क्या आपके भी एक्सरसाइज के बाद रहता हैं जोड़ों में है दर्द? मांसपेशियों को राहत पहुचाएंगे ये 5 टिप्स

अपनी सेहत के प्रति फिक्रमंद रहते हुए लोग आजकल एक्सरसाइज करना पसंद करते हैं और पसीना बहते हैं। लेकिन देखा गया हैं कि कई लोगों को शिकायत रहते हैं कि एक्सरसाइज के बाद उनके जोड़ों और शरीर में लंबे समय तक दर्द बना रहता हैं जो कि मांसपेशियों में खिंचाव के चलते होता हैं। इसी के साथ ही कई बार मांसपेशियों में सूजन भी आ जाती है। ऐसे में आज हम आपको कुछ टिप्स बताने जा रहे हैं जिनपर ध्यान देकर मांसपेशियों को राहत पहुंचाई जा सकती हैं। तो आइये जानते हैं इन टिप्स के बारे में।

गुनगुने पानी से नहाएं

मांसपेशियों में होने वाले दर्द और सूजन को कम करने के लिए गुनगुने पानी से सिंकाई करना फायदेमंद होता है। अब जब दर्द पूरे शरीर में हो, तो आप पूरे शरीर की सिंकाई नहीं कर सकते हैं। इसलिए गुनगुने पानी से नहाना एक अच्छा विकल्प हो सकता है। गुनगुना पानी आपके मसल्स को रिलैक्स कर देगा, जिससे आपको दर्द में काफी आराम मिलेगा। पानी की गर्माहट से आपकी मसल्स में आया हुआ तनाव कम हो जाता है और मसल्स लूज हो जाती हैं।

मसाज है दर्द कम करने का अच्छा तरीका

ज्यादा एक्सरसाइज करने से मसल्स में तनाव आ जाता है, जिसके कारण आपको शरीर के अंगों को मोड़ने, बैठने और चलने-फिरने में दर्द का अनुभव होता है। ऐसी मसल्स को तनाव-मुक्त करने का सबसे अच्छा तरीका है मसाज। मसाज करने से वो मसल्स भी रिलैक्स हो जाती हैं, जो बहुत ज्यादा स्ट्रेस में होती हैं। आप चाहें तो मसाज के समय किसी दर्द निवारक तेल का इस्तेमाल भी कर सकते हैं या ऐसे ही मसाज कर सकते हैं। हल्के हाथों से डीप टिशू मसाज करने से आपको बहुत ज्यादा आराम मिलेगा।

चीनी का सेवन बंद कर दें

चीनी का सेवन बंद करने की बात पढ़कर आपको हैरानी हुई? दरअसल रिफाइंड शुगर के सेवन से शरीर में इंफ्लेमेशन (अंदरूनी सूजन) बढ़ता है। इसलिए जो लोग दौड़ते हैं, खिलाड़ी हैं या मसल्स बनाने के लिए रेगुलर एक्सरसाइज करते हैं, उन्हें चीनी (रिफाइंड शुगर) कम खानी चाहिए। इसके बजाय दूसरी मीठी चीजें जैसे- शहद, गुड़, फल, ड्राई फ्रूट्स आदि का सेवन करना चाहिए। अगर आपके शरीर में एक्सरसाइज के दर्द या सूजन की समस्या है, तो अगले 2-3 दिनों तक आपको सफेद चीनी का प्रयोग नहीं करना चाहिए या कम से कम करना चाहिए।

ओमेगा-3 फैटी एसिड वाले फूड्स खाएं

ओमेगा-3 फैटी एसिड में एंटी-इंफ्लेमेट्री गुण होते हैं। इसलिए दर्द और सूजन के दौरान इनका सेवन करना आपके लिए बहुत फायदेमंद हो सकता है। ओमेगा-3 एसिड सेहत के लिए ढेर सारे लाभों से भरपूर होता है, इसलिए एक्सरसाइज करने वालों के लिए इसे खाना कई तरह से फायदेमंद है। ओमेगा-3 के लिए आप अखरोट, अलसी के बीज (Flax Seeds), सूरजमुखी के बीज (Sunflower Seeds), सोयाबीन (Soya Beans), राजमा (Kidney Beans) और मछलियां आदि खा सकते हैं।

पानी खूब पिएं

एक्सरसाइज के बाद होने वाले दर्द और सूजन से राहत दिलाने के लिए आपको किसी तरह की दवा लेने की जरूरत नहीं है क्योंकि 2-3 दिन में बॉडी अपने आप ही रिकवर कर लेती है। लेकिन इस बीच आपको पानी खूब पीना चाहिए और तरल चीजों का ज्यादा सेवन करना चाहिए। पानी की कमी से भी मांसपेशियों में दर्द और सूजन की समस्या बढ़ती है।