World Heart Day : दिल को सेहतमंद बनाए रखने के लिए जरूरी हैं जीवनशैली में ये बदलाव

दिल हमारे शरीर के सबसे महत्वपूर्ण अंगों में से एक है। यह अंग हमारे परिसंचरण प्रणाली के बीच में स्थित है, जो धड़कते हुए शरीर के चारों ओर रक्त का प्रवाह करता है। हृदय को स्वस्थ रखना मौजूदा समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और चुनौती भी। जिस तरह से कम उम्र के लोग तेजी से गंभीर हृदय रोगों के शिकार होते जा रहे हैं, विशेषज्ञों ने इसको लेकर चिंता जताई है। किसी भी इंसान के बीमार रहने का सबसे बड़ा कारण उसकी अपनी आदतें हैं। कई बार खराब जीवनशैली, अनियमित खानपान, अधिक तेल-मसालेदार चीजों का सेवन, एक्सरसाइज ना करना, दिनभर बैठे रहना, शारीरिक रूप से एक्टिव ना रहना, मोटापा, अधिक स्मोकिंग, एल्कोहल का सेवन, तनाव, एंग्जायटी जैसे कारक दिल को बीमार कर देते हैं। ऐसे में आज हम आपको जीवनशैली में लाने वाले उन बदलावों के बारे में बताने जा रहे हैं जो दिल को सेहतमंद बनाए रखने में मददगार साबित होंगे।

स्मोकिंग और शराब छोड़ना जरूरी

स्मोकिंग और शराब के सेवन से ब्लड प्रेशर बढ़ता है और ट्राइग्लिसराइड का लेवल भी बढ़ता है। इससे तनाव बढ़ता है और तनाव बढ़ने पर हृदय पर दबाव पड़ता है। इसलिए शराब का सेवन न करें। वहीं तनाव को कम करने के लिए योगा और मेडिटेशन करना चाहिए। इससे न सिर्फ आपका हृदय स्वस्थ रहेगा, बल्कि शरीर भी शेप में रहेगा।

तय समय पर ब्रेकफास्ट, लंच और डिनर

आज के समय में लोगों के खाने का कोई एक समय नहीं रह गया है। अधिकतर लोग गलत समय पर खाते हैं जिसके कारण वे दिल को नुकसान पहुंचता हैं। आप खाने का एक समय बना लें और हर दिन उसका पालन करें। नाश्ता सुबह 8-9 बजे के बीच करें, लंच 1 बजे तथा डिनर 7:30 बजे तक कर लें।


एक्सरसाइज करना जरूरी

सीडेंटरी लाइफस्टाइल (फिजिक्ल एक्टिविटी न करना) की वजह से हृदय रोग का खतरा बढ़ जाता है। एक अध्ययन के अनुसार एक जगह पर दो घंटे से अधिक बैठने से हार्ट डिसीज, टाइप- 2 डायबिटीज और कैंसर का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए इनसे बचने के लिए रोजाना एक्सरसाइज जरूर करें।


पूरी नींद लें

कई रिसर्च अध्ययनों के अनुसार जो लोग 7 घंटों से कम नींद लेते हैं वह दिल से जुड़ी बीमारियों के शिकार हो जाते हैं। अच्छी और पर्याप्त नींद बढ़िया सेहत के लिए बहुत जरूरी है। शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए रोजाना पर्याप्त नींद लेने की आदत बनाना भी अति आवश्य है। नींद की कमी आपकी सेहत को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है। मस्तिष्क की सर्कैडियन रिदम को विनियमित करने के लिए पर्याप्त नींद महत्वपूर्ण है। अध्ययनों में पाया गया है कि जिन लोगों की रोजाना रात की नींद पूरी नहीं होती है उनमें गंभीर हृदय रोगों का खतरा अन्य लोगों की तुलना में अधिक हो सकता है।

ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रोल को कंट्रोल रखना जरूरी

हृदय को स्वस्थ रखने के लिए ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित रखना बहुत जरूरी है। हाइपरटेंशन और हाई कोलेस्ट्रॉल हृदय की बीमारी को बढ़ाने का काम करता है। इसकी वजह से हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। इसे कम करने के लिए आपको हेल्दी डाइट लेनी चाहिए और व्याया करना चाहिए।

पौष्टिक आहार का सेवन बहुत आवश्यक

हृदय रोगों के जोखिम को कम करने में आहार महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जंक और प्रोसेस्ड फूड के बजाय फलों, हरी पत्तेदार सब्जियों, दाल, प्रोटीन युक्त खाद्य और नट्स को आहार में नियमित रूप से शामिल किया जाना चाहिए। हृदय की बीमारियों के जोखिम से बचे रहने के लिए तैलीय भोजन, अधिक नमक वाली चीजों के सेवन से बचा जाए। उन चीजों से परहेज करने की सलाह दी जाती है जो कोलेस्ट्रॉल और रक्तचाप को बढ़ावा देती हैं। स्वस्थ आहार का पालन करके हृदय को स्वस्थ रखा जा सकता है।

परिवार के साथ वक्त गुजारें

दिन में एक घंटा परिवार को देना कितनी बड़ी बात है? मानसिक स्वास्थ्य पाने के लिए आप इतना तो कर ही सकते हैं। जब आप परिवार के साथ वक्त बिताते हैं तो आप उनसे अपने दिल की बातें साझा कर पाते हैं और उनकी बात भी समझ पाते हैं। इस एक प्रयास से न सिर्फ घर में खुशियां बढ़ती हैं बल्कि परिवार के किसी भी व्यक्ति को डिप्रेशन की समस्या भी नहीं होगी। इसलिए हर दिन एक घंटा अपने परिवार के पास बैठें। सप्ताह में एक दिन पारिवारिक आउटडोर एक्टिविटीज के लिए तय करें।

हेल्दी वजन बनाए रखें

बॉडी मास इंडेक्स से पता किया जा सकता है कि किसी का वजन बैलेंस्ड है, ओवरवेट है या अंडरवेट है। आपका वेट बैलेंस्ड है तो बहुत अच्छा है। इस दौरान अगर आप ओवरवेट हैं तो इसे कम करना चाहिए। अगर आप अंडरवेट हैं तब वजन बढ़ाना होगा। आप नियमित व्यायाम कर सकते हैं।


तनाव से बनाए दूरी


तनाव का सीधा असर दिल पर होता है। दरअसल तनाव लेने से शरीर में कई ऐसे हार्मोन्स रिलीज होते है्ं, जो हार्ट को नुकसान पहंचाते हैं। इसके अलावा तनाव से आपका ब्लड प्रेशर भी बढ़ जाता है, जो हार्ट के लिए नुकसानदायक होता है। बहुत अधिक तनाव लेने से हार्ट अटैक की संभावना बढ़ जाती है। तनाव रहने से आपका मन किसी काम में नहीं लगता है। इस से बचने के लिए समस्या का समाधान निकालें और परिवार या दोस्तों से अवश्य बात करें। इसके अलावा मेडिटेशन करना भी तनाव कम करने का बेहद आसान उपाय है।