क्या आपने कभी ऐसा महसूस किया है कि रात में नींद खुलते ही हाथ पूरी तरह सुन्न हो गया है, जैसे उसमें कोई संवेदना ही नहीं है? यह कोई दुर्लभ समस्या नहीं है। रिसर्च के अनुसार, लगभग एक-तिहाई वयस्क हफ्ते में कम से कम एक बार सोते समय हाथ, कलाई या बांह में सुन्नपन और झनझनाहट का अनुभव करते हैं। मेडिकल भाषा में इसे नॉक्टर्नल पैरास्थीसिया कहा जाता है। ज्यादातर मामलों में यह गंभीर नहीं होती, लेकिन यदि यह बार-बार हो या उठने के बाद भी लंबे समय तक बनी रहे, तो डॉक्टर से सलाह लेना ज़रूरी हो सकता है।
क्यों होती है सोते समय हाथ सुन्न होने की समस्या?स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, सोते समय हाथ सुन्न होने का सबसे आम कारण नसों पर दबाव पड़ना है। जब नसें दब जाती हैं या ब्लड फ्लो कुछ समय के लिए कम हो जाता है, तो हाथ में झनझनाहट या पिन्स एंड नीडल्स जैसा अहसास होने लगता है। यह शरीर का संकेत है कि किसी हिस्से पर दबाव है और उसे सही स्थिति में लाने की जरूरत है।
गलत सोने की पोजीशन भी है जिम्मेदारकई बार नींद में हाथ सुन्न होने का कारण गलत पोजीशन होती है। उदाहरण के लिए:
- कलाई को मोड़कर सोना
- हाथ को सिर के नीचे रखना
- बांह के बल सिर टिकाकर सोना
- शरीर का वजन हाथ पर आ जाना
- इसके अलावा, तकिए की गलत ऊंचाई या गर्दन और रीढ़ की असमान स्थिति भी ब्लड फ्लो प्रभावित कर सकती है। इससे हाथ सुन्न महसूस होने लगता है।
और कौन-से कारण हो सकते हैं?कभी-कभी हाथों का सुन्न होना नसों की अन्य समस्याओं का संकेत भी हो सकता है, जैसे:
- पेरिफेरल न्यूरोपैथी: नसें सही तरीके से काम नहीं करतीं, जिससे हाथ-पैर सुन्न या जलन महसूस होते हैं।
- डायबिटीज, विटामिन की कमी, इंफेक्शन, कुछ दवाओं के साइड इफेक्ट या अत्यधिक शराब का सेवन।
हाथ सुन्न होने पर तुरंत क्या करें?-
पोजीशन बदलें: हाथ और शरीर को हल्का हिलाएं।
-
उंगलियों को स्ट्रेच करें: धीरे-धीरे उंगलियों को स्ट्रेच करने से ब्लड फ्लो बढ़ता है।
- हल्की मालिश करें या हाथों को गुनगुने पानी में रखें , इससे ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और झनझनाहट कम होती है।
हालांकि, यदि यह समस्या बार-बार हो रही हो, दर्द या कमजोरी महसूस हो रही हो, तो डॉक्टर से जांच करवाना आवश्यक है।
सोते समय हाथ सुन्न होना आम है, लेकिन सही पोजीशन और हल्की स्ट्रेचिंग से इसे तुरंत ठीक किया जा सकता है। अपने नींद के दौरान हाथ और कलाई की स्थिति पर ध्यान देकर आप इस परेशानी से बच सकते हैं।