या नमी को सोखने में सक्षम न हों, तो पसीना त्वचा पर जमा रहता है और रैशेज की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।
थाई रैश के कौन-कौन से लक्षण हो सकते हैं?जांघों के बीच हल्की जलन या रगड़ महसूस होना सामान्य हो सकता है, लेकिन यदि कुछ खास लक्षण दिखाई दें तो उन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, क्योंकि वे संक्रमण का संकेत भी हो सकते हैं।
एक्सपर्ट्स का कहना है कि हैं कि यदि त्वचा पर लगातार लालिमा बनी रहे, तेज जलन हो, त्वचा फटने लगे, लगातार खुजली महसूस हो या प्रभावित हिस्से से असामान्य गंध आने लगे, तो यह गंभीर स्थिति का संकेत हो सकता है। ऐसे मामलों में घरेलू उपायों पर निर्भर रहने के बजाय त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लेना बेहतर होता है।
जांघों में रगड़ और रैशेज से बचने के आसान उपायगर्मी और उमस के मौसम में हमेशा हल्के, ढीले, मुलायम और पसीना सोखने वाले कपड़े पहनें, ताकि त्वचा सूखी रहे और घर्षण कम हो।
जांघों के बीच सीधे संपर्क को कम करने के लिए लंबे और आरामदायक इनरवियर या एंटी-चाफिंग शॉर्ट्स का इस्तेमाल करें।
जिन हिस्सों में अधिक पसीना आता है, उन्हें समय-समय पर साफ और पूरी तरह सूखा रखें।
तेज खुशबू वाले पाउडर, लोशन या मॉइस्चराइजर लगाने से बचें, क्योंकि इनमें मौजूद कुछ तत्व संवेदनशील त्वचा में जलन बढ़ा सकते हैं।
त्वचा को घर्षण से बचाने के लिए जिंक ऑक्साइड युक्त बैरियर क्रीम का उपयोग किया जा सकता है, जो एक सुरक्षात्मक परत बनाकर रगड़ को कम करने में मदद करती है।
यदि रगड़ के कारण पहले से जलन हो रही है, तो प्रभावित स्थान पर कुछ मिनट के लिए बर्फ की सिकाई करने से आराम मिल सकता है और सूजन भी कम हो सकती है।
गर्मी और बारिश के मौसम में थोड़ी-सी सावधानी अपनाकर थाई रैश जैसी तकलीफदेह समस्या से काफी हद तक बचा जा सकता है। यदि घरेलू उपायों के बावजूद जलन, दर्द या संक्रमण के लक्षण लगातार बने रहें, तो बिना देरी किए त्वचा विशेषज्ञ से परामर्श लेना सबसे सुरक्षित विकल्प है।