क्या आपको भी दिखाई दे रहे हैं ये 5 लक्षण, नजरअंदाज करने से अच्छा डायबिटीज की कराएं जांच

वर्तमान समय की जीवनशैली और खानपान ऐसा हो गया हैं कि व्यक्ति को आए दिन कई शारीरिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता हैं। कुछ सामान्य बीमारियां तो ऐसी हैं जिससे एक बड़ी आबादी पीड़ित हैं। इन्हीं बीमारियों में से एक हैं डायबिटीज जिससे दुनिया में 42 करोड़ से भी अधिक लोग प्रभावित हैं। डायबिटीज में ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित रखने की आवश्यकता होती हैं। इसके अनियंत्रित होने पर यह जानलेवा भी साबित हो सकता हैं। इसलिए जरूरी हैं कि समय रहते इस बीमारी का पता लग जाए। आज इस कड़ी में हम आपके लिए डायबिटीज के संकेतों की जानकारी लेकर आए हैं जिन्हें नजरअंदाज करना आपकी बड़ी गलती साबित हो सकती हैं।

बहुत ज्यादा और बार-बार प्यास लगना

अगर आपको बहुत ज्यादा प्यास लगती है और बार-बार लगती है और उसके बाद लगातार बाथरूम जाना पड़ रहा है तो आपको डॉक्टर से जरूर संपर्क करना चाहिए, क्योंकि यह टाइप-2 डायबिटीज का लक्षण हो सकता है।

पैरों में सूई या पिन गड़ने जैसी झनझनाहट महसूस होना

कई लोगों को ऐसा महसूस होता है कि जैसे वो रूई के फाहों पर चल रहे हैं या फिर नुकीले पत्थरों पर चल रहे हैं। अगर आपके साथ भी ऐसी दिक्कत होती है तो आपको तुरंत डॉक्टर से जांच करानी चाहिए। यह डायबिटीज का लक्षण हो सकता है।

अचानक वजन कम होना

अगर आप अच्छे से खाना-पीना सब कर रहे हैं, लेकिन फिर भी आपका वजन अचानक कम होते जा रहा है तो संभल जाएं, क्योंकि यह डायबिटीज का लक्षण हो सकता है। ऐसे में आपको डॉक्टर से जरूर संपर्क करना चाहिए।

धुंधला दिखना

डायबिटीज के कारण इंसान की आंखें भी खराब हो सकती हैं। अगर आपको भी आंखों के सामने काले रंग के धब्बे तैरते नजर आने लगें या फिर धुंधला दिखने लगे तो हो सकता है कि आपको डायबिटीज हो। ऐसे में आपको डॉक्टर से जांच कराने की जरूरत है।

घाव ठीक न होना या देर से ठीक होना

अगर आपके शरीर में कहीं घाव है और वो जल्दी ठीक नहीं हो रहा है तो ऐसा खून में शुगर लेवल बढ़ने की वजह से हो सकता है। टाइप-2 डायबिटीज के मरीजों में यह समस्या काफी ज्यादा होती है। ऐसे में आपको डॉक्टर से जरूर दिखाना चाहिए।