ICW 2017 : श्यामल, भूमिका के लिए अथिया ने किया रैंप वॉक

बॉलीवुड अभिनेत्री अथिया शेट्टी ने इंडिया कॉत्यूर वीक ICW 2017 में यहां बुधवार को बेहद खूबसूरत और भड़कीले परिधान में श्यामल व भूमिका के शो के लिए रैंप वॉक किया। वह किसी राजकुमारी से कम नहीं लग रही थीं। दोनों डिजाइनरों ने अपना परिधान संग्रह 'द प्रिंसेसिज सॉयरी' पेश किया।

अथिया ने बताया, "मैं हमेशा से श्यामल व भूमिका की प्रशंसक और भारतीय कला से प्रेरित परिधानों की मुरीद रही हूं। श्यामल और भूमिका ने समृद्ध भारतीय विरासत और प्राचीन संस्कृति से प्रेरणा लेते हुए आधुनिकता के समावेश के साथ प्रासंगिक परिधान संग्रह तैयार किया है।"

अभिनेत्री ने कहा कि परिधान के रंग और डिजाइन बेहद खूबसूरत हैं और शोस्टॉपर बनकर वह खुश हैं और सम्मानित महसूस कर रही हैं। 'द प्रिंसेसज सॉयरी' उनके पिछले ब्राइडल कलेक्शन 'द मर्चेन्ट प्रिंसेस' की तरह ही बेहद खूबसूरत है। वहीं, भूमिका ने बताया कि 'द प्रिंसेसज सॉयरी' उनके अपने परिवार के 1800 वीं सदी के अंतिम दशक की पैतृक कहानियों से प्रेरित है।