Summer Special : चिलचिलाती गर्मी में जरूर रखें इन चीजो का ध्यान, रहेंगे स्वस्थ

गर्मियों के इस मौसम में तापमान का उतार-चढ़ाव बहुत देखने को मिलता हैं जिसका असर उमस भरी गर्मी के रूप में दिखाई देता हैं। गर्मियों के इन दिनों में अपने खानपान और सेहत को लेकर बहुत सतर्क रहने की जरूरत होती हैं अन्यथा शरीर में कमजोरी आने लगती हैं। गर्मियों की वजह से डिहाइड्रेशन, सिर दर्द, बदन दर्द, आलस, जी मिचलाना आदि समस्याएं उत्पन्न होने लगती हैं। इससे बचने के लिए खुद को स्वस्थ रखने की जरूरत होती हैं। तो आइये जानते हैं गर्मियों के किन बातों का ध्यान रख खुद को स्वस्थ रखा जाए।

पानी पीएं

जैसे कि सभी जानते ही हैं हमारा शरीर के 70% भाग में पानी है। ऐसे में इसकी कमी से डिहाइड्रेशन की समस्या होती है। खासतौर पर गर्मियों के दिनों में धूप और पसीने की वजह से पानी की कमी हो जाती हैं। इसके कारण सिरदर्द, चक्कर आना, उल्टी आना, जी मितलाना आदि परेशानियां होती है। इसलिए शरीर को फिट एंड फाइन रखने के लिए रोजाना 8-10 गिलास पानी जरूर पीएं।

योगा और व्यायाम

मौसम चाहें कोई भी हो खुद को सेहतमंद रखने के लिए रोजाना योगा और एक्सरसाइज करनी चाहिए। गर्मियों के मौसम में व्यायाम करना ज्यादा फायदेमंद होता है। इससे शरीर में पसीने के रूप में विषैले पदार्थ बाहर निकलते हैं। इसके लिए सुबह के समय टहलना और दौड़ लगाना बेस्ट ऑप्शन है। इसके अलावा कुछ देर योगा भी करें।

हरी सब्जियां

इस मौसम में हल्का और कम तेल वाला भोजन करना चाहिए। खाने में ऐसी चीजों को शामिल करना चाहिए जो खाने में जल्दी पच जाए। इसलिए तला-भुना, मसालेदार भोजन खाने से बचें। अपनी डेली डाइट में भिंडी, शिमला मिर्च, कुंदरू, परवल, लौकी आदि सब्जियों को शामिल करें। रोजाना सलाद के रूप में चुकंदर, प्याज, खीरा, ककड़ी जैसी सब्जियों का सेवन करें। इसके अलावा लू से बचने के लिए जलजीरा, नींबू पानी, दही, मट्ठा, आम का पन्ना आदि पीते रहें।

मौसमी फल

मौसमी फलों को खाना शरीर के लिए बेहद फायदेमंद होता है। इससे शरीर को सभी पोषक तत्व मिलते हैं। ऐसे में इस तेज गर्मी में तरबूज, खरबूजा, अंगूर, आलूबुखारा आदि फलों का जरूर सेवन करें। इससे शरीर को पोषण मिलने के साथ डिहाइड्रेशन की समस्या दूर होगी। पेट स्वस्थ रहने से पाचन शक्ति मजबूत होगी। आप इन फलों का फ्रूट चाट या जूस बनाकर सेवन कर सकते हैं।