सोहा अली खान का सुबह का हेल्दी रुटीन, तीन महीने से पी रही हैं सफेद कद्दू का जूस और खा रही हैं कच्चा लहसुन

बॉलीवुड अभिनेत्री सोहा अली खान अपनी फिटनेस और संतुलित जीवनशैली के लिए जानी जाती हैं। वह समय-समय पर अपने फैंस के साथ हेल्थ टिप्स और रूटीन शेयर करती रहती हैं। हाल ही में उन्होंने अपनी सुबह की एक खास आदत का खुलासा किया है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा है।

सुबह-सुबह कच्चा लहसुन खाना बन गया आदत

सोहा ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए फैंस से सवाल किया कि क्या वे अंदाजा लगा सकते हैं कि वह खाली पेट सबसे पहले क्या खाती हैं — भीगे हुए बादाम या लहसुन? इसके साथ ही उन्होंने एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें वह कच्चा लहसुन चबाते हुए दिखाई दे रही हैं। इस क्लिप को देखकर फैंस हैरान भी हुए और प्रेरित भी।

सफेद कद्दू के जूस से होती है दिन की शुरुआत

कुछ दिनों पहले, ‘रंग दे बसंती’ फेम इस एक्ट्रेस ने बताया था कि वह पिछले तीन महीनों से लगातार सफेद कद्दू (ash gourd) का जूस सुबह खाली पेट पी रही हैं। यह जूस शरीर को डिटॉक्स करने में सहायक माना जाता है और पेट की समस्याओं से राहत देता है।

सोहा ने जूस बनाते हुए एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें उनकी सुबह की हेल्दी शुरुआत को देखा जा सकता है। उन्होंने इस वीडियो के साथ लिखा, “सेल्फ-लव जरूरी है — मैं हर सुबह अपने दिन की शुरुआत सफेद कद्दू के जूस से करती हूं।”

रसोई में नजर आईं पर खाना बनाने की शौकीन नहीं

इंस्टाग्राम पर हाल ही में उन्होंने रसोई में बिताए पलों की कुछ अनदेखी तस्वीरें भी शेयर कीं। हालांकि, उन्होंने साफ कर दिया है कि खाना बनाना उनका शौक नहीं है। आईएएनएस को दिए एक इंटरव्यू में सोहा ने बताया कि खाना बनाने की जिम्मेदारी उनके पति कुणाल खेमू निभाते हैं। उन्होंने यह भी मजाक में कहा कि सोशल मीडिया पर जो तस्वीरें दिखाई देती हैं, उनमें वह सिर्फ खाना बनाने का अभिनय कर रही होती हैं।