अपने आहार में शामिल करें ये 5 सुपरफूड, शरीर में नहीं होगी खून की कमी

अक्सर देखा जाता हैं कि कई लोग चक्कर आना और चलते-फिरते सांस फूलना, कमजोरी महसूस होना, सिर दर्द जैसी समस्याओं की शिकायत करते हैं और उन्हें इनका कारण भी पता नहीं चल पाता हैं। दरअसल, शरीर में खून की कमी की वजह से ये परेशानियां होती हैं जो कि वर्तमान जीवनशैली में शरीर को उचित पोषण ना मिल पाने के कारण होता हैं। इसलिए आज हम आपके लिए कुछ ऐसे आहार लेकर आए हैं जिनके सेवन से शरीर में खून की कमी नहीं होगी। तो आइये जानते हैं इन सुपरफूड के बारे में।

सोयाबीन और गोभी की पत्तियां

सोयाबीन और गोभी के पत्ते भी खून की कमी पूरा करने में मददगार हैं। आपको बाजार में भुनी हुई सोयाबीन आसानी से मिल जाती है। छोटी-छोटी भूख लगने पर आप सोयाबीन का सेवन करें। इससे एक तो आपका पेट भरेगा साथ ही महिलाओं में खून की कमी नहीं होगी।

गाजर और चुकंदर

गाजर और चुकंदर का जूस आयरन से भरपूर होता है। रोज चुकंदर का ताजा जूस पीने से शरीर में आयरन की कमी को रोका जा सकता है। इसे पीने के लिए सुबह का वक्त सबसे बढ़िया होता है।

अंडे

एंटी-ऑक्सिडेंट, प्रोटीन और आयरन से भरपूर अंडे शरीर में खून की कमी पूरा करते हैं। शरीर में खून कम होने से अन्य जरुरी तत्व जैसे कुछ खास विटामिन्स और मिनरल्स का लेवल भी कम होने लगता है। ऐसे में अंडे का सेवन आपके लिए बहुत तरीके से फायदेमंद सिद्ध होता है।

अनार

फलों में अनार का सेवन खून की कमी दूर करने में मददगार सिद्ध होता है। शरीर में खून की कमी के चलते सिर दर्द, उदासी, सुस्ती और थकावट जैसी परेशानियां होने पर अनार का सेवन कई लाभ प्रदान करता है। आप चाहें तो अनार का जूस भी पी सकते हैं। मगर इसे खाना जूस पीने से अधिक फायदेमंद है।

साग

आयरन, विटामिन-ए और डी से भरपूर साग भी शरीर में खून की कमी पूरी करता है। खून की कमी दूर करने के अलावा साग आपको कब्ज, एसिडिटी और पेट में गैस संबंधित परेशानियों से भी दूर रखता है।